उदयपुर में वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन के तीसरे संस्करण को लेकर तैयारियां चल रही हैं। 6 सितंबर को होने वाली AIMS प्रमाणित मैराथन के लिए अब तक 7 हजार से ज्यादा एथलीट रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।
.
मैराथन में देश-विदेश के धावकों के साथ पेशेवर, शौकिया, कॉर्पोरेट टीमों, फिटनेस समुदाय, परिवार और पहली बार दौड़ में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागी शामिल होंगे।
3.5 लाख रुपए से ज्यादा की पुरस्कार राशि
हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस साल के विशेष जिंक फिनिशर मेडल को भी लॉन्च किया। मैराथन की विभिन्न कॉम्पिटिशन श्रेणियों में 3.5 लाख रुपए से ज्यादा की पुरस्कार राशि दी जाएगी। दौड़ पूरी करने वाले सभी प्रतिभागियों को विशेष रूप से डिजाइन किया गया फिनिशर मेडल मिलेगा।
सीईओ अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि जिंक सिटी हाफ मैराथन ने भारत की खूबसूरत मैराथनों में अपनी पहचान बनाई है। यह आयोजन फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ खेल और वेलनेस टूरिज्म को प्रोत्साहित कर रहा है। इससे स्थानीय होटल और सेवा क्षेत्र को भी लाभ मिल रहा है तथा उदयपुर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है।
मैराथन में 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर कूल रन और 5 किलोमीटर ड्रीम रन एवं चैंपियन रन श्रेणियां होंगी। पिछले वर्ष आयोजित दूसरे संस्करण में 27 राज्यों और 6 से अधिक देशों के करीब 7 हजार धावकों ने हिस्सा लिया था। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में धावकों के उदयपुर पहुंचने की उम्मीद है।

इस दौरान हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश भी मौजूद रहे।
फतेहसागर के आसपास से गुजरने वाला रूट मैराथन का प्रमुख आकर्षण रहेगा। झीलों, अरावली पर्वतमाला और ऐतिहासिक धरोहरों के बीच होने वाली यह दौड़ प्रतिभागियों को उदयपुर की प्राकृतिक और सांस्कृतिक सुंदरता का अनुभव कराएगी।
एनीबडी कैन रन के सहयोग से आयोजित इस मैराथन में इस वर्ष भी ‘रन फॉर जीरो हंगर’ के संदेश के साथ आयोजित होगी। कुपोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से खेल के माध्यम से सामाजिक संदेश दिया जाएगा। मैराथन से पहले उदयपुर, जयपुर, उत्तराखंड और हिंदुस्तान जिंक की विभिन्न इकाइयों में हुए प्रोमो रन और सामुदायिक गतिविधियों में 3 हजार से अधिक लोग शामिल हो चुके हैं।
बिब एक्सपो 4 और 5 सितंबर को
मैराथन में पंजीकृत प्रतिभागियों के लिए बिब एक्सपो 4 और 5 सितंबर को फील्ड क्लब उदयपुर में आयोजित होगा। 4 सितंबर को दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक और 5 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक एक्सपो चलेगा। यहां प्रतिभागी अपना रेस बिब प्राप्त करने के साथ रेस से संबंधित औपचारिकताएं पूरी कर सकेंगे।