दरभंगा जिला परिषद की कई संपत्तियों से अपेक्षित आय नहीं हो रही है। इसे देखते हुए सरकार जल्द ही एक राज्यस्तरीय कमेटी का गठन करेगी, जो जिलों का दौरा कर जिला परिषद की जमीनों और अन्य संपत्तियों का भौतिक सत्यापन करेगी। कमेटी बाजार दर के अनुरूप इन संपत्तियो
.
दरभंगा में शनिवार को जिला अतिथि गृह में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने ये बातें कही। इस दौरान भाजपा एमएलसी देवेश कुमार के इस्तीफे और उससे जुड़े सवालों पर मंत्री ने कहा कि वह पिछले दो दिनों से दरभंगा दौरे पर हैं और उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है।
वहीं सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामले को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उसका जवाब न्यायालय में देंगे। केवटी और बहादुरपुर प्रमुख को पदमुक्त करने के मामले में उन्होंने कहा कि पटना लौटकर पूरे प्रकरण की जानकारी लेंगे और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक करते हुए मंत्री दीपक प्रकाश।
कलेक्ट्रेट में पंचायती राज विभाग की योजनाओं की समीक्षा भी की
बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शनिवार को अपने दो दिवसीय दरभंगा दौरे के दूसरे दिन समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में पंचायती राज विभाग की योजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की।
बैठक में पंचायत सरकार भवन, मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, मोक्ष धाम निर्माण और जिला परिषद की योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को सभी योजनाओं को गुणवत्ता और समय-सीमा के साथ पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने मंत्री दीपक प्रकाश और दरभंगा ग्रामीण के विधायक राजेश कुमार मंडल का पाग, चादर,मिथिला पेंटिंग और पौधा भेंट कर स्वागत किया।
दरभंगा में 308 पंचायतों में पंचायत सरकार भवन बनाए जाने हैं
समीक्षा में बताया गया कि जिले की 308 पंचायतों में पंचायत सरकार भवन बनाए जाने हैं। इनमें 98 भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 154 निर्माणाधीन हैं। मंत्री ने सभी बीडीओ और प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने तथा निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करने का निर्देश दिया।
साथ ही भवन निर्माण विभाग को सभी स्वीकृत प्राक्कलन की प्रतियां संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि निर्माण कार्य की प्रभावी निगरानी हो सके।

बैठक मे उपस्थित जिला भर के अधिकारी
31 योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है
मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना की समीक्षा में बताया गया कि जिले में 75 योजनाएं स्वीकृत हैं। इनमें 31 योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि शेष का प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है। मंत्री ने जिन स्थानों पर भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां शीघ्र भूमि चिन्हित कर निर्माण प्रक्रिया शुरू कराने का निर्देश दिया।
मोक्ष धाम निर्माण योजना के तहत जिले में 446 स्थलों का सर्वेक्षण पूरा होने की जानकारी दी गई। इस दौरान विधायक राजेश कुमार मंडल ने गौसाघाट और धोई घाट के बंद पड़े शवदाह गृहों को फिर से चालू कराने का सुझाव दिया।
45,600 लाइट लगाने का लक्ष्य था, 44,537 लाइटें लगाई जा चुकी
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत जिले को 45,600 लाइट लगाने का लक्ष्य मिला था, जिसके विरुद्ध अब तक 44,537 लाइटें लगाई जा चुकी हैं। यह लक्ष्य का लगभग 98 प्रतिशत है। मंत्री ने खराब स्ट्रीट लाइटों की नियमित जांच और शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही बहेड़ी और कुशेश्वरस्थान प्रखंडों में शेष कार्य जल्द पूरा करने को कहा।
मंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि जिन पंचायतों में पंचायत सरकार भवन बन चुके हैं, वहां आरटीपीएस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन और पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने जोर दिया। विधायक राजेश कुमार मंडल ने प्रत्येक पंचायत में खेल मैदान और पुस्तकालय विकसित करने का सुझाव दिया।
बैठक में मंत्री के आप्त सचिव अमरेश कुमार अमर, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार यादव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन, भवन निर्माण विभाग के अधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी उपस्थित रहे।