world-news

40 लाख रिश्वत मामले में फरार CGST एडिशनल कमिश्नर गिरफ्तार, CBI ने ऋषिकेश से पकड़ा

September 21, 2026

मुंबई CBI की एंटी करप्शन ब्रांच ने CGST के 40 लाख रिश्वत मामले में फरार चल रहे एडिशनल कमिश्नर विनय कुमार कंठेती को ऋषिकेश से पकड़ लिया है. आरोपी पर हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी CBI के सामने पेश नहीं होने का आरोप था. मामला 26 अगस्त 2026 को दर्ज किया गया था. आरोप है कि CGST खांदेश्वर, रायगढ़ के एक सुपरिटेंडेंट ने कारोबारी की फर्म से जुड़े मामले में पहले ₹1.50 करोड़ की रिश्वत मांगी थी, जिसे बाद में घटाकर ₹40 लाख कर दिया गया.

27 अगस्त को CBI ने ट्रैप लगाया. इस दौरान एक निजी व्यक्ति और कस्टम हाउस एजेंट को कथित तौर पर ₹40 लाख लेते हुए पकड़ा गया. CBI के मुताबिक, यह रकम CGST सुपरिटेंडेंट और एडिशनल कमिश्नर के लिए ली जा रही थी.

तीन लोगों को बनाया था आरोपी

मामले में सुपरिटेंडेंट राकेश कुमार सिन्हा, निजी व्यक्ति नारिंदर राजपूत और एडिशनल कमिश्नर विनय कुमार कंठेती को आरोपी बनाया गया. तीनों को कोर्ट में पेश किया गया था. हालांकि, 28 अगस्त को विशेष CBI कोर्ट ने CBI की पांच दिन की हिरासत की मांग खारिज कर दी थी और गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए आरोपियों को जमानत दे दी थी.

इसके बाद CBI ने बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया. 16 सितंबर को हाईकोर्ट ने विशेष अदालत का आदेश रद्द करते हुए आरोपियों को दो दिन की CBI हिरासत में भेज दिया. हाईकोर्ट ने रिकॉर्ड देखने के बाद माना कि आरोपियों को गिरफ्तारी के आधार लिखित रूप में बताए गए थे और उनके परिवार के सदस्यों व वकीलों को भी सूचना दी गई थी.

हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद कोर्ट के सामने नहीं आए

हाईकोर्ट के आदेश के बाद सुपरिटेंडेंट और निजी आरोपी को CBI ने हिरासत में लिया, जिसके बाद दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. वहीं, एडिशनल कमिश्नर विनय कुमार कंठेती हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद सामने नहीं आए और फरार चल रहे थे. CBI ने अब उन्हें ऋषिकेश से ट्रेस कर हिरासत में ले लिया है.

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई अब उन्हें अदालत में पेश करेगी. संभावना है कि उनसे पूछताछ के लिए सीबीआई उनकी कस्टडी की मांग भी कर सकती है. रिश्वत के इस मामले की चर्चा पूरे राज्य में थी.

जितेन्द्र कुमार शर्मा

जितेन्द्र कुमार शर्मा

साल 2002 से क्राइम और इन्वेस्टिगेशन रिपोर्टिंग का अनुभव। नवभारत टाइम्स, अमर उजाला, शाह टाइम्स के अलावा टीवी मीडिया में BAG Films के नामी शो सनसनी और रेड अलर्ट में काम किया। उसके बाद न्यूज 24, इंडिया टीवी में सेवाए दी और टीवी 9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है।

Read More

google button