world-news

लापरवाही पर नोटिस, अवैध शराब पर कार्रवाई के निर्देश: मैहर के जन विश्वास शिविर में पहुंचे संभागायुक्त; 80% शिकायतों का मौके पर समाधान - Maihar News

September 18, 2026

मैहर के संभागंज में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत लगाए गए शिविर में ग्रामीणों ने 185 आवेदन दिए। इनमें करीब 80% शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।

.

हैंडपंप और पाइप लाइन की शिकायत पर संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस देने के निर्देश दिए, जबकि लोही में अवैध शराब की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई के लिए कहा।

हैंडपंप की शिकायत पर अधिकारियों को नोटिस

शिविर में ग्रामीणों ने बताया कि हैंडपंप बंद है और शिकायत के बाद भी पाइप नहीं डाला गया। इस पर संभागायुक्त ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री और सहायक अभियंता, मैहर को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए।

रोहनियां खुर्द की मोना ठाकुर ने लाड़ली बहना योजना की राशि नहीं मिलने की शिकायत की। संभागायुक्त ने डीपीओ राजेंद्र बांगरे और सीडीपीओ को नोटिस जारी कर शिकायत का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।

लोही में अवैध शराब की शिकायत

ग्राम लोही में अवैध शराब बिकने की शिकायत भी सामने आई। संभागायुक्त ने आबकारी विभाग को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई में लापरवाही मिली तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

20 टीबी मरीजों को फूड बास्केट दिए

शिविर में निःक्षय अभियान के तहत टीबी से पीड़ित 20 लोगों को फूड बास्केट दिए गए। महिला स्व-सहायता समूहों और अन्य लाभार्थियों को सखी स्वावलंबन योजना के तहत कुल 7.60 लाख रुपए का लाभ दिया गया।

महिलाओं ने नाली की समस्या भी बताई। इस पर जनपद सीईओ को जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए।

बच्चों का आत्मविश्वास देखकर अधिकारियों ने सराहा

संभागायुक्त और कलेक्टर ने ग्राम लोही के आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां 18 बच्चे मौजूद मिले। अधिकारियों ने बच्चों की उपस्थिति, पढ़ाई और पोषण की व्यवस्था देखी।

चार साल की रागिनी ने अधिकारियों के सामने बिना झिझक कविता सुनाई। दूसरे बच्चों ने अल्फाबेट और गिनती सुनाई। बच्चों का आत्मविश्वास देखकर अधिकारियों ने उनकी तारीफ की। बच्चों को फल, चॉकलेट और बिस्किट बांटे गए।

कार्यकर्ता को बच्चों पर ध्यान देने के निर्देश

संभागायुक्त ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को बच्चों को अपने घर के बच्चे की तरह मानकर उनकी पढ़ाई, पोषण और विकास पर ध्यान देने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य केंद्र में गंदगी मिलने पर नाराजगी

अधिकारियों ने अमदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां गंदगी और व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर संभागायुक्त ने नाराजगी जताई और सुधार के निर्देश दिए।