
मैके टेस्ट में बांग्लादेश का सरेंडर. (फोटो- GETTY)
AUS vs BAN 2nd Test: मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेले जा रहे दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजी के सामने बांग्लादेशी बल्लेबाजी पूरी तरह धराशायी हो गई. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के घातक 6 विकेटों के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को पहली पारी में सिर्फ 64 रनों पर समेट दिया. यह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में बांग्लादेश का चौथा सबसे छोटा स्कोर है. हालांकि, 10वें विकेट की साझेदारी ने बांग्लादेश को एक शर्मनाक रिकॉर्ड से बचा लिया.
मैके टेस्ट में बांग्लादेश का सरेंडर
बांग्लादेश की इस खराब बल्लेबाजी की वजह मिचेल स्टार्क रहे, जिन्होंने किसी भी बल्लेबाज को क्रीज पर टिकने ही नहीं दिया. उन्होंने मुकाबले की पहली ही गेंद पर विकेट निकालकर इतिहास रचा. फिर अपने 4 ओवर में ही 5 विकेट झटककर बांग्लादेश के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया. इसके बाद उन्होंने आखिरी ओवरों में वापस आकर आखिरी साझेदारी को तोड़ा और 10 ओवर में सिर्फ 12 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए.
मिचेल स्टार्क इस घातक गेंदबाजी के चलते बांग्लादेश की टीम पहली पारी में 64 रन तक ही पहुंच सकी. मिचेल स्टार्क के अलावा कप्तान पैट कमिंस ने भी कमाल की गेंदबाजी की और 3 विकेट अपने नाम किए. वहीं, जोश हेजलवुड 1 विकेट हासिल करने में कामयाब रहे.
10वें विकेट की साझेदारी ने सबसे बड़े कलंक से बचाया
ऑस्ट्रेलियाई पेस अटैक के सामने एक समय बांग्लादेश की टीम सिर्फ 39 रन पर 9 विकेट गंवा चुकी थी और उस पर टेस्ट इतिहास के अपने सबसे कम स्कोर से पहले ऑलआउट होने का गंभीर खतरा मंडरा रहा था, जो 43 रन है. लेकिन ताइजुल इस्लाम और शोरिफुल इस्लाम ने आखिरी विकेट के लिए एक अहम साझेदारी की. दोनों बल्लेबाजों ने 10वें विकेट के लिए 25 रनों की जुझारू साझेदारी की, जिसके दम पर बांग्लादेश का स्कोर 64 तक पहुंच सका और टीम अपने सबसे छोटे स्कोर के शर्मनाक रिकॉर्ड को दोहराने से बाल-बाल बच गई.
टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश के 4 सबसे छोटे स्कोर
- 1) 43 रन VS वेस्ट इंडीज, नॉर्थ साउंड, 2018
- 2) 53 रन VS दक्षिण अफ़्रीका, डरबन, 2022
- 3) 62 रन VS श्रीलंका, कोलंबो, 2007
- 4) 64 रन VS ऑस्ट्रेलिया, मैके, 2026

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More