world-news

हिसार: 9,570 प्रतिबंधित नशीली गोलियों के साथ महिला समेत 2 तस्कर गिरफ्तार, एंटी नारकोटिक सेल ने बिछाया जाल - Haribhoomi

September 20, 2026

पहली कार्रवाई महाबीर कॉलोनी में रामलीला ग्राउंड के पास की गई, जहां से एक महिला को पकड़ा गया। दूसरी कार्रवाई में क्लोथ मार्केट के पास से चंदन नगर के युवक को नशीली गोलियों के साथ पकड़ा। 

Drug Trafficking

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

  • Published: 20 Sep 2026, 06:37 PM IST
  • Last Updated: 20 Sep 2026, 06:37 PM IST

हरियाणा में नशे के अवैध कारोबार और ड्रग्स तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हिसार पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 9,570 प्रतिबंधित अल्प्राजोलम (Alprazolam) गोलियों की भारी खेप बरामद की है। जब्त की गई नशीली दवाओं का कुल वजन 957 ग्राम 300 मिलीग्राम मापा गया है। इस कार्रवाई में एक महिला तस्कर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

सिर पर गत्ते का डिब्बा रख जा रही महिला के पास से मिली 9,420 गोलियां
एंटी नारकोटिक सेल की टीम को महाबीर कॉलोनी स्थित रामलीला मैदान के पास गुप्त सूचना मिली थी कि एक महिला भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं लेकर गुजरने वाली है। सूचना मिलते ही महिला पुलिस कर्मियों के सहयोग से संदिग्ध महिला को घेराबंदी कर रोका गया। 

तलाशी के दौरान महिला के सिर पर रखे गत्ते के कार्टून से 9,420 अल्प्राजोलम गोलियां (वजन 942 ग्राम) बरामद हुईं। आरोपी महिला की पहचान महाबीर कॉलोनी निवासी शालू (पति सतीश) के रूप में हुई है। एचटीएम (HTM) थाना पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्लोथ मार्केट के पास से दूसरा आरोपी 150 गोलियों के साथ धराया
एक अन्य मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जीएच मोड़, क्लोथ मार्केट के पास से चंदन नगर निवासी जोगिंद्र (पिता भरत सिंह) को धर दबोचा। आरोपी के पास से 150 प्रतिबंधित नशीली गोलियां (वजन 15 ग्राम 300 मिलीग्राम) बरामद की गईं। इस संबंध में थाना शहर हिसार में कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस रिमांड में खुलेगा मुख्य सप्लायर का राज
हिसार पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी। रिमांड की अवधि के दौरान पुलिस मुख्य रूप से यह पता लगाएगी कि यह नशीली गोलियां कहां से खरीदी गई थीं और इन्हें किन-किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस का मुख्य लक्ष्य केवल बरामदगी तक सीमित न रहकर पूरे ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश करना है।

DGP बोले- नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, पहचान रखी जाएगी गुप्त
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) अजय सिंघल ने इस सफल कार्रवाई पर कहा कि प्रदेश में नशे के अवैध व्यापार के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति लागू है। पुलिस का मुख्य ध्यान तस्करों के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन को पूरी तरह से ध्वस्त करने पर है। 

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी नशे की बिक्री या तस्करी हो रही है, तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।