world-news

लखनऊ में 3 दिन में 3 लूट, दहशत: राइड बुक कर राइडर को सुनसान जगह ले जाते, लूटकर फरार हो जाते - Lucknow News

October 1, 2026

आशुतोष नारायण द्विवेदी | बख्शी का तालाब4 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

लखनऊ के बीकेटी इलाके में तीन दिन में ऑनलाइन ऑटो और बाइक राइडर से लूट की तीन घटनाएं सामने आई हैं। बदमाश ऑनलाइन राइड बुक कर राइडर को सुनसान जगह ले जाते थे। वहां पहले से मौजूद अपने साथियों के साथ मिलकर राइडर से नकदी और मोबाइल लूट लेते थे। नकदी नहीं मिलने पर मोबाइल से ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कराते थे।

तीन दिन से हो रही इन घटनाओं से इलाके के राइडर्स में दहशत फैल गई। पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने गुरुवार को ऐसे तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास दो मोबाइल फोन, 9600 रुपए नकद, एटीएम कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस मिला है। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने पिछले तीन में हुई घटनाओं में खुद के शामिल होने की बात काबूली है।

अब पढ़िए पहला मामला-

ऑटो में बैठा, आगे चौराहे ले जाने को कहा

सैरपुर क्षेत्र में वकार हसन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 सितंबर की सुबह करीब 3 बजे मेडिकल कॉलेज कन्वेंशन सेंटर के पास उन्होंने अपना ऑटो खड़ा किया था। इसी दौरान एक व्यक्ति ऑटो में बैठ गया और मुबारकपुर चौराहे चलने को कहा। चौराहे पर पहुंचने के बाद उसने आगे चलने के लिए कहा और भुगतान की बात कही।

पीड़ित के मुताबिक, आईआईएम की तरफ आगे बढ़ने पर दो अन्य लोग आ गए। तीनों ने धमकाकर पैसे मांगे। डर के कारण उन्होंने पास रखे 4 हजार रुपये दे दिए, लेकिन आरोपी नहीं माने। आरोप है कि मोबाइल का यूपीआई लॉक खुलवाकर करीब 330 रुपए ट्रांसफर कर लिए गए। इसके बाद डर के चलते पीड़ित ने अपने भाई से 3,600 रुपये ऑनलाइन मंगवाए, जिन्हें भी आरोपियों ने अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया। आरोपी मोबाइल छीनकर फरार हो गए।

दूसरा मामला-

बाइक से दूसरा व्यक्ति आया, दोनों ने मिलकर 40 हजार छीने

दूसरा मामला सैरपुर क्षेत्र का ही है। अमित श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि 29 सितंबर की रात करीब 2:40 बजे उन्हें सेवा हॉस्पिटल से रैथा रोड रुक्मणी लॉन के आगे जाने के लिए बुकिंग मिली थी। वह ग्राहक को लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचे।

आरोप है कि वहां ग्राहक ने उन्हें कुछ आगे छोड़ने को कहा। फर्रुखाबाद मोड़ के पास पहुंचने पर पैसे मांगने पर युवक ने क्यूआर दिखाने की बात कही और बातचीत में टालमटोल करता रहा। इसी दौरान बाइक से एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचा और दोनों ने मिलकर पीड़ित के पास मौजूद 40 हजार रुपए छीन लिए।

तहरीर के अनुसार आरोपियों ने मोबाइल भी छीन लिया और यूपीआई का पासवर्ड पूछकर मोबाइल से करीब 1,070 रुपये ट्रांसफर कर लिए। इसके बाद मोबाइल लेकर फरार हो गए।

तीसरा मामला-

सुनसान जगह ले गया, धमकी देने लगा

तीसरी घटना बीकेटी क्षेत्र की है। रवि गौतम ने बताया कि वह दुबग्गा से भिठौली आटो रिक्शा चलाते हैं। 27 सितंबर की रात करीब 9 बजे राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास तीन लोग उनके ई-रिक्शा में बैठे और मुबारकपुर जाने को कहा।

आरोप है कि रास्ते में तीनों ने अपनी किसी रिश्तेदार के आगे रहने की बात कही और उन्हें रैथा रोड से बख्शी का तालाब रोड की ओर ले गए। सुनसान जगह पर पहुंचने के बाद तीनों ने धमकाकर उनका ओप्पो मोबाइल छीन लिया। आरोपियों ने मोबाइल से करीब 1,330 रुपये ट्रांसफर किए और पर्स भी छीन लिया। पर्स में लाइसेंस, पीएनबी का एटीएम कार्ड और 700 रुपये नकद थे।

गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार

ऑटो की राइड बुक कर चालकों को सुनसान जगह ले जाकर मोबाइल और नकदी लूटने वाले गैंग का सैरपुर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से दो मोबाइल फोन, 9,600 रुपए नकद, एक एटीएम कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऑटो बुक करने के बाद चालक को सुनसान स्थान पर ले जाते थे। वहां डराने-धमकाने के बाद मोबाइल और नकदी छीन लेते थे। इसके बाद मोबाइल के जरिए ऑनलाइन रकम भी ट्रांसफर कराते थे। पूछताछ में आरोपियों ने सैरपुर के अलावा बीकेटी क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदात करना स्वीकार किया है।

तीनों आरोपियों पर पहले से मुकदमे

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूटे गए मोबाइल और अन्य सामान को बेचकर मिलने वाली रकम का इस्तेमाल वे अपने व्यक्तिगत खर्च और शौक पूरे करने में करते थे। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, अंचल सिंह के खिलाफ चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। अमित रावत के खिलाफ भी चोरी और मारपीट से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं, जबकि हर्षित रावत के खिलाफ बीकेटी थाने में मारपीट से संबंधित मामला दर्ज है।

.