
किस तारीख को होगा भारत-पाकिस्तान मैच? (फोटो- PTI)
IND vs PAK Match, Asian Games 2026: जापान के आइची-नागोया में 20वें एशियन गेम्स खेल जारी हैं, जहां 24 सितंबर से पुरुष क्रिकेट इवेंट का आगाज होने जा रहा है. पहले मुकाबले में मेजबान जापान का सामना अफगानिस्तान से होगा. एशियन गेम्स के इतिहास में क्रिकेट को चौथी बार शामिल किया गया है, जिसमें कुल 10 टीमें मेडल के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगी. इवेंट का शेड्यूल पहले ही सामने आ चुका है और फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या क्रिकेट के मैदान पर भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा. टूर्नामेंट के आधिकारिक फॉर्मेट और सीडिंग के मुताबिक, दोनों टीमों की टक्कर संभव है, लेकिन यह मुकाबला सिर्फ मेडल राउंड में ही हो सकता है.
10 टीमों के बीच होंगे मुकाबले
इस बार पुरुष क्रिकेट में 10 देशों की टीमें मैदान में उतर रही हैं. रैंकिंग के आधार पर भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को सीधा क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है. वहीं, अफगानिस्तान ने फुल मेंबर टीम के तौर पर सीधा मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई है. इसके अलावा जून में हुए एशियन गेम्स क्वालिफायर के जरिए हॉन्गकॉन्ग, मलेशिया, नेपाल और ओमान ने मुख्य ड्रॉ के लिए क्वालिफाई किया था. वहीं, जापान को मेजबान देश होने के चलते सीधी एंट्री मिली है.
कैसा है टूर्नामेंट का फॉर्मेट?
टूर्नामेंट को दो अलग-अलग स्टेज में बांटा गया है. आईसीसी रैंकिंग और सीडिंग के आधार पर निचली छह टीम यानी मेजबान जापान, अफगानिस्तान, नेपाल, ओमान, मलेशिया और हॉन्गकॉन्ग को 3-3 के दो ग्रुपों में रखा गया है. सिंगल राउंड-रॉबिन के बाद दोनों ग्रुपों की टॉप-2 टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी. ये 4 टीमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश से भिड़ेंगी. इसके बाद सेमीफाइनल मुकाबले होंगे और फिर फाइनल खेला जाएगा.
भारत और पाकिस्तान की होगी टक्कर?
शेड्यूल और ड्रॉ के मुताबिक, ग्रुप स्टेज या शुरुआती क्वार्टर फाइनल में भारत-पाकिस्तान का मुकाबला नहीं होगा. दोनों ही टीमों को अलग-अलग ब्रैकेट में सीधी क्वार्टर फाइनल एंट्री मिली है. भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला तभी संभव होगा जब दोनों टीमें नॉकआउट स्टेज में आगे बढ़ें. अगर दोनों टीमें अपने-अपने क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल जीत लेती हैं, तो 3 अक्टूबर को गोल्ड मेडल मैच में भारत-पाक की भिड़ंत होगी. वहीं, अगर दोनों टीमें सेमीफाइनल में हार जाती हैं, तो भी वो 3 अक्टूबर को ही ब्रॉन्ज मेडल मैच के लिए आमने-सामने आ सकती हैं.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More