auto

मोटरसाइकिल में टॉर्क ज्यादा जरूरी या BHP?: जानें दोनों में क्या होता है अंतर और कौन देता है बेहतर परफॉर्मेंस

October 11, 2026

जागृति शुक्ला

Sun, 11 Oct 2026 10:33 AM IST

सार

बाइक की बात आते ही टॉर्क और BHP जैसे शब्द अक्सर सुनने को मिलते हैं। कोई बाइक अपने ज्यादा टॉर्क के लिए जानी जाती है, तो कोई दमदार पावर और टॉप स्पीड के लिए पसंद की जाती है, लेकिन क्या ज्यादा BHP वाली बाइक हमेशा बेहतर होती है? आइए जानते हैं टॉर्क और BHP में क्या अंतर होता है और शहर, पहाड़ या हाईवे पर बाइक चलाने के लिए इनमें से कौन ज्यादा मायने रखता है।

Bike Torque vs BHP Explained: Know Difference Before Buy
बाइक खरीदने के टिप्स - फोटो : एआई जनरेटेड

विस्तार

अक्सर बाइक खरीदते समय टॉर्क और बीएचपी जैसे टेक्निकल शब्द सुनने को मिलते । किसी बाइक के बारे में बताया जाता है कि वह ज्यादा BHP देती है, तो किसी की पहचान दमदार टॉर्क से की जाती है, लेकिन इन दोनों के काम अलग-अलग होते हैं। टॉर्क बताता है कि इंजन कितना घुमाव बल पैदा करता है, जबकि BHP से पता चलता है कि इंजन कितनी तेजी से काम कर सकता है। ऐसे में अगर आप शहर में रोज बाइक चलाते हैं या हाईवे पर लंबी राइड करना पसंद करते हैं, तो इन दोनों के बीच का अंतर समझना आपके लिए जरूरी हो सकता है।

क्या होता है टॉर्क? थ्रॉटल घुमाते ही कैसे महसूस होती है ताकत?

टॉर्क (Torque) इंजन का घुमाव बल होता है। इसे न्यूटन-मीटर यानी Nm में मापा जाता है। यानी कि इंजन किसी चीज का घुमाने के लिए कितना ज्यादा बल लगा सकता है। बाइक चलाते समय इसका असर तब महसूस होता है, जब आप थ्रॉटल घुमाते हैं और बाइक आगे बढ़ने लगती है। खासकर कम और मध्यम इंजन RPM पर अच्छा टॉर्क मिलने से बाइक को गति पकड़ने में मदद मिलती है।

शहर के ट्रैफिक में बार-बार रुकने और चलने, पहाड़ी रास्तों पर चढ़ाई करने या पीछे किसी व्यक्ति को बैठाकर और सामान लेकर बाइक चलाने में टॉर्क उपयोगी होता है। हालांकि, बाइक की वास्तविक प्रतिक्रिया उसके गियर रेशियो, वजन और इंजन की पावर डिलीवरी जैसी चीजों पर भी निर्भर करती है।

क्या होता है BHP? बाइक की पावर से कैसे जुड़ा है इसका रिश्ता?

बीएवपी का पूरा नाम ब्रेक हॉर्सपावर होता है। यह इंजन की पावर आउटपुट को बताता है। यानी की बीएचपी यह समझने में मदद करता है कि इंजन कितनी तेजी से काम कर सकता है।

ज्यादा BHP वाली बाइक में, बाकी चीजें समान होने पर, तेज रफ्तार पर बेहतर एक्सेलेरेशन और ज्यादा टॉप स्पीड हासिल करने की क्षमता हो सकती है। यही वजह है कि स्पोर्ट्स बाइक में पावर को खास महत्व दिया जाता है।

हालांकि, केवल BHP देखकर यह तय नहीं किया जा सकता कि कोई बाइक कितनी तेज दौड़ेगी। बाइक का वजन, गियरिंग, हवा का प्रतिरोध और इंजन किस RPM पर कितनी पावर देता है, ये सभी बातें उसकी परफॉर्मेंस को प्रभावित करती हैं।

टॉर्क और BHP में क्या है मुख्य अंतर?

दोनों इंजन की परफॉर्मेंस से जुड़े हैं, लेकिन इनके काम को अलग-अलग तरीके से समझना चाहिए। यहां एक नजर में समझिए इन दोनों के बीच का प्रमुख अंतर...

पैरामीटरटॉर्क बीएचपी
मतलबइंजन का घुमाव बलइंजन की पावर आउटपुट
यूनिटन्यूटन-मीटर (Nm)ब्रेक हॉर्सपावर (bhp)
किसमें मददगारकम और मध्यम RPM पर रिस्पॉन्स और लोड संभालने मेंतेज रफ्तार पर परफॉर्मेंस और एक्सेलेरेशन की क्षमता समझने में
किन चीजों पर निर्भरइंजन डिजाइन और RPM के साथ बदलता हैटॉर्क और RPM के संबंध से तय होती है

इसका मतलब है कि टॉर्क और BHP एक-दूसरे के विकल्प नहीं हैं। बाइक की परफॉर्मेंस समझने के लिए दोनों आंकड़ों को साथ देखना जरूरी है।

क्या टॉर्क और पावर का भी कोई संबंध है?

टॉर्क और पावर का आपस में सीधा संबंध है। इंजन कितनी पावर पैदा करता है, यह उसके टॉर्क और इंजन की घूमने की गति यानी RPM पर निर्भर करता है। देखिए पावर को किलोवाट (kW) में निकालने का सामान्य फॉर्मूला है, पावर (kW) ≈ टॉर्क (Nm) × RPM ÷ 9549, यहां पर आरपीएम का मतलब है कि इंजन का क्रैंकशाफ्ट एक मिनट में कितनी बार घूमता है।

इस फॉर्मूले से समझ सकते हैं कि अगर टॉर्क समान हो, तो ज्यादा RPM पर इंजन अधिक पावर पैदा कर सकता है। इसी तरह, अलग-अलग RPM पर टॉर्क बदलने से पावर आउटपुट भी बदलता है। यही वजह है कि किसी बाइक का सिर्फ अधिकतम टॉर्क या अधिकतम BHP देखना पर्याप्त नहीं है। यह भी समझना जरूरी है कि इंजन किस RPM पर अपना अधिकतम टॉर्क और पावर देता है।

शहर में बाइक चलाते हैं तो टॉर्क पर दें ध्यान

अगर आपका ज्यादातर सफर शहर के ट्रैफिक में होता है, तो अच्छा लो और मिड-रेंज टॉर्क आपके लिए उपयोगी साबित हो सकता है। इससे बाइक को कम या मध्यम RPM पर चलाना सुविधाजनक हो सकता है और बार-बार गियर बदलने की जरूरत भी कम पड़ सकती है।

रोज ऑफिस जाने, ट्रैफिक में बाइक चलाने, पहाड़ी रास्तों पर सफर करने या पीछे सवारी बैठाने वालों के लिए इंजन का व्यवहार केवल अधिकतम पावर से ज्यादा मायने रख सकता है। हालांकि, शहर में बेहतर अनुभव के लिए क्लच, गियरिंग, बाइक का वजन और थ्रॉटल रिस्पॉन्स भी देखना चाहिए।

हाईवे और स्पोर्ट राइडिंग के लिए BHP क्यों मायने रखता है?

अगर आप हाईवे पर लंबी दूरी तय करते हैं या स्पोर्टी राइडिंग पसंद करते हैं, तो ज्यादा BHP वाली बाइक आपकी जरूरत के अनुकूल हो सकती है। अधिक पावर तेज रफ्तार पर एक्सेलेरेशन की क्षमता बढ़ाने में मदद करती है, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि ज्यादा बीएचपी वाली हर बाइक हर परिस्थिति में बेहतर होगी। बाइक का वजन, गियरिंग, टॉर्क डिलीवरी और पावर किस RPM पर मिलती है, इन सबका असर उसके चलने के तरीके पर पड़ता है। इसलिए हाईवे के लिए बाइक चुनते समय पावर के साथ उसकी स्थिरता, ब्रेकिंग, आराम और राइडिंग पोजिशन पर भी ध्यान देना चाहिए।

बाइक खरीदते समय टॉर्क और BHP में से किसे चुनें?

इसका जवाब आपकी जरूरत पर निर्भर कर सकता है।

  • शहर में रोजाना इस्तेमाल:अच्छा लो और मिड-रेंज टॉर्क आपके लिए उपयोगी हो सकता है।
  • हाईवे और स्पोर्ट राइडिंग: ज्यादा BHP और ऊंचे RPM पर मिलने वाली पावर अहम हो सकती है।
  • सवारी या सामान के साथ सफर:टॉर्क के साथ गियरिंग, वजन और इंजन की पावर डिलीवरी पर ध्यान देना सही माना जाता है।
  • हर तरह के रास्तों पर इस्तेमाल:टॉर्क और BHP दोनों के अलावा बाइक के वजन, पावर डिलीवरी कर्व और गियरिंग को समझें। खरीदने से पहले टेस्ट राइड करना भी जरूरी है। इससे पता चलता है कि बाइक का थ्रॉटल रिस्पॉन्स, क्लच और गियरिंग आपकी जरूरतों के हिसाब से हैं या नहीं।