Madhepura News: बिहार में मधेपुरा जिले के पुरैनी थाना क्षेत्र में सोमवार को अपराधियों ने नरदह पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विक्की मेहता की गोली मारकर हत्या कर दी. ताबड़तोड़ फायरिंग में विक्की मेहता के शरीर में 5-6 गोलियां लगने की बात सामने आई है. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन मधेपुरा मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक, विक्की मेहता नयाटोला चौक के समीप बिहार सरकार भवन के निर्माणाधीन भवन का जायजा लेने पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य देखने के बाद जब वह वापस लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
गोली लगने के बाद विक्की मेहता गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें पुरैनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.
अस्पताल में तोड़ा दम
हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में विक्की मेहता ने दम तोड़ दिया. मधेपुरा मेडिकल कॉलेज के उपाधीक्षक डॉ. भास्कर के अनुसार, विक्की मेहता को अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित किया जा चुका था. चिकित्सकीय जांच में उनके शरीर पर 5-6 गोली लगने के निशान पाए गए हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुरैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास छानबीन की और वारदात से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास किया. पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी है.
घटना के बाद लोगों में गुस्सा
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. वारदात में कितने अपराधी शामिल थे और उन्होंने विक्की मेहता को ही निशाना क्यों बनाया, इन सवालों के जवाब जांच आगे बढ़ने के बाद ही स्पष्ट होंगे. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. परिजनों और समर्थकों में भी आक्रोश और शोक की स्थिति है. पुलिस अब हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी में है.
फिलहाल पुलिस की जांच के केंद्र में यह सवाल है कि क्या विक्की मेहता की हत्या की साजिश पहले से रची गई थी और हमलावरों को उनकी गतिविधियों की पहले से जानकारी थी? पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.

रजनीश रंजन
मधेपुरा से रिपोर्टर रजनीश रंजन को टीवी पत्रकारिता में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वो राजनीतिक, सामाजिक एवं समसामयिक विषयों की रिपोर्टिंग में विशेष रुचि रखते हैं. वर्तमान में मधेपुरा से TV9 भारतवर्ष में जिला संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और जमीनी खबरों को निष्पक्षता के साथ दर्शकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता रखते हैं. घूमने-फिरने, नई जगहों की खोज करने तथा वाहनों के प्रति विशेष रुचि रखते हैं.
Read More