world-news

इलेक्शन गया तो पहचानते नहीं! BJP की 65 मेंबर वाली कोर टीम में सिर्फ 3 बिहारी, न कोई महासचिव, ना कोई उपाध्यक्ष

August 17, 2026

Time Updated: Monday, August 17, 2026, 19:09 [IST]

Nitin Nabin New Team Bihar Members: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने 17 अगस्त 2026 को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। कुल 65 पदाधिकारियों वाली इस टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महासचिव और 16 राष्ट्रीय सचिव बनाए गए हैं। इसके अलावा संगठन से जुड़े दूसरे पदों पर भी नेताओं को जिम्मेदारी मिली है। टीम में पुराने अनुभवी चेहरों के साथ नए नेताओं को भी जगह दी गई है।

महिलाओं और अलग-अलग सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश भी नजर आती है। लेकिन नई टीम के ऐलान के साथ बिहार को लेकर एक सवाल चर्चा में है। इस टीम में बिहार से केवल तीन नेताओं को जगह मिली है। खास बात यह है कि इनमें से किसी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष या महासचिव जैसा बड़ा पद नहीं मिला है।

Nitin Nabin New Team Bihar Members

बिहार से सिर्फ तीन नाम

बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में बिहार से तीन नेताओं को जगह मिली है। यह संख्या इसलिए चर्चा में है क्योंकि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन खुद बिहार से आते हैं और राज्य की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे हैं। बिहार से सिद्धार्थ शंभू को राष्ट्रीय सचिव, ऋतुराज सिन्हा को ऑल सेल्स जॉइंट को-ऑर्डिनेटर और शिवेश कुमार राम को एससी मोर्चा अध्यक्ष बनाया गया है। बिहार में बीजेपी का संगठन मजबूत माना जाता है। ऐसे में राष्ट्रीय टीम में राज्य की सीमित हिस्सेदारी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

ये भी पढ़ें: कौन हैं तारिक मंसूर? नितिन नबीन की 13 सदस्यों वाली टीम में एकमात्र मुस्लिम चेहरा, BJP में मिली बड़ी जिम्मेदारी

नितिन नबीन की टीम में बड़े नाम

नई टीम में कई चर्चित और अनुभवी नेताओं को अहम जिम्मेदारी दी गई है। वसुंधरा राजे, राम माधव और डी. पुरंदेश्वरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी मिली है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। टीम में महिलाओं को भी अच्छी जगह दी गई है। रिपोर्टों के अनुसार, कुल 12 महिला पदाधिकारी नई टीम का हिस्सा हैं, जिनमें छह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शामिल हैं।

नई टीम का गठन ऐसे समय हुआ है जब बीजेपी आने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी है। खासकर 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के विधानसभा चुनाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण हैं। स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दिए जाने को भी उत्तर प्रदेश और संगठन की आगामी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। नई टीम में पुराने नेताओं और नए चेहरों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश दिखाई देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई टीम के गठन के बाद सभी पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने टीम में संगठन का अनुभव, नई ऊर्जा और जमीन से जुड़ाव होने की बात कही।

बिहार को लेकर क्यों उठे सवाल?

नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद बिहार से राष्ट्रीय संगठन में ज्यादा प्रतिनिधित्व की उम्मीद लगाए जाने की चर्चा थी। ऐसे में तीन नेताओं को ही जगह मिलने से यह सवाल उठ रहा है कि क्या बीजेपी की नई राष्ट्रीय रणनीति में बिहार की प्राथमिकता पहले जैसी नहीं रही? बिहार में हालिया चुनावी प्रदर्शन के बाद राष्ट्रीय टीम में राज्य की हिस्सेदारी को लेकर सवाल और ज्यादा चर्चा में है। चुनाव के दौरान बिहार बीजेपी के लिए अहम राज्य रहा, लेकिन नई 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम में राज्य से सिर्फ तीन नेताओं को जगह मिली है। इनमें भी किसी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष या महासचिव का पद नहीं दिया गया। यही वजह है कि राजनीतिक हलकों में यह सवाल उठ रहा है कि चुनाव के समय बिहार की अहमियत और चुनाव के बाद राष्ट्रीय संगठन में मिली जगह के बीच इतना अंतर क्यों दिखाई दे रहा है।

ये भी पढ़ें: Shehzad Poonawalla Future Plan: BJP छोड़ने के बाद क्या करेंगे शहजाद पूनावाला? खुद बताया फ्यूचर प्लान