मधुबनी के बेनीपट्टी क्षेत्र के सरिसव गांव में रविवार तड़के सुबह हथियारों से लैस 4 बदमाश घर में घुसे। वृद्ध महिला को बंधक बनाया फिर लूटपाट की।
.
बदमाशों ने महिला के साथ मारपीट की। इसके बाद करीब 5000 रुपये नकद और उसके शरीर पर पहने मंगलसूत्र, टॉप्स व नाक की नथ को जबरन छीन लिया। नाक का नथ खींचने के दौरान महिला की नाक में कट गई और वह लहूलुहान हो गई।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और बेनीपट्टी थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
देखें, मौके से आई तस्वीरें…

लूट की घटना के बाद घायल महिला।

इसी घर में हुई वारदात।

गांव में पसरा सन्नाटा।

घटना की सूचना पर पहुंची फारेंसिक टीम।
सिलसिलेवार पढ़ें, पूरा मामला…
बाउंड्री फांदकर अंदर दाखिल हुए बदमाश
घटना रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, चारों अपराधी घर की बाउंड्री फांदकर अंदर दाखिल हुए और घर में अकेली सो रही शुभचंद्र झा की पत्नी फूलदाई
देवी को जगाया। अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर घर में रखे रुपये और जेवरात के बारे में पूछताछ की। साथ ही शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।
अपराधियों ने काफी देर घर में सामान खंगाला
बताया जाता है कि महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए अपराधियों को छत पर सो रहे अपने पति और हाल में शादी हुई पुत्री के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। नवविवाहिता पुत्री शादी के जेवरात पहने हुए थी।
अपराधियों ने काफी देर तक घर में सामान खंगाला, लेकिन उन्हें अपेक्षित सामान नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसके शरीर पर पहने मंगलसूत्र, टॉप्स और नाक का छक जबरन छीन लिया।

लूटपाट के बाद चारों अपराधी मौके से फरार
नाक का छक खींचे जाने से महिला की नाक में गंभीर चोट लग गई। लूटपाट के बाद चारों अपराधी मौके से फरार हो गए। अपराधियों के जाने के बाद महिला चीखते हुए छत पर पहुंची और पति व पुत्री को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने डायल-112 को सूचना दी।
प्रभारी डीएसपी और ग्रामीण एसपी मौके पर पहुंचे
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी डीएसपी अंकुर कुमार और ग्रामीण एसपी शिवम धाकर भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पीड़ित महिला और उसके परिजनों से घटना की जानकारी ली।

डकैती के बाद बिखरा पड़ा सामान।
बिस्तर पर मिले महिला के खून के नमूने
साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने घर की बारीकी से जांच की और बिस्तर पर मिले महिला के खून के नमूने समेत अन्य संभावित साक्ष्यों को जुटाने का प्रयास किया।

एसपी बोले-जल्द घटना का खुलासा करेंगे
ग्रामीण एसपी शिवम धाकर ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर छानबीन कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। उन्होंने जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही।
घटनास्थल पर सर्किल इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार, एसएचओ सह पुलिस इंस्पेक्टर अनूप कुमार, राजनंदन कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद थे। घटना के बाद से सरिसव गांव में दहशत का माहौल है।