world-news

महाराष्ट्र: रायगढ़ में दिवेआगर बीच पर बड़ा हादसा, समुद्र में डूबे पुणे के 8 छात्र; सभी की मौत

October 1, 2026

महाराष्ट्र: रायगढ़ में दिवेआगर बीच पर बड़ा हादसा, समुद्र में डूबे पुणे के 8 छात्र; सभी की मौत

समुद्र में नहाने उतरे 8 छात्रों की डूबकर मौत.

Raigarh News: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के दिवेआगर समुद्र तट पर गुरुवार को दर्दनाक हादसा हुआ. यहां समुद्र में नहाने के दौरान पुणे के आलंदी से आए 8 छात्रों की डूबने से मौत हो गई. बताया जा रहा कि समुद्र में उतरने के दौरान अचानक तेज लहरों की चपेट में आने से छात्र डूब गए. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और राहत-बचाव टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. महाकाली वॉटर स्पोर्ट्स के कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों की मदद से सभी 8 छात्रों के शव समुद्र से बाहर निकाल लिए गए. शवों को बोर्ली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है.

बता दें कि रायगढ़ जिले में कोंकण तट पर स्थित दिवेआगर बीच अपनी खूबसूरती, साफ-सफाई और शांत माहौल के लिए जाना जाता है. करीब 4 से 5 किलोमीटर लंबे इस समुद्र तट पर सफेद रेत, नीला समुद्र और आसपास की हरी-भरी पहाड़ियां पर्यटकों को आकर्षित करती हैं. यही वजह है कि पुणे से 8 छात्र यहां घूमने आए और हादसे का शिकार हो गए.

ये भी पढे़ं- सूखे ने तोड़ी उम्मीद, किसान ने 3 एकड़ पपीते की फसल पर चला दिया रोटावेटर; सामने खड़े थे विधायक

42 छात्रों का ग्रुप दिवेआगर घूमने आया था

जानकारी के मुताबिक, आलंदी स्थित विनर्स एकेडमी के 42 छात्र ट्रिप पर दिवेआगर आए थे. बताया जा रहा कि इनमें 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र शामिल थे. इसी दौरान ग्रुप के 8 छात्र समुद्र में तैरने के लिए उतर गए. समुद्र में जाने के कुछ ही देर बाद वे तेज बहाव और बदलते पानी के स्तर की चपेट में आ गए. देखते ही देखते सभी छात्र डूब गए.

हालांकि समुद्र में अचानक उठीं तेज लहरों को हादसे की वजह बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाहर से आने वाले पर्यटकों और छात्रों को समुद्र की गहराई और पानी के बदलते स्तर का सही अंदाजा नहीं होता. ऐसे में उन्हें समुद्र में उतरते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है.

स्थानीय लोगों ने किया छात्रों का रेस्क्यू

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय बचाव दल मौके पर पहुंचा. महाकाली वाटर स्पोर्ट्स के कर्मचारियों के साथ स्थानीय नागरिकों और वहां मौजूद पर्यटकों ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद की. काफी प्रयासों के बाद सभी 8 छात्रों को समुद्र से बाहर निकाला गया. इसके बाद सभी शवों को बोरली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है.

स्थानीय बचाव दल के मुताबिक, दिवेआगर में अक्सर बाहर से छात्र और पर्यटक घूमने आते हैं. ऐसे लोगों को समुद्र में उतरने से पहले पानी की गहराई और ज्वार-भाटे को लेकर चेतावनी दी जाती है. बचाव दल का कहना है कि बाहर से आने वाले लोगों को कई बार समुद्र की स्थिति का अंदाजा नहीं होता. फिलहाल इस हादसे में वास्तव में क्या हुआ, इसकी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है. ग्रुप के साथ शिक्षकों और छात्रों से भी संपर्क करने की कोशिश की जा रही है.

मंत्री अदिति तटकरे ने जताया दुख

मंत्री अदिति तटकरे ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन और बचाव दल रेस्क्यू में जुटे हैं. उन्होंने बताया कि बचाए गए छात्रों के इलाज के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन छात्रों के संपर्क में है. उन्होंने मानसून के मौसम को देखते हुए शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विशेष सावधानी बरतने की बात कही. वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद दिवेआगर बीच पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. मृत छात्रों के परिवारों को भी हादसे की जानकारी दी जा रही है.

विनोद जगदाले

विनोद जगदाले

विनोद जगदाले को 22 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव है. वो मुंबई और महाराष्ट्र की राजनीति की गहरी समझ रखते हैं. ज़ी न्यूज़ और न्यूज़ 24 में पॉलिटिकल रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई बड़े खुलासे किए और एक्सक्लूसिव खबरें भी सामने लेकर आए. उनकी पहचान निष्पक्ष, बेबाक और जमीनी पत्रकार के तौर पर की जाती है. विनोद जगदाले 10 से ज्यादा सम्मान से सम्मानित और जनहित की आवाज को मजबूती से उठाने वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं.

Read More

google button