world-news

करनाल में गरजे AAP प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता, भाजपा पर साधा निशाना

July 19, 2026

July 19, 2026

करनाल में गरजे AAP प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता, भाजपा पर साधा निशाना

AAP state president roared in Karnal : करनाल। आम आदमी पार्टी (AAP) के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने रविवार को करनाल में भाजपा और उसके सहयोगियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार दोबारा बनने जा रही है और भाजपा का वहां खाता भी नहीं खुलेगा। राघव चड्ढा और संदीप पाठक को लेकर दिए जा रहे बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि भाजपा ऐसे लोगों को आगे कर रही है जो पंचायत का चुनाव भी नहीं जीत सकते। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति डर या लालच में आ जाए, ऐसे लोगों की किसी भी पार्टी को आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने दावा किया कि संदीप पाठक आज भी पंचायत चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं हैं और भाजपा जिन नेताओं के भरोसे पंजाब में राजनीति करना चाहती है, वे वहां प्रभावहीन हैं।

जंतर-मंतर प्रकरण पर केंद्र सरकार को घेरा

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाकर अस्पताल में भर्ती कराने के मामले में भी डॉ. गुप्ता ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन चल रहा था, जिसमें अरविंद केजरीवाल सहित कई नेता शामिल हुए थे। सोनम वांगचुक अनशन पर बैठे थे, लेकिन सरकार ने उन्हें जबरन वहां से हटवा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले दिल्ली पुलिस के आयुक्त को बदला गया और उसके बाद पुलिस ने सोनम वांगचुक को वहां से उठाकर अस्पताल पहुंचा दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया तथा उनकी पत्नी को मोबाइल लेकर अस्पताल में जाने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री को हटाने की मांग को लेकर देशभर का युवा आंदोलन कर रहा है और आम आदमी पार्टी इस संघर्ष में युवाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने संसद की ओर कूच करने की भी बात कही।

पेपर लीक से युवाओं का भविष्य प्रभावित

डॉ. गुप्ता ने कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से मेहनत करने वाले छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में विफल रही है। हरियाणा और पंजाब में अपराध तथा नशे के मुद्दे पर बोलते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि पंजाब में पहले अकाली दल के शासन में नशे का कारोबार होता था, जिसे आम आदमी पार्टी की सरकार ने खत्म किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वही नेटवर्क अब हरियाणा में सक्रिय हो गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा को अपराध का केंद्र बना दिया गया है और देश का शायद ही कोई ऐसा गैंग हो जो यहां सक्रिय न हो। डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और शिक्षा, रोजगार तथा कानून-व्यवस्था जैसे विषयों पर संघर्ष जारी रखेगी।

Also Read