sports

BCCI ने किया 'सेना' देशों के लिए नए प्लान का खुलासा, FTP में होगा बदलाव; ये है एकमात्र चुनौती

September 3, 2026

Sep 03, 2026 09:06 pm ISTमुंबई, भाषा

Follow us on Google News

share

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने SENA देशों के लिए नए प्लान का खुलासा किया है। फ्यूचर टूर प्रोग्राम (FTP) में बदलाव होगा। क्रिकेट में साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड को 'सेना' देश कहा जाता है।

Shubman Gill

भारतीय खिलाड़ियों के साथ कप्तान शुभमन गिल (फाइल फोटो)

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने गुरुवार को कहा कि बोर्ड इस दिशा में काम करेगा कि 'सेना' देशों में किसी भी बड़ी सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेटरों को पर्याप्त आराम, परिस्थितियों के अनुकूल ढलने का समय और अभ्यास मैच मिल सकें। बीसीसीआई मुख्यालय में हुई समीक्षा बैठक के बाद सैकिया ने कहा कि चोटों के प्रबंधन के मामले में भारतीय क्रिकेट में संवाद की कोई कमी नहीं है। लेकिन बोर्ड बेहतर भविष्य दौरा कार्यक्रम (एफटीपी) तैयार करने की कोशिश करेगा ताकि खिलाड़ियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

'समन्वय में कोई दिक्कत नहीं है...'

सैकिया ने पत्रकारों से कहा, ''सभी एकमत हैं। बीसीसीआई एक अच्छी तरह से व्यवस्थित और सुचारू रूप से चलने वाली मशीन की तरह काम कर रहा है।'' उन्होंने कहा, ''बीसीसीआई के सभी विभागों के बीच उचित समन्वय है, चाहे वह महिला टीम की समितियां हों, उनका तकनीकी स्टाफ और कोच हों, या सीओई (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस), भारतीय पुरुष टीम के कोचिंग स्टाफ और मुख्य कोच से संबंधित विभाग हों। समन्वय में कोई दिक्कत नहीं है और सब कुछ सही दिशा में आगे बढ़ रहा है।''

'एक साल में बहुत ज्यादा मैच हो रहे हैं'

उन्होंने कहा, ''एकमात्र चुनौती यह है कि साल में बहुत ज्यादा मैच खेले जा रहे हैं और इसी वजह से अगले एफटीपी में हम कुछ बदलाव और उपाय करेंगे।'' सैकिया ने कहा, ''हमने अपने एफटीपी से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिया है जो जल्द ही विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बैठक करेंगे कि एफटीपी इस तरह तैयार किया जाए कि खिलाड़ियों को पर्याप्त आराम मिले। साथ ही, सेना देशों (साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड) में किसी भी बड़ी सीरीज से पहले खिलाड़ियों को वहां की परिस्थितियों के अनुकूल ढलने का पर्याप्त समय मिले या कुछ अभ्यास और मैत्री मैच खेलने का मौका मिले।''

मीटिंग में कप्तान गिल समेत ये भी मौजूद

समीक्षा बैठक में भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल, टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर, मुख्य कोच गौतम गंभीर, सीओई के क्रिकेट निदेशक वीवीएस लक्ष्मण और बीसीसीआई के अन्य अधिकारी शामिल हुए। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर बैठक में मौजूद नहीं थे। सैकिया ने कहा, ''हमने चर्चा की कि इंग्लैंड और आयरलैंड में हमारी टीम का प्रदर्शन कैसा रहा और साथ ही इस बात पर भी विचार किया कि अगले एक साल में हमें क्या करना है। रोडमैप तैयार कर लिया गया है और हम कुछ जरूरी अभ्यास एवं तैयारियां करेंगे ताकि 2027 विश्व कप में हमारा प्रदर्शन बहुत अच्छा रहे।''

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।

अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।

विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें