Aug 03, 2026 04:12 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
Bhojpuri Bawaal: दिनेश लाल यादव भले ही भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार हैं, लेकिन इस सुपरस्टार को इंडस्ट्री में बनाए रखने का असली क्रेडिट आम्रपाली दुबे को जाता है, एक बार तो उनका एक्टिंग इंडस्ट्री से पत्ता ही साफ होने वाला था, तब आम्रपाली ने उन्हें बचाया।

भोजपुरी बवाल के पहले ही एपिसोड में दिनेश लाल यादव ने बताया कि कैसे आम्रपाली दुबे उनकी जिंदगी की वो लाइफलाइन हैं, जिनकी वजह से उनका करियर डूबने से बचा है।
जियो हॉटस्टार पर भोजपुरी की दुनिया का अभी तक का सबसे बड़ा रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' शुरू हो चुका है। रविवार (2 अगस्त 2026) को इस शो का पहला एपिसोड प्रसारित किया गया। पवन सिंह से लेकर निरहुआ और काजल राघवानी से लेकर आम्रपाली दुबे तक इस शो का हिस्सा बनी हैं। पहले ही एपिसोड में कई बड़े राज खुले और बातों-बातों में दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने बताया कि कैसे आम्रपाली दुबे वो एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने उन्हें नई जिंदगी दी है। दिनेश लाल यादव ने बताया कि एक वक्त था जब उनका करियर डूबने की कगार पर पहुंच गया था।
आम्रपाली दुबे ने दिया था नया जीवन
निरहुआ ने आम्रपाली को भोजपुरी 'सिनेमा की जान' बताया। दिनेश लाल यादव ने 'भोजपुरी बवाल' के पहले ही एपिसोड में कहा, "साल 2014 में मेरा भी करियर लगभग खत्म हो गया था। साल 2014 में ही हम लोगों ने फिल्म बनाई 'निरहुआ हिंदुस्तानी'। उसी फिल्म में आम्रपाली दुबे जी आईं और पहली ही फिल्म में उनका जादू दर्शकों पर ऐसा चला कि मैं कह सकता हूं कि आम्रपाली दुबे जी ने मुझे एक नया जीवन दे दिया।" निरहुआ रिक्शावाला के नाम से मशहूर दिनेश लाल यादव ने कहा- उन्होंने मुझे एक बार फिर से स्टारडम दे दिया।
फिर निरहुआ से जुड़ती गई ऑडियंस
दिनेश लाल यादव ने कहा कि जो दर्शक मुझे छोड़ चुके थे, जा चुके थे, वो फिर से जुड़ गए। भोजपुरी सुपरस्टार ने बताया कि इसके बाद उनकी लगातार आम्रपाली दुबे के साथ कई फिल्में आईं। इस कतार में निरहुआ हिंदुस्तानी, राजा हिंदुस्तानी, पटना से पाकिस्तान, जिगरवाला जैसी कई फिल्में शामिल थीं और ये सभी फिल्में भोजपुरी बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर हिट रहीं। तो इस तरह वो निरहुआ जो आज भोजपुरी सिनेमा जगत की जान माने जाते हैं, उनकी नैया जब डूबने वाली थी, तो उसे तारने के लिए आम्रपाली दुबे मौजूद थीं।
क्या है 'भोजपुरी बवाल' का कॉन्सेप्ट?
बात रियलिटी शो की करें तो 'भोजपुरी बवाल' बिग बॉस की तरह कोई ऐसा शो नहीं है, जिसमें एक बड़े से घर में कई सारे सेलेब्रिटीज को बंद कर दिया जाता है। इस शो में अलग-अलग भोजपुरी स्टार्स की जिंदगी के अलग-अलग चैप्टर्स और रियल लाइफ जिंदगी को कवर किया जाएगा। साथ ही अलग-अलग भोजपुरी स्टार्स के बयान और अलग-अलग घटनाक्रमों पर उनकी राय भी दर्शकों को जानने को मिलेगी। शो इसमें भोजपुरी स्टार्स की भाषा और लहजे को लेकर भी सुर्खियों में है। हालांकि फिर भी भोजपुरी ऑडियंस का इसे ढेर सारा प्यार मिल रहा है।
