भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने की तैयारी में है। इसमें Gen Z और युवाओं तक पहुंच बनाने के लिए रील्स और इन्फ्लुएंसर्स का इस्तेमाल होगा। हर शक्ति केंद्र को 10 रील बनाने का लक्ष्य दिया गया है।
Gen Z तक पहुंचेगी भाजपा की ‘बदले भारत’ की तस्वीर
- Published: 03 Sep 2026, 09:59 AM IST
- Last Updated: 03 Sep 2026, 09:59 AM IST
भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन और सरकार की योजनाओं से हुए बदलाव को युवाओं तक पहुंचाने के लिए नया डिजिटल कैंपेन शुरू करने जा रही है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ में सोशल मीडिया, रील्स और इन्फ्लुएंसर्स के जरिए खासतौर पर Gen Z तक पहुंच बनाने की तैयारी है। अभियान में सेवा, सुशासन, जनकल्याण और विकसित भारत 2047 के संकल्प को प्रमुखता दी जाएगी।
हर शक्ति केंद्र को 10 रील बनाने का टारगेट
अभियान में हर शक्ति केंद्र को कम से कम 10 रील बनाने का लक्ष्य दिया गया है। कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क कर उनकी वास्तविक कहानी रिकॉर्ड करेंगे। रील में लाभार्थी का नाम, स्थान, जिला, योजना और उससे जीवन में आए बदलाव की जानकारी शामिल की जाएगी।
इंस्टाग्राम और यूट्यूब के लिए करीब 60 सेकंड तक की रील तैयार करने की योजना है। इनमें एक समान हैशटैग, फ्रेम और अभियान की पहचान का इस्तेमाल किया जाएगा। लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को डिजिटल माध्यम से बड़े स्तर पर पहुंचाने पर जोर रहेगा।
इन्फ्लुएंसर्स दिखाएंगे ‘बदला हुआ भारत’
भाजपा इन्फ्लुएंसर्स और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को उन स्थानों पर ले जाने की योजना बना रही है, जहां सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों से बदलाव दिखाई देता है। क्रिएटर मौके पर जाकर स्थानीय लोगों से बातचीत करेंगे और अपने अनुभव के आधार पर वीडियो बनाएंगे।
इसके लिए ऐसे स्थान चुने जाएंगे, जहां लोगों की सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर या अवसरों में स्पष्ट बदलाव नजर आता हो। सामान्य सरकारी भवन या केवल औपचारिक कार्यक्रम स्थल को प्राथमिकता नहीं दी जाएगी।
25 लाख लोगों की कहानियां सामने लाने का प्रस्ताव
‘कहानी बदलाव की’ अभियान के तहत सरकारी योजनाओं से लाभ पाने वाले नागरिकों की करीब 25 लाख कहानियां सामने लाने का प्रस्ताव है। इनमें से करीब 25 हजार कहानियां शॉर्टलिस्ट की जाएंगी और लगभग 250 प्रभावशाली कहानियों को प्रोफेशनल तरीके से तैयार किया जाएगा।
25 मिनट सेवा, डिजिटल सर्टिफिकेट भी
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों को 25 सेवा गतिविधियों में से किसी एक को चुनकर कम से कम 25 मिनट सेवा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। सेवा घर, मोहल्ले, गांव, स्कूल या सार्वजनिक स्थान पर की जा सकेगी। गतिविधि का पहले और बाद का वीडियो बनाकर My Bharat Portal पर अपलोड करने की व्यवस्था होगी, जिसके बाद डिजिटल सर्टिफिकेट मिलेगा।
17 सितंबर को हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी। कार्यकर्ता लाभार्थियों के घर जाकर दीप जलाने के लिए प्रेरित करेंगे। इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर #आशीर्वाद_का_दीया के साथ साझा किए जाएंगे। अभियान के दौरान स्कूलों में ड्रॉइंग और भाषण प्रतियोगिताएं, ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाटक, ‘आंगन का उत्सव’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा सेतु’ और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज जैसे कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवा महाकुंभ’ के साथ प्रस्तावित है, जिसमें करीब 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के जुटने की योजना बताई गई है।