world-news

झारखंड में अगले 5 दिन तक बारिश का दौर, वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट

September 17, 2026

Ranchi : झारखंड में आज (गुरुवार, 17 सितंबर) से मौसम बदलने वाला है. अगले पांच दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई जगह हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. बारिश के साथ गर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का भी अलर्ट है.

आज कई जिलों में वज्रपात और तेज हवा को लेकर खास चेतावनी है. दक्षिणी, मध्य, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी झारखंड के कई हिस्से इसके दायरे में हैं. 

इन जिलों में बदल सकता है मौसम

अनुमान के मुताबिक़ 18 से 20 सितंबर तक भी कुछ हिस्सों में बारिश और वज्रपात का सिलसिला जारी रह सकता है. 21 और 22 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. हालांकि इन दोनों दिनों के लिए कोई खास warning जारी नहीं की गई है. अगले पांच दिनों में तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है.

रांची का मौसम कैसा रहेगा?

रांची में 17 सितंबर को दिनभर बादल छाए रह सकते हैं. इस दौरान एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 18 से 20 सितंबर के बीच भी अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 22 से 23 डिग्री के आसपास रह सकता है.

बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम

मौसम का एक और अपडेट बंगाल की खाड़ी से है. मौसम विभाग के अनुसार 19 सितंबर की शाम तक उत्तर अंडमान सागर के आसपास Low Pressure Area बन सकता है. इसके असर से आने वाले दिनों में झारखंड समेत आसपास के इलाकों में बारिश की activity बढ़ सकती है.

अब तक 876.1 मिमी बारिश

इस मानसून सीजन में 1 जून से अब तक झारखंड में 876.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है. सामान्य तौर पर इस अवधि में 927.9 मिमी बारिश होती है. यानी राज्य में अभी करीब 6 फीसदी कम बारिश हुई है.

पश्चिमी सिंहभूम सबसे आगे

बारिश के मामले में पश्चिमी सिंहभूम सबसे आगे है. यहां अब तक 1318 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है. रांची में 1066.2 मिमी, लातेहार में 1048.4 मिमी और सरायकेला-खरसावां में 1037.7 मिमी बारिश हुई है.

पाकुड़ में सबसे कम बारिश

वहीं पाकुड़ में अब तक सबसे कम 539 मिमी बारिश हुई है. चतरा में 549 मिमी, देवघर में 593 मिमी और साहिबगंज में 758.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है. आने वाले दिनों में होने वाली बारिश से राज्य में बारिश की कमी कुछ कम होने की उम्मीद है.