
इंसान और रोबोट की लड़ाई Image Credit source: X/@REK
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो तेजी से चर्चा में है, जिसे देखकर पहली नजर में यकीन करना मुश्किल हो सकता है. सैन फ्रांसिस्को में एक करीब छह फीट लंबे ह्यूमनॉइड रोबोट ने इंसान के साथ फाइटिंग रिंग में मुकाबला किया. इस अजीबोगरीब मुकाबले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर फ्रेंकी ला पेन्ना रोबोट के सामने नजर आए.
दरअसल, इस मुकाबले का आयोजन अमेरिका की रोबोटिक्स कंपनी REK ने किया था. कंपनी एक ऐसे वर्चुअल रियलिटी कॉम्बैट गेम पर काम कर रही है, जिसमें इंसान दूर बैठकर ह्यूमनॉइड रोबोट को कंट्रोल कर सकेंगे. इसके जरिए अलग-अलग लोग रोबोट के जरिए एक-दूसरे से मुकाबला भी कर सकेंगे. इसी टेक्निक को दिखाने के लिए यह खास फाइट का इंतजाम किया गया था.
सैन फ्रांसिस्को की अनोखी फाइट ने मचाई हलचल
वायरल हो रहे वीडियो में फ्रेंकी ला पेन्ना एक फाइटिंग केज के अंदर रोबोट का सामना करते दिखाई देते हैं. मुकाबला शुरू होने से पहले रोबोट रिंग में इधर-उधर घूमता और वार्म-अप करता नजर आया. उसका डिजाइन भी काफी फ्यूचरिस्टिक रखा गया था, जिसकी वजह से वह किसी साइंस-फिक्शन फिल्म के रोबोट जैसा दिखाई दे रहा था. जैसे ही मुकाबला शुरू हुआ, ला पेन्ना ने रोबोट पर कई पंच लगाए. इसके जवाब में रोबोट ने भी तेजी से मुक्के और जोरदार किक मारनी शुरू कर दी. वीडियो के कुछ हिस्सों में रोबोट की किक्स इतनी ताकतवर दिखाई देती हैं कि ला पेन्ना पीछे की ओर फिसलते हुए केज के दूसरी तरफ पहुंच जाते हैं. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि रोबोट सिर्फ दिखने में ही खतरनाक नहीं था, बल्कि वह काफी ताकत के साथ मूव और स्ट्राइक भी कर सकता था.
REK ने इस इवेंट को इंसान और ह्यूमनॉइड रोबोट के बीच अपनी तरह का पहला मुकाबला बताया. कंपनी ने यह भी संकेत दिया कि इस फाइट की और फुटेज आगे जारी की जाएगी. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किए गए वीडियो के कैप्शन में कंपनी ने इस मुकाबले को ‘Human VS Terminator’ फाइट बताया और लिखा कि फ्रेंकी ला पेन्ना ने अपना पूरा दम लगा दिया.
वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट पर इस मुकाबले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ लोग सवाल कर रहे हैं कि अगर इसी रोबोट के सामने कोई प्रोफेशनल फाइटर उतरे तो मुकाबला कैसा होगा. एक यूजर ने कहा कि वह यह देखने में दिलचस्पी रखता है कि कोई असली फाइटर इस मशीन के खिलाफ कैसा प्रदर्शन करेगा और उसके मुताबिक कोई प्रोफेशनल इससे बेहतर तरीके से मुकाबला कर सकता है.
वहीं, एक अन्य यूजर ने भविष्य को लेकर अपनी राय रखते हुए कहा कि आने वाले कुछ सालों में इंसानों और रोबोट के बीच होने वाली फाइटिंग प्रोफेशनल कॉम्बैट स्पोर्ट्स का हिस्सा बन सकती है. हालांकि, ऐसा पहली बार नहीं है जब किसी ह्यूमनॉइड रोबोट के आक्रामक अंदाज ने लोगों को ‘टर्मिनेटर’ फिल्मों की याद दिलाई हो. इससे पहले भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर में मौजूद ह्यूमनॉइड रोबोट ग्राहक द्वारा धक्का दिए जाने के बाद उसकी तरफ बढ़ता दिखाई दिया था. रोबोट ने कथित तौर पर किक मारने जैसी हरकत भी की, जिसके बाद कर्मचारियों ने तुरंत बीचबचाव कर उसे बंद कर दिया.
यह भी पढ़ें: OMG! नई नौकरी के पहले दिन ही हुआ ऐसा कांड, ढाई घंटे बाद ऑफिस से निकला शख्स, वजह सुनकर शख्स भी रह गया दंग
फिलहाल इंसान और रोबोट की यह अनोखी फाइट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर रही है कि आने वाले समय में रोबोट हमारी रोजमर्रा की जिंदगी और खेलों में किस तरह की भूमिका निभा सकते हैं.
यहां देखिए वीडियो
We just made history with the first Human VS Terminator robot fight.
Frankie LaPenna gave it his all 🥊 More fight footage coming soon! pic.twitter.com/iADpv9d8Wg
— REK (@REK) September 20, 2026

आयुष कुमार
आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं.<p></p> अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. <p></p>फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.
Read More