
कीर स्टार्मर. फोटो क्रेडिट- Getty Images.
ब्रिटेन की राजनीति में बड़ा बदलाव हुआ है. पूर्व प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के 71 दिन बाद सांसद पद भी छोड़ने का ऐलान कर दिया है. स्टार्मर ने कहा कि अब वह अंतरराष्ट्रीय मामलों और महिलाओं व लड़कियों के खिलाफ हिंसा रोकने जैसे मुद्दों पर काम करना चाहते हैं. उनके इस्तीफे के बाद लंदन की होलबोर्न एंड सेंट पैनक्रास सीट पर उपचुनाव होगा. स्टार्मर ने इस सीट का प्रतिनिधित्व 2015 से किया था. यह सीट लंबे समय से लेबर पार्टी का मजबूत गढ़ मानी जाती है. 2024 के आम चुनाव में स्टार्मर ने यहां 11 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी. प्रधानमंत्री पद छोड़ने के बाद उन्होंने कहा था कि वह 2029 में होने वाले अगले आम चुनाव तक सांसद बने रहेंगे. ऐसे में उनका अचानक सांसद पद छोड़ने का फैसला राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है.
स्टार्मर ने स्थानीय अखबार Camden New Journal से कहा कि इस क्षेत्र का 11 साल तक प्रतिनिधित्व करना उनके लिए बड़े सम्मान और गर्व की बात रही है. उन्होंने कहा कि अब उन्हें लगता है कि यह जिम्मेदारी किसी नए उत्तराधिकारी को सौंपने का सही समय है. उन्होंने बताया कि सांसद पद छोड़ने के बाद उनका फोकस डिफेंस, सिक्योरिटी, ट्रेड और टेक्नोलॉजी समेत अंतरराष्ट्रीय मामलों पर रहेगा. इसके साथ ही वह महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हिंसा रोकने के लिए भी काम जारी रखेंगे. स्टार्मर ने कहा कि वह इस मुद्दे पर सांसद बनने से पहले से काम करते रहे हैं और आगे भी इसे जारी रखना चाहते हैं.
उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल
स्टार्मर के इस्तीफे के साथ ही होलबोर्न एंड सेंट पैनक्रास सीट पर उपचुनाव की तैयारी शुरू हो जाएगी. हालांकि उपचुनाव की तारीख तब तक तय नहीं होगी, जब तक स्टार्मर औपचारिक रूप से हाउस ऑफ कॉमन्स से इस्तीफा नहीं दे देते. कंजर्वेटिव पार्टी ने स्टार्मर के फैसले पर निशाना साधा है. पार्टी के चेयरमैन केविन हॉलिनरेक्स ने इसे स्टार्मर का एक और यू-टर्न बताया. उन्होंने कहा कि स्टार्मर ने सांसद बने रहने का वादा किया था, लेकिन अब उनके फैसले से टैक्सपेयर्स पर उपचुनाव का अतिरिक्त खर्च आएगा. इस सीट पर लेबर पार्टी को ग्रीन पार्टी से चुनौती मिलने की संभावना है. हाल के स्थानीय चुनावों में इस क्षेत्र में लेबर को करीब 39.5% वोट, जबकि ग्रीन पार्टी को 29.8% वोट मिले थे. ग्रीन पार्टी के नेता जैक पोलांस्की के भी चुनाव लड़ने की चर्चा है.
पिछले प्रधानमंत्रियों से अलग फैसला
स्टार्मर का यह फैसला ब्रिटेन के हालिया प्रधानमंत्रियों की तुलना में काफी अलग है. ऋषि सुनक प्रधानमंत्री पद छोड़ने के दो साल बाद भी सांसद हैं. लिज ट्रस 2024 के चुनाव तक सांसद बनी रहीं. वहीं थेरेसा मे प्रधानमंत्री पद छोड़ने के करीब पांच साल बाद तक सांसद रहीं. इसके उलट बोरिस जॉनसन और डेविड कैमरन ने प्रधानमंत्री पद छोड़ने के कुछ समय बाद ही हाउस ऑफ कॉमन्स से इस्तीफा दे दिया था. ऐसे में स्टार्मर का प्रधानमंत्री पद छोड़ने के सिर्फ 71 दिन बाद सांसद पद भी छोड़ना ब्रिटेन की राजनीति में एक असामान्य और अहम घटनाक्रम माना जा रहा है.
TV9 Bharatvarsh
टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.
Read More