
क्या है टीम इंडिया की जर्सी बदलने की वजह? (फोटो- X/BCCI)
Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपना पहला मुकाबला जापान के खिलाफ खेलने उतरी, जो क्वार्टर फाइनल मुकाबला है. इस मैच में भारतीय क्रिकेट टीम जब मैदान में उतरी, तो फैंस को उनकी जानी-पहचानी आधिकारिक बीसीसीआई जर्सी देखने को नहीं मिली. बाइलेट्रल सीरीज या आईसीसी टूर्नामेंट्स के दौरान भारतीय खिलाड़ी जिस नीले रंग और स्पॉन्सर लोगो वाली ड्रेस में नजर आते हैं, एशियन गेम्स में ऐसा कुछ भी देखने को नहीं मिला. दरअसल, एशियन गेम्स में उसका इस्तेमाल पूरी तरह बैन रहता है.
क्या है टीम इंडिया की जर्सी बदलने की वजह?
दरअसल, आईसीसी या बाइलेट्रल क्रिकेट सीरीज में खिलाड़ी सीधे तौर पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का प्रतिनिधित्व करते हैं. वहीं, एशियन गेम्स में भारतीय दल एक टीम के रूप में उतरता है. क्रिकेट टीम अलग से भाग न लेकर पूरे भारतीय दल का हिस्सा होती है. ऐसे में सभी भारतीय एथलीट ‘इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन’ (IOA) के ध्वज तले मैदान में उतरते हैं, इसलिए व्यक्तिगत खेल संघों की पहचान के बजाए नेशनल ओलंपिक एसोसिएशन को प्राथमिकता दी जाती है.
सभी खेलों के लिए एक जैसा किट कोड
इंटरनेशनल मल्टी-स्पोर्ट्स आयोजनों का मूलभूत सिद्धांत समानता का होता है. चाहे वह एथलेटिक्स हो, कुश्ती, बैडमिंटन, हॉकी या फिर क्रिकेट, देश का प्रतिनिधित्व करने वाले हर एथलीट के लिए एक जैसा आधिकारिक किट कोड तय होता है. आईओए की ओर से तय किए गए डिजाइन, रंग और फैब्रिक वाली आधिकारिक नेशनल किट ही सभी खिलाड़ियों को पहननी जरूरी होती है, ताकि पूरे दल की यूनिफॉर्म मेंटेन रहे.
दूसरी ओर, बीसीसीआई की जर्सी पर बड़े-बड़े कमर्शियल स्पॉन्सर और किट मैन्युफैक्चरर के लोगो छपे होते हैं. ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) और आईओसी के नियमों के तहत जर्सी पर किसी भी निजी बोर्ड के कमर्शियल स्पॉन्सर का प्रदर्शन पूरी तरह बैन है. खेलों के दौरान किसी भी तरह के भारी प्रचार-प्रसार की इजाजत नहीं होती, जिसके चलते बीसीसीआई की जर्सी का इस्तेमाल नहीं किया जाता है.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More