world-news

Adventure Bike: भारत में पहली बार पेश हुई रॉयल एनफील्ड हिमालयन 750, जानें फीचर्स - Haribhoomi

September 7, 2026

Adventure Bike: रॉयल एनफील्ड ने हिमालयन बेस कैंप इवेंट में भारत में नई हिमालयन 750 पेश किया है। इसमें कई प्रीमियम फीचर और नया 750 सीसी इंजन शामिल किया गया है।

Royal Enfield Himalayan

भारत में पहली बार पेश

  • Published: 07 Sep 2026, 08:07 PM IST
  • Last Updated: 07 Sep 2026, 08:07 PM IST

Adventure Bike: रॉयल एनफील्ड ने लद्दाख में आयोजित अपने पहले हिमालयन बेस कैंप इवेंट के दौरान भारत में पहली बार अपनी नई हिमालयन 750 को पेश किया है। यह मोटरसाइकिल अभी प्री-प्रोडक्शन चरण में है, लेकिन मौजूदा मॉडल काफी हद तक प्रोडक्शन वर्जन के करीब दिखाई देता है। ऐसे में इससे बाइक के डिजाइन, फीचर्स और तकनीकी खूबियों की काफी जानकारी मिलती है।

हिमालयन 750 को इससे पहले अलग-अलग परिस्थितियों और सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान कई बार देखा जा चुका है। भारत में दिखाया गया मॉडल वही वर्जन है, जिसे हाल ही में ब्राजील में भी प्रदर्शित किया गया था। माना जा रहा है कि रॉयल एनफील्ड नवंबर 2026 में होने वाले EICMA मोटरसाइकिल शो में इसका प्रोडक्शन-रेडी मॉडल पेश कर सकती है।

रॉयल एनफील्ड हिमालयन 750 में मिलेंगे ये फीचर्स
हिमालयन 750 में कंपनी कई ऐसे फीचर्स देने की तैयारी में है, जो इसे मौजूदा हिमालयन से ज्यादा प्रीमियम बनाएंगे। इसमें क्रूज कंट्रोल, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), पूरी तरह एडजस्ट होने वाला फ्रंट सस्पेंशन और TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर शामिल हैं।

खास बात यह है कि हिमालयन 750 रॉयल एनफील्ड की पहली ऐसी मोटरसाइकिल होगी, जिसमें फैक्ट्री से ही क्रूज कंट्रोल और TPMS जैसे फीचर्स दिए जाएंगे।

बाइक में 19 इंच का फ्रंट और 17 इंच का रियर व्हील सेटअप दिया गया है। दिखाए गए मॉडल में अलॉय व्हील्स के साथ वर्डिस्टाइन सेंट्यबरो डुअल-पर्पज टायर्स लगाए गए हैं। हालांकि, कंपनी की शुरुआती तस्वीरों में क्रॉस-स्पोक व्हील्स वाला मॉडल भी नजर आया था। इससे उम्मीद है कि बाइक को अलग-अलग व्हील विकल्पों के साथ पेश किया जा सकता है।

डिजाइन में दिखेंगे बड़े बदलाव
डिजाइन के मामले में हिमालयन 750 मौजूदा छोटी हिमालयन से काफी अलग नजर आती है। बाइक में सीधा और मजबूत स्टांस दिया गया है। इसके अलावा इसमें बड़ी फेयरिंग, नया हेडलैंप सेटअप और फ्यूल टैंक की ओर फैली हुई बॉडी देखने को मिलती है।

इसके टैंक श्राउड भी पहले के मुकाबले बड़े हैं। बाइक में एक बड़ा विंडस्क्रीन दिया गया है, जिसमें छोटा कटआउट भी मौजूद है। इससे राइडिंग के दौरान हवा का कुछ हिस्सा राइडर तक पहुंच सकता है।

LED हेडलैंप का डिजाइन रॉयल एनफील्ड की मौजूदा मोटरसाइकिलों से मिलता-जुलता है। वहीं, पीछे की तरफ डिजाइन को काफी सिंपल रखा गया है और ब्रेक लाइट्स को इंडिकेटर यूनिट्स के साथ ही इंटीग्रेट किया गया है।

नए फ्रेम और मोनोशॉक के साथ आएगी बाइक
हिमालयन 750 के लिए रॉयल एनफील्ड ने नया फ्रेम और स्विंगआर्म तैयार किया है। खास बात यह है कि यह कंपनी की पहली ट्विन-सिलेंडर मोटरसाइकिल होगी, जिसमें रियर में ट्विन शॉक के बजाय मोनोशॉक सस्पेंशन दिया जाएगा।

फ्रंट में पूरी तरह एडजस्ट होने वाला सस्पेंशन सेटअप मिलेगा। ब्रेकिंग के लिए आगे की तरफ ट्विन डिस्क और पीछे सिंगल डिस्क दी गई है। बड़े इंजन और एडवेंचर टूरिंग को ध्यान में रखते हुए बाइक के चेसिस और हार्डवेयर को तैयार किया गया है।

750 सीसी का नया पैरेलल-ट्विन इंजन
रॉयल एनफील्ड का नया 750 सीसी इंजन काफी समय से विकास के दौर में है और हिमालयन 750 इस इंजन का इस्तेमाल करने वाली कंपनी की पहली मोटरसाइकिल हो सकती है। यह मौजूदा 650 सीसी पैरेलल-ट्विन इंजन का बड़ा वर्जन बताया जा रहा है।

कंपनी इंजन के आंतरिक हिस्सों में बदलाव कर सकती है, ताकि इसे ज्यादा क्षमता, बेहतर प्रदर्शन और कम वजन के साथ बड़ी एडवेंचर मोटरसाइकिल के लिए उपयुक्त बनाया जा सके। उम्मीद है कि यह इंजन करीब 50 बीएचपी की पावर और 65 एनएम का टॉर्क पैदा कर सकता है।

ट्रांसमिशन के लिए इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलने की उम्मीद है। हालांकि, लंबी दूरी की यात्रा को ध्यान में रखते हुए इसके गियर रेशियो में बदलाव किया जा सकता है। एग्जॉस्ट के लिए बाइक में ट्विन-सिलेंडर सेटअप के साथ 'टू-इन-वन' एग्जॉस्ट डिजाइन मिलने की संभावना है।

कब लॉन्च होगी हिमालयन 750?
रॉयल एनफील्ड हिमालयन 750 के प्रोडक्शन वर्जन को EICMA 2026 में वैश्विक स्तर पर पेश किए जाने की उम्मीद है। इसके बाद भारत में इसे 2027 की पहली तिमाही के आसपास लॉन्च किया जा सकता है।

अगर कंपनी तय समयसीमा के अनुसार इसे पेश करती है, तो हिमालयन 750 रॉयल एनफील्ड के एडवेंचर टूरिंग पोर्टफोलियो में एक ज्यादा प्रीमियम और दमदार विकल्प के तौर पर शामिल होगी।

(मंजू कुमारी)