world-news

Bhilai AI Engineer Death: भिलाई के AI इंजीनियर की गुरुग्राम में मौत, पुलिस को गर्लफ्रेंड की हत्या के बाद सुसाइड का शक, 3 दिन पहले साथ रहने आई थी

July 13, 2026

Bhilai AI Engineer Death: छत्तीसगढ़ में भिलाई के रहने वाले आईटी इंजीनियर श्रेष्ठ मलिक (25) की हरियाणा के गुरुग्राम में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव रेलवे ट्रैक पर दो हिस्सों में मिला। गुरुग्राम पुलिस को आशंका है कि श्रेष्ठ ने पहले अपनी सहकर्मी और गर्लफ्रेंड इशाका की चाकू मारकर हत्या की और इसके बाद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

3 दिन पहले ही गर्लफ्रेंड रूम पर रहने आई थी

जानकारी के मुताबिक, श्रेष्ठ मलिक भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र का रहने वाला था और गुरुग्राम के सेक्टर-59 स्थित Optum Global Solutions में AI इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। उसी के साथ यूपी के सीतापुर की रहने वाली इशाका भी काम करती थी। पुलिस ने बताया कि दोनों एक-दूसरे को जानते थे और तीन दिन पहले ही इशाका श्रेष्ठ के कमरे में रहने आई थी।

Bhilai AI Engineer Death
एआई इंजीनियर श्रेष्ठ मलिक ने ट्रेन से कटकर दी जान।

परिजन बोले-श्रेष्ठ का धमका रही थी लड़की

उधर, श्रेष्ठ के परिजनों ने पुलिस की शुरुआती आशंका पर सवाल उठाए हैं। उसके पिता का कहना है कि घटना से पहले श्रेष्ठ ने अपने भाई को कॉल कर बताया था कि एक लड़की उसे धमकी देकर गई है। उनका कहना है कि उनका बेटा किसी की हत्या नहीं कर सकता। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

 पिता की शिकायत पर पुलिस पहुंची इशाका तक

इससे पहले 12 जुलाई को इशाका के परिवार ने कॉल रिसीव नहीं होने पर सेक्टर-56 थाना पुलिस को शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस को काफी मशक्कत के बाद गुरुग्रमा के सेक्टर-55 का पता मिला। वहां पहुंचने पर रूम का दरवाजा बंद था। जिसे खोलकर देखा तो कमरे में इशाका का शव पड़ा था। फर्श पर काफी खून फैला हुआ था। शुरुआती जांच में सामने आया कि उसकी चाकू से हमला कर हत्या की गई।
पुलिस के अनुसार, शव करीब एक दिन पुराना लग रहा था। इसके बाद फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने कमरे से सबूत जुटाए। पुलिस ने इशाका के परिवार को भी घटना की जानकारी दी।

जांच में पता चला- भिलाई का श्रेष्ठ भी रहता था साथ

पुलिस ने इशाका के बारे में गहन पड़ताल की तो पता चला कि, उसके साथ भिलाई का श्रेष्ठ मलिक भी कमरे में रहता था। फिलहाल, श्रेष्ठ मौके पर नहीं मिला।  इसी दौरान पता चला कि, 11 जुलाई को गुरुग्राम में रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला था। ट्रेन की चपेट में आने से युवक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया था।

मोबाइल से हुई श्रेष्ठ की पहचान, भिलाई से पहुंचा परिवार

जीआरपी को मृतक के पास से मोबाइल मिला था। इसके आधार पर युवक की पहचान श्रेष्ठ मलिक के रूप में हुई। जीआरपी ने उसके परिवार से संपर्क किया।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन भिलाई से गुरुग्राम पहुंचे। जीआरपी थाना प्रभारी राजपाल के अनुसार, श्रेष्ठ के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया और  शव परिवार को सौंप दिया गया।

एक ही कंपनी में नौकरी करते थे श्रेष्ठ और इशाका

सेक्टर-56 थाना प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार, श्रेष्ठ और इशाका गुरुग्राम के सेक्टर-59 स्थित Optum Global Solutions में नौकरी करते थे। दोनों की पहचान कंपनी में ही हुई थी। इशाका पहले सेक्टर-57 में रहती थी। घटना से करीब तीन दिन पहले उसने अपना कमरा खाली कर दिया था और श्रेष्ठ के साथ सेक्टर-55 स्थित क्लाउड नाइन पीजी के कमरे में रहने लगी थी। 

हत्या से पहले कमरे में क्या हुआ ?

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या से पहले कमरे में क्या हुआ था? श्रेष्ठ और इशाका के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था या घटना के पीछे कोई दूसरी वजह है, इसकी पड़ताल की जा रही है।

कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस

पुलिस दोनों के मोबाइल की कॉल डिटेल चेक रही है। इसके साथ ही पीजी और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस श्रेष्ठ के परिवार और इशाका के परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस को श्रेष्ठ पर इशाका के कत्ल का शक

पुलिस शुरुआती जांच के आधार पर श्रेष्ठ पर इशाका की हत्या के बाद सुसाइड करने का शक जता रही है। हालांकि, श्रेष्ठ के परिवार ने इस दावे पर सवाल उठाए हैं। पुलिस का कहना है कि कॉल रिकॉर्ड, CCTV फुटेज और फोरेंसिक रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सही तस्वीर साफ हो सकेगी।

ये खबर भी पढ़ें:Bijapur Boyfriend Murder: बीजापुर में महिला ने दोस्तों से कराई बॉयफ्रेंड की हत्या, चाकू से हमला कर कुएं में फेंका, मौत

पुलिस को यहां से भी मिल सकते हैं बड़े क्लू

  • पुलिस को श्रेष्ठ-इशाका के ऑफिस Optum Global Solutions के उसके साथ काम करने वालों से बड़े क्लू मिल सकते हैं।

  • साथ में काम करने वालों से यह भी पता चल सकता है कि क्या श्रेष्ठ-इशाका के बीच कोई तीसरे व्यक्ति भी है, जिसने बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया हो?

  • इशाका तीन दिन पहले तक जिस रूम या पीजी में रहती थी, उसे क्यों छोड़ा ?

  • दोनों के मोबाइल की कॉल डिटेल भी साजिश को बड़ा राज खोल सकती है। 

ये खबर भी पढ़ें: Chhattisgarh Guest Teachers Protest: अतिथि शिक्षकों को दुर्ग से रायपुर के लिए कूच, संविलियन की मांग को लेकर निकले शिक्षकों को शहर में ही रोका

सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली खबर: CG Police Constable Promotion Case: बिलासपुर हाईकोर्ट ने पुलिस कॉन्स्टेबल प्रमोशन प्रोसेस पर लगाई रोक, राज्य सरकार से मांगा जवाब