सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित करीब 120 साल पुरानी मस्जिद पर प्रशासन के बुलडोजर एक्शन के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत गर्मा गई है। सहारनपुर जाने पर अड़े उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय को लखनऊ पुलिस ने सोमवार को प्रदेश मुख्यालय से हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर धरने पर बैठे अजय राय और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय पुलिस हिरासत में (फाइल फोटो)
- Published: 07 Sep 2026, 07:31 PM IST
- Last Updated: 07 Sep 2026, 07:31 PM IST
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित मस्जिद पर शनिवार तड़के चले बुलडोजर एक्शन ने पूरे प्रदेश में सियासी पारा चढ़ा दिया है। इस मामले में जमीनी हालात का जायजा लेने सहारनपुर जा रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय को लखनऊ पुलिस ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कानून-व्यवस्था और धारा 144 के तहत एहतियातन यह कदम उठाते हुए अजय राय को पुलिस लाइन भेज दिया है।
धरने पर बैठे अजय राय, पुलिस से हुई तीखी झड़प
सहारनपुर में करीब 120 साल पुरानी मस्जिद को ढहाए जाने के विरोध में कांग्रेस का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल अजय राय के नेतृत्व में सहारनपुर कूच करने की तैयारी में था। जैसे ही प्रतिनिधिमंडल लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय से निकलने लगा, भारी पुलिस बल ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया।
सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को ध्वस्त करने की घटना के पीड़ितों और मस्जिद कमेटी के सदस्यों से मिलने जाने से मुझे और हमारे कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए भाजपा सरकार के इशारे पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने पूरी तरह से तानाशाही रवैया अपनाया है।
भाजपा सरकार के सीधे कहने पर पुलिस… pic.twitter.com/xL55E8GhWQ
— Ajay Rai🇮🇳 (@kashikirai) September 7, 2026
प्रशासन द्वारा रोके जाने के विरोध में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय कांग्रेस कार्यालय के मुख्य द्वार पर ही सड़क पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने दो टूक कहा कि वह हर हाल में सहारनपुर जाएंगे और पीड़ितों की आवाज उठाएंगे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई।
गाड़ी घेरकर छुड़ाने का प्रयास, कार्यकर्ताओं ने लगाए नारे
तनावपूर्ण स्थिति के बीच जब पुलिस अधिकारियों ने अजय राय को धरने से उठाकर हिरासत में लेने की कोशिश की, तो आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पुलिस वैन का घेराव कर दिया और उन्हें छुड़ाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए अजय राय को वाहन में बैठाया और भारी सुरक्षा घेरे के बीच पुलिस लाइन ले गई। प्रदेश अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद भी सैकड़ों कांग्रेसी सड़क पर बैठकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध-प्रदर्शन करते रहे।
सहारनपुर में मस्जिद ढहाए जाने का विरोध करने जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्री अजय राय जी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सहारनपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित एक पुरानी मस्जिद को प्रशासन द्वारा बुलडोजर से ढहाए जाने की घटना के बाद, आज वहां की जमीनी स्थिति का जायजा लेने जा रहे… pic.twitter.com/LFDllUsZ0I
— UP Congress (@INCUttarPradesh) September 7, 2026
अन्याय के खिलाफ लड़ेंगे और सरकार को उखाड़ फेंकेंगे
हिरासत में लिए जाने से ठीक पहले मीडिया से मुखातिब होते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, "कांग्रेस अन्याय और दमन के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी। हम अन्याय के खिलाफ लड़ेंगे और इस तानाशाही सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे।" उन्होंने आगे कहा कि अल्पसंख्यकों और मुसलमानों पर अत्याचार करने वालों के खिलाफ कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ सड़क पर डटकर खड़ा रहेगा।
क्या है सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण विवाद?
सहारनपुर जिला प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर बनी एक पुरानी मस्जिद को सरकारी भूमि पर अनधिकृत निर्माण करार देते हुए शनिवार तड़के भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया था। स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह ध्वस्तीकरण उच्च न्यायालय के निर्देशों और सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए किया गया है। वहीं कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सहित समूचे विपक्ष ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली एकतरफा और बदले की भावना से की गई कार्रवाई करार देते हुए सरकार की नीयत पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।