world-news

नेपाल में विनाशकारी बाढ़ में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 1,252 हुआ, 4 हजार से ज्यादा लापता

September 3, 2026

अधिकारियों के अनुसार खोज, बचाव और राहत कार्यों के लिए 21,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। अब तक 11,913 लोगों को बचाया जा चुका है। नेपाली सेना ने 715 हेलीकॉप्टर उड़ानों के जरिए 4,364 लोगों को सुरक्षित निकाला है।

नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,252 तक पहुंच गयी है, जबकि कम से कम 4,216 लोग अब भी लापता हैं। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) ने गुरुवार दोपहर तक संकलित आंकड़ों में यह जानकारी दी। नेपाल में सबसे अधिक लोगों की मौत चितवन में हुई हैं, जहां 355 शव बरामद किए गए हैं। इसके बाद नवलपरासी पूर्व में 218, नवलपरासी पश्चिम में 208 और नुवाकोट में 177 शव बरामद हुए हैं। जहां से आपदा शुरू हुई थी, उस रसुवा में 127 लोगों की मौत दर्ज की गई है।

इसके अलावा गोरखा, धादिंग और तनहुन में भी शव बरामद किए गए हैं। अब तक बरामद 1,252 शवों में से केवल 95 की पहचान हो सकी है और उन्हें परिजनों को सौंपा गया है। एनडीआरआरएमए के मुताबिक लापता लोगों में विदेशी नागरिक, जलविद्युत परियोजनाओं के कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी और सरकारी कर्मचारी शामिल हैं। अकेले जलविद्युत परियोजनाओं के करीब 900 कर्मचारी लापता बताए जा रहे हैं। अधिकारियों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों से मिल रही सूचनाओं का सत्यापन करने और मौके से और जानकारी प्राप्त होने के साथ लापता लोगों की संख्या में बदलाव होने की संभावना है।

अधिकारियों के अनुसार खोज, बचाव और राहत कार्यों के लिए 21,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। अब तक 11,913 लोगों को बचाया जा चुका है। नेपाली सेना ने 715 हेलीकॉप्टर उड़ानों के जरिए 4,364 लोगों को सुरक्षित निकाला है, जिनमें 273 विदेशी नागरिक शामिल हैं। निजी हेलीकॉप्टर संचालकों ने भी 129 आपात उड़ानें भरी हैं। नेपाली सेना और सशस्त्र पुलिस बल की ओर से तैनात अस्पतालों और चिकित्सा दलों ने 5,000 से अधिक घायल लोगों का उपचार किया है। नुवाकोट, धादिंग, रसुवा और काठमांडू के अस्थायी केंद्रों में करीब 3,950 विस्थापित लोग शरण लिए हुए हैं।

अधिकारियों के अनुसार क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों के कारण संपर्क से कटे समुदायों तक सड़क और हेलीकॉप्टर के जरिए राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। आपदा प्रभावित क्षेत्र में दूरसंचार सेवाएं भी बहाल की जा रही हैं। नेपाल टेलीकॉम ने बताया कि उसके क्षतिग्रस्त सभी 110 टावर फिर से चालू हो गए हैं, जबकि एनसेल ने क्षतिग्रस्त 78 में से 75 साइटों को बहाल कर दिया है।

नेपाल ने भोटेकोशी बाढ़ को 'हिमालयी सुनामी' बताया

वहीं, नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने देश में भारी तबाही मचाने वाली बाढ़ को बृहस्पतिवार को 'हिमालयी सुनामी' करार दिया तथा इस मुश्किल घड़ी में समर्थन एवं एकजुटता के लिए पड़ोसी देशों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय का आभार जताया। खनाल की यह टिप्पणी एक निजी टेलीविजन चैनल को दिए गए साक्षात्कार के कुछ दिनों बाद सामने आईं। इस साक्षात्कार में उन्होंने चीन, अमेरिका और भारत को दुनिया में ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन करने वाले तीन सबसे बड़े देश बताया तथा कहा कि जोखिम का सामना कर रहे नेपाल जैसे देशों की भरपाई करने की उनकी ''ऐतिहासिक जिम्मेदारी'' है।