world-news

पहली नौकरी से पहले हर फ्रेशर जान ले ये 6 बातें, जॉइन करने से पहले जान लें ये 6 जरूरी बातें

October 24, 2026

पहली नौकरी से पहले हर फ्रेशर जान ले ये 6 बातें, जॉइन करने से पहले जान लें ये 6 जरूरी बातें

फ्रेशर्स के लिए जरूरी खबर!Image Credit source: pixabay

कॉलेज से निकलने के बाद जब किसी फ्रेशर को पहली नौकरी मिलती है, तो उसकी खुशी अलग ही होती है. अच्छी सैलरी, नई जिम्मेदारियां और करियर में आगे बढ़ने के सपने लेकर यूथ IT कंपनियों में काम शुरू करते हैं, लेकिन नौकरी जॉइन करने के बाद कई ऐसी बातें सामने आती हैं, जिनके बारे में कॉलेज प्लेसमेंट या इंटरव्यू के दौरान ज्यादा चर्चा नहीं होती. ट्रेनिंग में लगने वाला लंबा समय, 90 दिन का नोटिस पीरियड, कम सैलरी हाइक और ऑफिस में देर रात तक काम करना ऐसी ही कुछ परेशानियां हैं.

हाल ही में Reddit के r/developersIndia पर एक यूजर ने इसी मुद्दे पर पोस्ट शेयर की. पोस्ट का टाइटल था कि Things nobody tells you when you join an Indian IT company as a fresher यानी भारतीय IT कंपनी में फ्रेशर के तौर पर नौकरी शुरू करने से पहले कोई आपको ये बातें नहीं बताता. यूजर ने अपने एक्सपीरियंस के बेस पर 6 ऐसी बातें बताईं, जिन्हें नौकरी जॉइन करने से पहले समझना जरूरी है.

ट्रेनिंग से लेकर सैलरी तक, इन बातों का रखें ध्यान

1. ट्रेनिंग में लग सकता है लंबा समय

यूजर के मुताबिक, किसी कंपनी में ट्रेनिंग तीन महीने की हो सकती है, तो कहीं इसमें 14 महीने तक लग सकते हैं. सिर्फ आपकी स्किल्स ही यह तय नहीं करतीं कि आपको किस तरह का काम मिलेगा. कई बार कंपनी में प्रोजेक्ट की उपलब्धता और बेंच पर असाइनमेंट का इंतजार भी आपकी भूमिका तय करता है.

2. नोटिस पीरियड को हल्के में न लें

कई कंपनियों में 90 दिन का नोटिस पीरियड होता है. ऐसे में नौकरी छोड़कर दूसरी कंपनी जॉइन करना आसान नहीं रहता. यूजर की सलाह है कि ऑफर स्वीकार करने से पहले नोटिस पीरियड और उससे जुड़े नियम अच्छी तरह समझ लें. हालांकि, हर कंपनी में इसे लेकर बातचीत की गुंजाइश हो, ऐसा जरूरी नहीं है.

3. हर साल मिलने वाली हाइक से बड़ी हो सकती है जॉब स्विच की बढ़ोतरी

पोस्ट में यूजर ने बताया कि एक ही कंपनी में तीन साल काम करने पर उसे सिर्फ 8 फीसदी सैलरी हाइक मिली, जबकि दूसरी कंपनी में जाने पर सैलरी में 60 फीसदी का उछाल आया. उनका कहना था कि करियर में आगे बढ़ने के लिए सिर्फ कंपनी में लंबे समय तक टिके रहना ही काफी नहीं है. अपनी स्किल्स और मार्केट में उनकी डिमांड को समझना भी जरूरी है.

4. प्रोजेक्ट के बाहर भी कुछ नया सीखें

कई बार कंपनी में जिस टेक्नोलॉजी पर काम कराया जाता है, वह पुरानी हो सकती है. ऐसे में सिर्फ ऑफिस के काम पर निर्भर रहना करियर के लिए नुकसानदायक हो सकता है. यूजर ने बताया कि उसने वीकेंड पर एक पर्सनल प्रोजेक्ट बनाया था, जिसने उसे अगली नौकरी पाने में मदद की. इसलिए अपनी पसंद की किसी टेक्नोलॉजी में अच्छी पकड़ बनाना फायदेमंद हो सकता है.

5. ऑफिस को परिवार बताने वाली बात से रहें सतर्क

यूजर ने लिखा कि जब कंपनी खुद को परिवार बताने लगे, तो उसके वर्क कल्चर को भी ध्यान से समझना चाहिए. परिवार जैसा माहौल होने का मतलब यह नहीं कि कर्मचारी से हर बार देर रात तक काम करने की उम्मीद की जाए. खासकर शुक्रवार रात 11 बजे तक डिप्लॉयमेंट जैसे कामों को सामान्य मान लेना सही नहीं है.

6. CTC की पूरी जानकारी लिखित में लें

ऑफर लेटर में मिलने वाली कुल सैलरी यानी CTC को देखकर ही खुश न हो जाएं. यह समझना जरूरी है कि उसमें फिक्स्ड सैलरी कितनी है, वेरिएबल पे कितना है और जॉइनिंग बोनस की क्या शर्तें हैं. कुछ मामलों में तय समय से पहले नौकरी छोड़ने पर बोनस लौटाना पड़ सकता है. यूजर के मुताबिक, इन शर्तों को ठीक से न समझने पर 12 लाख रुपये का पैकेज भी असल में 9 लाख रुपये के आसपास रह सकता है.

Reddit पर छिड़ी बहस

पोस्ट सामने आने के बाद कई यूजर्स ने अपनी राय रखी. एक यूजर ने कहा कि 80 से 90 फीसदी कंपनियों में नोटिस पीरियड पर बातचीत करना संभव नहीं होता, क्योंकि यह पहले से तय रहता है. वहीं, एक अन्य यूजर ने सवाल किया कि क्या ऑफर मिलने के समय नोटिस पीरियड पर बातचीत करने के सफल एग्जांपल भी हैं.

Things nobody tells you when you join an Indian IT company as a fresher by u/Top-Try419 in developersIndia

आयुष कुमार

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं. अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.

Read More

google button