world-news

Bhopal News: थाने के अंदर वकील से मारपीट पर एक्शन, TI समेत 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड; आधी रात तक थाने में हंगामा - Haribhoomi

September 23, 2026

भोपाल के जहांगीराबाद थाने में अधिवक्ता राकेश रावल से कथित मारपीट के मामले में थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार समेत दो आरक्षकों यश लखेरा और रामस्वरूप को निलंबित कर दिया गया है। घटना के विरोध में सैकड़ों वकीलों ने देर रात तक थाने का घेराव किया। बुधवार सुबह जिला अदालत में भी अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।

Bhopal News

भोपाल में थाने के अंदर वकील से मारपीट पर एक्शन

  • Published: 23 Sep 2026, 01:55 PM IST
  • Last Updated: 23 Sep 2026, 02:57 PM IST

भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद थाने में अधिवक्ता से कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डीसीपी जोन-1 अखिल पटेल ने थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार समेत दो आरक्षकों यश लखेरा और रामस्वरूप को निलंबित कर दिया है। तीनों को पुलिस लाइन से संबद्ध किया गया है।

मामले को लेकर मंगलवार देर रात बड़ी संख्या में वकील जहांगीराबाद थाने पहुंच गए थे। अधिवक्ता राकेश रावल के साथ कथित मारपीट की खबर के बाद वकीलों ने थाने का घेराव कर दिया। विरोध और हंगामा रात करीब 3 बजे तक चलता रहा। वकील संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

o

गणेश विसर्जन के दौरान रास्ता बंद होने से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, बैरागढ़ कलां निवासी 45 वर्षीय अधिवक्ता राकेश रावल मंगलवार शाम करीब 8 बजे खटलापुरा मंदिर मार्ग से गुजर रहे थे। गणेश प्रतिमा विसर्जन के चलते रास्ता बंद था। इसी दौरान उनकी ट्रैफिक एसीपी और पुलिस बल से बहस हो गई।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रास्ता पूछने पर वकील की पुलिस द्वारा इतनी बेरहमी से पिटाई बताती है की जब वकीलों के साथ यह हो रहा है तो आम जनता के साथ क्या होता होगा

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री जी गृह मंत्री भी है कृपया जवाब दे ?@DrMohanYadav51 pic.twitter.com/JubbnsyvsY

— Abhinav Barolia Mali (@abhinavmaddy) September 23, 2026

आरोप है कि इसके बाद पुलिसकर्मी अधिवक्ता को जबरन जहांगीराबाद थाने ले गए। राकेश रावल का आरोप है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों को वाहन में पेट्रोल नहीं होने की बात बताई, जिसके बाद उनके साथ गाली-गलौज की गई। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें कीचड़ में गिरा दिया गया।

चोटों का वीडियो सामने आने के बाद बढ़ा विवाद
घटना के बाद अधिवक्ता की ओर से एक वीडियो जारी किया गया, जिसमें उनके कपड़ों पर कीचड़ और पैरों पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता थाने पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।

मामले की जानकारी मिलने पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे वकीलों से बातचीत की और मामले की जांच का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शिकायत के आधार पर पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

जिला अदालत में भी वकीलों का प्रदर्शन
थाने के बाहर देर रात तक चले विरोध के बाद बुधवार सुबह भोपाल जिला अदालत में भी अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। वकीलों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई और पैरवी से दूरी बनाए रखी।

अब थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद मामले की जांच आगे बढ़ रही है। पुलिस कार्रवाई के बावजूद अधिवक्ताओं की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की मांग जारी है।