
मांस के टुकड़े फेंकने वालों पर एक्शन.
Telangana News: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में गणेश उत्सव और विसर्जन की तैयारियों के बीच रविवार दोपहर उस वक्त अचानक तनाव का माहौल बन गया, जब एक अपार्टमेंट की 7वीं मंजिल से मांस के टुकड़े फेंके जाने की बात सामने आई. घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हैदराबाद पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति पर काबू पाया. घटना की जानकारी मिलते ही चारमीनार ज़ोन के डीसीपी (DCP) खरे किरण भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.
पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर संबंधित अपार्टमेंट से तीन निवासियों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया. हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद इमरान कुरैशी, अर्शिया बेगम और सबीना के रूप में हुई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीनों को कानूनी प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा.
आयोजकों की शिकायत पर विधिक कार्रवाई
गणेश कार्यक्रम के आयोजकों ने इस घटना को लेकर पुलिस को एक औपचारिक शिकायत और याचिका सौंपी है, जिसमें दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की गई है. डीसीपी खरे किरण ने बताया कि शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: IIT बॉम्बे छात्र सुसाइड केस: अब क्राइम ब्रांच करेगी जांच, 18 सूत्रीय मांगों पर डायरेक्टर के हस्ताक्षर, आज होगी अहम बैठक
अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील
घटना के बाद पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और दोनों समुदायों के प्रबुद्ध लोगों के सहयोग से इलाके में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है. DCP खरे किरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर तैर रही किसी भी तरह की अफवाहों या अप्रामाणिक दावों पर बिल्कुल भरोसा न करें और न ही उन्हें शेयर करें. उन्होंने चेतावनी दी है कि जानबूझकर गलत जानकारी फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

नूर मोहम्मद शेख
हैदराबाद की हर छोटी से बड़ी खबरों पर पैनी नजर और सनसनीखेज घटनाओं को जल्द से जल्द दर्शकों तक पहुंचाने की कला शेख नूर मोहम्मद को बखूबी आती है. आजतक और एनडीटीवी जैसे राष्ट्रीय चैनल में काम करने के बाद साल 2007 से Tv9 भारतवर्ष के साथ जुड़े हैं. TV9 तेलुगु में विभिन्न पदों पर रिपोर्टर के रूप में काम करते हुए साल 2016 में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में पदोन्नत हुए, तब से दक्षिणी राज्यों के लिए TV9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है.
Read More