world-news

भारतीय सीमा में घुसकर दीपांकर को उठा ले गए बांग्लादेशी, रिहाई की कोशिशों में जुटी BSF

August 10, 2026

भारतीय सीमा में घुसकर दीपांकर को उठा ले गए बांग्लादेशी, रिहाई की कोशिशों में जुटी BSF

भारतीय किसान दीपांकर को उठा ले गए बांग्लादेश से घुसे 10-15 लोग

भारत और बांग्लादेश के बीच एक बार फिर तनाव की स्थिति बनती दिख रही है. दोनों देशों की सीमा से सटे पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से एक भारतीय नागरिक दीपांकर गोप को बांग्लादेशी लोगों ने अगवा कर लिया. अगवा किए जाने की घटना के बाद दोनों ओर तनाव बढ़ गया है. बताया जा रहा है कि अगवा किया गया भारतीय एक चाय किसान है और उसे बांग्लादेश पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. पुलिस अब उसके खिलाफ केस दर्ज करने की योजना बना रही है.

दीपांकर गोप की सुरक्षित रिहाई की कोशिशें तेज कर दी गई हैं. भारतीय सीमा में घुसकर दीपांकर को उठा ले जाने की घटना के बाद सीमा सुरक्षा बल (BSF) बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के साथ लगातार संपर्क में हैं और उसकी सुरक्षित रिहाई के लिए बातचीत कर रही है.

बांग्लादेश में दीपांकर के खिलाफ केस की प्रक्रिया

इससे पहले बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) ने 35 साल के किसान दीपांकर को पंचगढ़ पुलिस स्टेशन को सौंप दिया. पंचगढ़ पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर (जांच) आशीष कुमार शील ने बांग्लादेशी अखबार ‘द डेली स्टार’ को बताया, “उस पर केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. केस दर्ज होने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा और कोर्ट के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.”

यह घटना तब हुई जब स्थानीय लोगों ने दीपांकर गोप को बिराजोत बॉर्डर (Birajot border) के पास बॉर्डर पिलर 742/12 के पास गन्ने के खेत में हिरासत में लिया. उनका दावा था कि वह पश्चिम बंगाल से बांग्लादेश में घुस आया था. हालांकि, भारतीय रिपोर्टों में यह दावा किया गया था कि दीपांकर बांग्लादेश में नहीं घुसा था, बल्कि बदला लेने के मकसद से बांग्लादेश के करीब 15 लोगों ने उसे अगवा कर लिया था.

चाय के बागान से किसान को जबरन उठा ले गए

खबरों के मुताबिक, अपहरण की यह घटना शनिवार सुबह हुई, जब वह पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के कुकुरजन इलाके में अपने चाय के खेत में अकेले ही कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहा था. यह इलाका बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) की चौलहाटी चौकी के अधिकार क्षेत्र में आता है.

दावा किया जा रहा है कि कम से कम 15 बांग्लादेशी लोग अचानक से भारतीय सीमा में घुस आए और जो उसके खेत से महज 140 मीटर दूर थी और उसे जबरन अपने साथ उठाकर ले गए. अपहरण की घटना के बाद, सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान मौके पर पहुंचे और गोप को छुड़ाने की कोशिशें शुरू कर दीं.

BGB अधिकारियों के साथ BSF की फ्लैग मीटिंग

उन्होंने BGB अधिकारियों के साथ फ्लैग मीटिंग भी की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला. इस बीच, गोप का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उसे उठाकर ले जाने वाले स्थानीय बांग्लादेशी लोग कह रहे हैं कि उसे तभी छोड़ा जाएगा जब तमीज उद्दीन को रिहा किया जाएगा.

तमीज बांग्लादेश का एक नागरिक है, जिसे BSF ने इस हफ्ते की शुरुआत में चौलहाटी बॉर्डर पर कंटीले तार काटकर बांग्लादेश से भारत में घुसने की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया था. हालांकि, बांग्लादेश के स्थानीय लोगों का दावा है कि तमीज बुजुर्ग नागरिक हैं और हिरासत में लिए जाने के समय सिर्फ अपनी खोई हुई गाय को ढूंढ रहे थे.

दीपांकर को उठाए जाने की घटना ने बॉर्डर के पास रहने वाले लोगों में चिंता पैदा कर दी है, और BSF उसकी सुरक्षित रिहाई के लिए BGB के लगातार संपर्क में है. मामले के दोनों पक्षों की बारीकियों की भी जांच की जा रही है.

रविशंकर दत्ता

रविशंकर दत्ता

रविशंकर दत्ता पश्चिम बंगाल से रिपोर्टिंग करते हैं. फिलहाल, टीवी9 भारतवर्ष में बतौर ब्यूरो हेड ईस्ट जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

Read More

google button