AGM ने अपना नया रग्ड टैबलेट PAD P3 Compact लॉन्च किया है, जो फील्ड वर्क और मुश्किल परिस्थितियों के लिए बना है। इसमें 7,200mAh बैटरी, 120Hz डिस्प्ले और बिल्ट-इन कैंपिंग लाइट जैसे फीचर्स हैं।

न टूटेगा, न फूटेगा! 7,200mAh बैटरी वाला नया टैबलेट लॉन्च, बिल्ट-इन कैंपिंग लाइट भी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संक्षेप में पढ़ें
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। पतले और हलके टैबलेट तो आपने बहुत देखे होंगे जो काफी ज्यादा नाजुक भी माने जाते हैं, लेकिन AGM ने इस सोच को बदलते हुए अपना नया PAD P3 Compact टैबलेट लॉन्च कर दिया है। कंपनी का ये नया रग्ड टैबलेट खास तौर पर फील्ड वर्क, आउटडोर और मुश्किल कंडीशन में इस्तेमाल के लिए तैयार किया गया है।
टैबलेट न टूटेगा, न फूटेगा क्योंकि इसमें इसमें मजबूत बॉडी के साथ 120Hz डिस्प्ले, बड़ी बैटरी और Android 16 जैसे फीचर्स देखने को मिल रहे हैं। चलिए पहले इस टैबलेट के सभी फीचर्स जान लेते हैं...
AGM PAD P3 Compact टैबलेट के स्पेसिफिकेशन्स
स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो AGM PAD P3 Compact में 8.68 इंच का डिस्प्ले मिल रही है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करती है। टैबलेट की पीक ब्राइटनेस 600 निट्स तक जा सकती है। इस टैबलेट की मोटाई सिर्फ 14.5mm है और इसे आसानी से पकड़ने के लिए इसमें एडजस्टेबल स्ट्रैप भी दिए गए हैं।
जरूरत पड़ने पर इसे वैकल्पिक रोटेटिंग मेटल स्टैंड के साथ अलग-अलग एंगल पर आसानी से रखा जा सकता है। परफॉर्मेंस के लिए टैबलेट में दमदार MediaTek Helio G99 प्रोसेसर मिल रहा है। साथ ही इसमें 6GB RAM और 128GB स्टोरेज मिल रही है। स्टोरेज को microSD कार्ड के जरिए 1TB तक बढ़ाया जा सकता है।

AGM PAD P3 Compact टैबलेट की बैटरी और कैमरा
टैबलेट में पीछे की तरफ 50MP कैमरा मिल रहा है। कंपनी ने इसमें बिल्ट-इन कैंपिंग लाइट भी ऑफर की है, जो रात या कम रोशनी वाली जगहों पर काफी काम आ सकती है। जबकि पावर के लिए टैबलेट में 7,200mAh की बैटरी है, जो 18W चार्जिंग को सपोर्ट करती है।
टैबलेट की सबसे बड़ी खासियत इसकी मजबूती है जहां IP68, IP69K और MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन मिल रहा है। यानी इसे धूल, पानी और मुश्किल कंडीशन वाली जगह पर आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है। टैबलेट में Android 16 है और इसमें NFC, GPS, Wi-Fi और Widevine L1 जैसे फीचर्स भी मिल रहे हैं। ग्लोबल मॉडल में 4G और eSIM सपोर्ट मिल रहा है, जबकि अमेरिकी मॉडल Wi-Fi सपोर्ट है।
AGM PAD P3 Compact टैबलेट की कीमत
कीमत की बात करें तो इस AGM PAD P3 Compact टैबलेट की कीमत ऑफिशियल वेबसाइट पर फिलहाल $259.99 यानी लगभग ₹21,800 से शुरू हो रही है। लॉन्च ऑफर के तहत P3EARLY10 कोड से 5% की छूट भी मिल रही है। ओवरऑल कहें तो ये टैबलेट उन लोगों के लिए बनाया गया है जिन्हें ऐसा टैबलेट चाहिए जिसे ऑफिस की टेबल पर नहीं बल्कि फील्ड में इस्तेमाल किया जा सके।