world-news

बलौदाबाजार में खेल प्रतिभाओं का महाकुंभ : 5 संभागों के 520 खिलाड़ी उतरेंगे मैदान में, आज होगा शुभारंभ - Haribhoomi

September 8, 2026

कसडोल स्थित इंडोर स्टेडियम हॉल में प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा, प्रतियोगिता में प्रदेशभर के युवा खिलाड़ी खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

26th State-Level School Sports Competition

26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता

  • Published: 08 Sep 2026, 10:47 AM IST
  • Last Updated: 08 Sep 2026, 10:47 AM IST

कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। जिले के कसडोल में आज 8 सितम्बर से 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का शानदार आगाज होने जा रहा है। कसडोल स्थित इंडोर स्टेडियम हॉल में दोपहर 3 बजे प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के युवा खिलाड़ी रग्बी, गतका और फेंसिंग जैसे खेलों में अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाएंगे।

520 खिलाड़ी मैदान में दिखाएंगे हुनर
चार दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से कुल 520 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें 260 बालक और 260 बालिका खिलाड़ी शामिल हैं। 8 से 11 सितंबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में खिलाड़ी अलग-अलग खेल विधाओं में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए मैदान में उतरेंगे।

मंत्री और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में होगा उद्घाटन
उद्घाटन समारोह में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद और विधायक समेत अन्य जनप्रतिनिधियों की भी मौजूदगी रहेगी।

बलौदाबाजार- कसडोल स्थित इंडोर स्टेडियम हॉल में प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा, प्रतियोगिता में प्रदेशभर के युवा खिलाड़ी खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। @BalodaBazarDist #StateLevelSport pic.twitter.com/lzvR6RqQrK

— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) September 8, 2026

खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था पूरी
प्रतियोगिता को लेकर जिला प्रशासन और आयोजन समिति ने खिलाड़ियों व कोच के लिए ठहरने और भोजन समेत जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। चार दिनों तक कसडोल में खेलों का रोमांच देखने को मिलेगा और प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता साबित करने का बड़ा मंच मिलेगा।

खेल प्रेमियों के लिए भी खास रहेगा आयोजन
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन से बलौदाबाजार जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय खेल प्रेमियों में भी उत्साह है। कसडोल में होने वाली यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रतिस्पर्धा और अनुभव का महत्वपूर्ण अवसर साबित होने वाली है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)