- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Ambedkarnagar
- Ambedkarnagar Road Widening: Shivranali To Saidapur Highway Project
अम्बेडकरनगर में अकबरपुर-चांदपट्टी-देल्हूपुर मार्ग के चौड़ीकरण को मंजूरी:शिवरानाली से सैदापुर तक 5 KM सड़क बनेगी, 3 से 7 मीटर चौड़ी होगी
अरुणेश प्रताप सिंह | अम्बेडकरनगर45 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अंबेडकरनगर में अकबरपुर-चांदपट्टी-देल्हूपुर मार्ग (SH-128) पर शिवरानाली से ससपना जाफरगंज होते हुए सैदापुर तक 5 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का रास्ता साफ हो गया है। विभागीय व्यय समिति ने 14.92 करोड़ रुपए की परियोजना को मंजूरी दे दी है। शासनादेश जारी होने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद सड़क का निर्माण शुरू होगा।
MLC के प्रस्ताव पर तैयार हुई परियोजना
यह परियोजना लोक निर्माण विभाग की लॉजिस्टिक मार्ग योजना के तहत एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय के प्रस्ताव पर तैयार की गई है। इसे वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल किया गया है।
मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग नियोजन वर्ग, लखनऊ ने 10 सितंबर को परियोजना की स्वीकृति के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था। इसके बाद 12 सितंबर को प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग की अध्यक्षता में विभागीय व्यय समिति की बैठक हुई। बैठक में परियोजना की जरूरत और इसके लिए वित्तीय व्यवस्था पर चर्चा की गई। समिति ने सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के काम को मंजूरी दे दी।
3 मीटर चौड़ी सड़क अब 7 मीटर होगी
अभी इस मार्ग की चौड़ाई करीब 3 मीटर है। परियोजना के तहत इसे बढ़ाकर 7 मीटर किया जाएगा। औद्योगिक कॉरिडोर के हिसाब से विकसित होने वाली इस सड़क के चौड़ीकरण से शिवरानाली, ससपना जाफरगंज और सैदापुर क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
सड़क चौड़ी होने से वाहनों की आवाजाही आसान होगी। साथ ही औद्योगिक गतिविधियों के लिहाज से भी यह मार्ग अधिक उपयोगी हो सकेगा।
सिविल कार्य पर 13.72 करोड़ रुपए खर्च होंगे
परियोजना की कुल लागत 14.92 करोड़ रुपए तय की गई है। इसमें 13.72 करोड़ रुपए सिविल कार्य पर खर्च होंगे। 86 लाख रुपए यूटिलिटी शिफ्टिंग और अन्य संबंधित कार्यों के लिए रखे गए हैं।
इसके अलावा 33.24 लाख रुपए रखरखाव, 52.04 लाख रुपए बिजली विभाग से जुड़े काम और 33.96 लाख रुपए वन विभाग से संबंधित कार्यों के लिए निर्धारित किए गए हैं। अब शासनादेश जारी होने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद चयनित एजेंसी सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का काम शुरू करेगी।
.