झारखंड के पलामू और बिहार के रोहतास के रहने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत औरंगाबाद पुलिस ने करीब 84 किलोग्राम गांजा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 83.969 किलोग्राम गांजा, दो चार पहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
.
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार के अनुसार शुक्रवार की शाम करीब 7:35 बजे बारूण थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि बल्बू गुप्ता होटल के पास अवैध मादक पदार्थ की बड़ी खेप की बिक्री होने वाली है। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी गई।
एसपी के निर्देश पर सदर-1 के एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसे तत्काल मौके पर भेजा गया।

जब्त की गई गांजा की खेप।
रेकी के बाद घेराबंदी, कार से मिली गांजे की बड़ी खेप
विशेष टीम ने बल्बू गुप्ता होटल के आसपास पहुंचकर पहले रेकी की। इसी दौरान औरंगाबाद से डेहरी की ओर जा रही एक चार पहिया गाड़ी तेज रफ्तार में आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 83.969 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके से वाहन में सवार चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज निवासी मनोज कुमार, रोहतास जिले के डेहरी न्यू डेलिया निवासी धीरज कुमार गुप्ता, सुरेश सिंह तथा प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में चारों आरोपितों ने गांजा तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस ने इस मामले में बारूण थाना कांड संख्या 311/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

गांजा की खेप के साथ जब्त की गई कार।
एक और वाहन बरामद, न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
पुलिस ने बताया कि अनुसंधान के दौरान इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े एक अन्य चार पहिया वाहन को भी बारूण थाना क्षेत्र के बरूआ पुल के पास से बरामद किया गया। इस तरह कुल दो चार पहिया वाहन पुलिस के कब्जे में आए हैं। इसके अलावा आरोपितों के पास से पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। औरंगाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा तथा ऐसे अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।