Aug 06, 2026 03:46 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
HP OmniPad 12 टैबलेट की बिक्री भारत में शुरू हो गई है। लॉन्च ऑफर के तहत, खरीदार 20 अगस्त तक चुनिंदा SBI और HDFC बैंक क्रेडिट कार्ड पर 5,000 रुपये का इंस्टेंट कैशबैक पा सकते हैं। साथ में ₹96000 के सब्सक्रिप्शन भी FREE मिल रहे हैं।

भारत में एचपी ओमनीपैड 12 की कीमत 48,999 रुपये से शुरू होती है।
HP OmniPad 12 Sale Live in India: Tablet खरीदने का प्लान है तो आपके लिए अच्छी खबर है। एचपी के पहला टैबलेट HP OmniPad 12 की बिक्री भारत में शुरू हो गई है। इसे मई में भारतीय बाजार के लिए खास तौर पर बनाए गए कंपनी के पहले टैबलेट के तौर पर लॉन्च किया गया था। इसमें 90 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट वाला 12-इंच का 2K डिस्प्ले है। यह टैबलेट Qualcomm Snapdragon प्रोसेसर पर चलता है और इसमें 8GB रैम के साथ-साथ माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए 1TB तक स्टोरेज बढ़ाने की सुविधा भी है। इसके साथ एक डिटैचेबल कीबोर्ड आता है और यह Android 16 पर चलता है। अच्छी बात यह है कि इस टैबलेट के साथ 96,000 रुपये कीमत के सब्सक्रिप्शन्स मुफ्त मिल रहे हैं। चलिए डिटेल में बताते हैं इनकी कीमत और खासियत के बारे में सबकुछ...
96,000 के बेनिफिट्स फ्री, इतनी है कीमत
भारत में एचपी ओमनीपैड 12 की कीमत 48,999 रुपये से शुरू होती है। यह दो कलर्स - निम ब्लू और मीटियोर सिल्वर में उपलब्ध है। OmniPad 12 को एचपी ऑनलाइन स्टोर, अमेजन, फ्लिपकार्ट, रिलायंस डिजिटल, क्रोमा, विजय सेल्स और एचपी वर्ल्ड स्टोर से खरीदा जा सकता है।
लॉन्च ऑफर के तहत, खरीदार 20 अगस्त तक चुनिंदा SBI और HDFC बैंक क्रेडिट कार्ड पर 5,000 रुपये का इंस्टेंट कैशबैक पा सकते हैं। कंपनी GPT-5, Claude 4, Gemini 2.5, Perplexity, Grok 4 और DeepSeek जैसी कई AI सर्विस का एक साल का सब्सक्रिप्शन भी दे रही है, जिसकी कीमत 96,000 रुपये है।
HP OmniPad 12 की खासियत
एचपी ओमनीपैड 12 में 12-इंच का 2K मल्टी-टच डिस्प्ले है, जिसका आस्पेक्ट रेशियो 16:10, ब्राइटनेस 400 निट्स तक और रिफ्रेश रेट 90 हर्ट्ज है। इसमें हेक्सा-कोर क्वालकॉम स्नैपड्रैगन SM6475Q प्रोसेसर लगा है, जो स्नैपड्रैगन 6 जेन 3 चिपसेट से काफी मिलता-जुलता है। इस चिप के साथ 8GB LPDDR5 रैम और 128GB UFS ऑनबोर्ड स्टोरेज दिया गया है। इसमें माइक्रो एसडी कार्ड के जरिए 1TB तक स्टोरेज बढ़ाने की सुविधा भी है। यह टैबलेट एंड्रॉयड 16 पर चलता है।
एचपी ने इसे 2-इन-1 डिवाइस के तौर पर डिजाइन किया है और इसके साथ एक अलग होने वाला कीबोर्ड भी आता है। यूजर्स टैबलेट और लैपटॉप मोड के बीच स्विच कर सकते हैं। टैबलेट मोड में इसका वजन 600 ग्राम है। इसमें iPrep, Lexillion और Brands.live जैसे एजुकेशनल और स्किलिंग ऐप्स पहले से ही इंस्टॉल आते हैं।
मल्टीमीडिया के लिए, टैबलेट डीटीएस अल्ट्रा और डुअल हाई-एसएनआर माइक्रोफोन के साथ ट्यून किए गए क्वाड स्पीकर से लैस है। इसमें 8 मेगापिक्सेल का फ्रंट-फेसिंग कैमरा और 13 मेगापिक्सेल का रियर कैमरा है।
टैबलेट में मिलने वाले कनेक्टिविटी ऑप्शन्स में वाई-फाई 6ई, ब्लूटूथ 5.2 और एक यूएसबी टाइप-सी पोर्ट शामिल हैं। इसमें डुअल-सेल 31Wh ली-आयन पॉलीमर बैटरी है। एचपी का दावा है कि यह एक बार चार्ज करने पर 18 घंटे तक की बैटरी लाइफ दे सकता है। टैबलेट-ओनली मोड में, इसका माप 283 x 178.1 x 7.3 एमएम है और इसका वजन 600 ग्राम है।
