world-news

Bihar News: 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने तैयारियों की समीक्षा की

September 11, 2026

बिहार सेवा संकल्प अभियान 2026 को तैयार करने के लिए मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के नेतृत्व में एक उच्च-स्तरीय समीक्षा आयोजित करता है, जिसमें 13 विभागीय घटक शामिल हैं। योजना में प्रकाश कार्यक्रमों, स्कूली प्रतियोगिताओं, थिएटर आउटरीच और जिलों में नागरिक-केंद्रित कार्यक्रमों की एक श्रृंखला के साथ एक सार्वजनिक लॉन्च शामिल है, जिसका लक्ष्य मार्च 2027 तक मापने योग्य प्रभाव डालना है।

By Oneindia Staff

Time Published: Friday, September 11, 2026, 17:31 [IST]

बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव एवं सचिव मौजूद रहे, जबकि सभी जिलों के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। मुख्य सचिव ने अभियान के सभी 13 प्रमुख घटकों की विभागवार समीक्षा की और अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए।

Bihar gears up for Seva Sankalp 2026

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत राज्य के प्रत्येक घर और हर जिले के कम से कम 10 प्रमुख एवं प्रतीकात्मक सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्वलन कराया जाएगा। लाभार्थियों तक दीये पहुंचाने की व्यवस्था जीविका, नगर निकायों और जन वितरण प्रणाली के माध्यम से की जाएगी। वहीं, 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सभी सरकारी और निजी स्कूलों में ‘सेवा चित्र’ के तहत ‘विकसित भारत संकल्प’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस दौरान अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) भी आयोजित होगी।

नुक्कड़ नाटकों के जरिए योजनाओं की जानकारी

जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम के तहत पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों और योजनाओं पर आधारित 18 से 20 नाट्य टोलियां गठित की जाएंगी। ये टोलियां स्कूलों, कॉलेजों और पंचायतों में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करेंगी। 2 अक्टूबर को विशेष मंचन भी किया जाएगा। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के तहत सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय आयोजन होगा। इसमें आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, लाभार्थी माताओं से संवाद, बच्चों की मनोरंजक गतिविधियां और पोषण एवं स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

‘कहानी बदलाव की’ में सामने आएंगी बदलाव की वास्तविक कहानियां

सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को सामने लाने के लिए ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के तहत वास्तविक रील्स और लघु वीडियो का संकलन किया जाएगा। इनके आधार पर जिला और राज्य स्तर पर डिजिटल डेटा-बैंक तैयार किया जाएगा। वहीं, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से राज्य और जिलों में पदयात्रा, साइकिल एवं बाइक रैलियां निकाली जाएंगी। इनमें ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवक शामिल होंगे। कार्यक्रम के समापन पर ‘विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।

‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ का बिहार में होगा स्वागत

राष्ट्रव्यापी ‘वडनगर से वाराणसी (जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा)’ के बिहार से गुजरने के दौरान पड़ाव स्थलों पर स्वागत, सुरक्षा, ठहरने और स्थानीय लाभार्थियों से संवाद की व्यवस्था की जाएगी। जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत तालाबों और छठ घाटों की सफाई, वृक्षारोपण तथा स्वच्छता से जुड़ी 25 गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के कम से कम दो स्थलों पर प्रत्यक्ष बदलाव सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

‘सरकार आपके द्वार’ शिविरों में मिलेगा योजनाओं का लाभ

नागरिकों को सरकारी योजनाओं का त्वरित लाभ पहुंचाने के लिए ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र सरकार की 26 प्रमुख योजनाओं सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का मौके पर ही निष्पादन किया जाएगा। इसके साथ ही ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम के तहत नगर निकायों के प्रमुख स्थलों पर मानव रंगोली बनाई जाएगी। चयनित शहरों में 108 मीटर व्यास का ‘भारत मंडला’ तैयार कर ड्रोन के जरिए उसका कवरेज भी कराया जाएगा।

युवाओं और स्टार्टअप्स के लिए ‘नवाचार चुनौती’

स्थानीय समस्याओं के तकनीकी समाधान तलाशने के लिए ‘नवाचार चुनौती’ शुरू की जाएगी। उद्योग तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों और स्टार्टअप्स से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। वहीं, ‘जनसेवक महाकुंभ’ के तहत पंचायतों और नगर निकायों के सक्रिय एवं योग्य प्रतिनिधियों की सूची तैयार कर उनकी राज्यस्तरीय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के अंतिम घटक ‘25 साल, 25 कहानियां (राष्ट्रीय अनबॉक्सिंग)’ के तहत राज्य और जिला स्तर की प्रमुख उपलब्धियों से जुड़ी तथ्यात्मक सामग्री एवं क्यूरेटेड किट्स का राष्ट्रीय स्तर पर समयबद्ध समन्वय और वितरण किया जाएगा।

मार्च 2027 तक चलेगा ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’

बैठक में बताया गया कि मुख्य अभियान के साथ-साथ राज्य में 17 सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ भी चलाया जाएगा। इसके तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण, ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, पंचायती राज तथा नगर विकास एवं आवास विभाग से संबंधित कार्य किए जाएंगे। सरकार की ओर से संबंधित विभागों को सभी प्रकार के मरम्मत कार्य 30 नवंबर तक पूरा करने की समय-सीमा दी गई है। वहीं, सभी सरकारी भवनों का रंग-रोगन दिवाली तक पूरा करना होगा। स्वीकृत नए निर्माण कार्यों को मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

Read more about: