world-news

बिहार: 6 महीने पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप! पहले गांव में चली चाकू, फिर अस्पताल में भी भिड़े गुट... 3 मौतों से सनसनी

October 4, 2026

Bihar Crime: बिहार के सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र में शनिवार की रात पुरानी रंजिश ने ऐसा खूनी रूप लिया कि देखते ही देखते तीन लोगों की जान चली गई. परसागढ़ में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद चाकूबाजी शुरू हो गई. हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए. इनमें तीन की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया है. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है.

सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि इस खूनी संघर्ष की जड़ करीब छह महीने पुराना विवाद बताया जा रहा है. पहले ट्रैक्टर से मिट्टी भराई को लेकर विवाद हुआ था. उस समय मामला इतना बढ़ा कि पंचायती कराकर विवाद को शांत कराया गया था, लेकिन शनिवार शाम पुरानी रंजिश फिर भड़क उठी और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते कहासुनी हिंसक संघर्ष में बदल गई और चाकू चलने लगे.

मिट्टी भराई के विवाद से शुरू हुई थी कहानी

बताया जा रहा है कि करीब छह महीने पहले ट्रैक्टर से मिट्टी भराई को लेकर विवाद हुआ था. उस समय पंचायत के स्तर पर दोनों पक्षों के बीच मामला सुलझा दिया गया था. ग्रामीणों का कहना है कि विवाद भले ही उस समय शांत हो गया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच अंदर ही अंदर रंजिश बनी रही. शनिवार की शाम इसी पुराने विवाद को लेकर फिर तनाव बढ़ा. परसागढ़ में परसा मोड़ स्थित उदासी बाबा मठिया के आसपास दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आए और देखते ही देखते चाकूबाजी शुरू हो गई. इस खूनी संघर्ष में कई लोग घायल हो गए.

एक की मौत, फिर अस्पताल में भी मचा बवाल

चाकूबाजी में गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए एकमा के निजी अस्पताल लाया गया. यहां भी स्थिति सामान्य नहीं रही. घायलों के इलाज के दौरान दोनों पक्षों के बीच अस्पताल परिसर में दोबारा चाकूबाजी हो गई. इससे अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच अफरातफरी मच गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए घायलों को बेहतर इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया.

तीन जिंदगियां खत्म

इस खूनी संघर्ष में अंकुर पटेल की मौत घटनास्थल पर ही होने की बात सामने आई है. वहीं रविश कुमार यादव ने एकमा के अस्पताल में दम तोड़ दिया. गंभीर रूप से घायल मुकेश यादव को इलाज के लिए छपरा ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई. मृतकों में पचुवा पंचायत के टोला जिराती निवासी विजय यादव के पुत्र रविश कुमार यादव, महाराजगंज के कस्तौरा गांव निवासी रामप्रवेश यादव के पुत्र मुकेश यादव और छपरा के काशी बाजार निवासी अंकुर पटेल शामिल बताए गए हैं. मुकेश एकमा इलाके में रहकर टाइल्स मिस्त्री का काम करता था.

पुलिस बोली- आपसी रंजिश का मामला, जांच जारी

वहीं घटना में घायल विवेक पटेल की हालत गंभीर बताई जा रही है. प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया है. घटना की सूचना मिलते ही एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. सदर एसडीपीओ-2 प्रेमचंद्र सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव ने भी बताया कि मामले की जांच की जा रही है.

घटना की सूचना मिलते ही एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. सदर एसडीपीओ-2 प्रेमचंद्र सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव ने भी बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पुराने विवाद के बाद शनिवार को दोबारा टकराव कैसे शुरू हुआ और चाकूबाजी में कौन-कौन लोग शामिल थे.

छह महीने पुरानी रंजिश का बदला या अचानक भड़का विवाद?

फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस विवाद को छह महीने पहले पंचायत में सुलझा दिया गया था, वह आखिर दोबारा क्यों भड़का? क्या शनिवार को हुई कहासुनी उसी पुराने मिट्टी भराई विवाद का नतीजा थी या इसके पीछे कोई नया विवाद भी जुड़ गया था, इसकी जांच की जा रही है.

तीन लोगों की मौत के बाद परसागढ़ और आसपास के इलाके में तनाव की स्थिति है. पुलिस पूरे घटनाक्रम, घटनास्थल और अस्पताल में हुई दूसरी चाकूबाजी की भी जांच कर रही है. पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.

ये भी पढ़ें: स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस ट्रेन के A2 कोच में घुसा सांप, दहशत में इतना थे यात्री, रेलवे को बदलनी पड़ी बोगी

मोहित पंडित

मोहित पंडित

मोहित पंडित ने साल 2004 से अपनी पत्रकारिता की शुरुआत की. नई बात, सन्मार्ग, सोनभद्र जैसे अखबारों में वे अपनी सेवा दे चुके हैं. वे सीमांचल के समाचारों को सकारात्मक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करते हैं और स्थानीय घटनाओं को उच्च स्तर पर रिपोर्ट करने में निपुण हैं. उनकी लेखनी में संवेदनशीलता और नैतिकता झलकती है.

Read More

google button