entertainment

जब आमिर खान को पड़ी 4-5 घंटे तक डांट, डायरेक्टर बोलीं- तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई...

August 30, 2026

Aug 30, 2026 09:35 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

Aamir Khan: आमिर खान ने फिल्म 'दिल चाहता है' की रीयूनियन में बताया कि कैसे एक बार उनकी एक गलती की वजह से डायरेक्टर ने उन्हें 4-5 घंटे तक जमकर लताड़ा था।

Aamir Khan

आमिर खान ने बताया कि कैसे एक फिल्म की शूटिंग के दौरान लेट आना उन्हें बहुत भारी पड़ गया था।

बॉलीवुड के सुपरस्टार एक्टर आमिर खान को डांटने की बात शायद कोई सोच भी नहीं सकता है, लेकिन क्या आपको पता है कि फिल्म 'तलाश' की शूटिंग के दौरान आमिर खान को फिल्ममेकर रीमा कागती से बहुत डांट पड़ी थी। हाल ही में जब 'दिल चाहता है' की स्टार कास्ट और क्रू की एक रीयूनियन रखी गई तो यहां पर आमिर खान ने यह किस्सा सुनाया कि कैसे 'तलाश' की शूटिंग के दौरान उन्हें देरी से आने के लिए करीब 4-5 घंटे तक डांट खानी पड़ी थी। इस इवेंट में आमिर खान जोया अख्तर के साथ बातचीत में अपना एक पुराना, लेकिन यादगार किस्सा साझा कर रहे थे।

आमिर खान ने इस इवेंट में सुनाया किस्सा

इस इवेंट में आमिर खान के अलावा सैफ अली खान, डिंपल कपाडिया, सोनाली कुलकर्णी, फरहान अख्तर, रितेश सिधवानी, जावेद अख्तर, शंकर महादेवन, एहसान नूरानी और लॉय मेंडोंसा फिल्म के 25 साल पूरे होने को सेलिब्रेट कर रहे थे। आमिर खान ने बातचीत के दौरान बताया कि कैसे वह आज भी रीमा कागती के गुस्से को काबू करने की कोशिश कर रहे हैं। बता दें कि फरहान अख्तर फिल्म 'दिल चाहता है' के निर्देशक थे, और रीमा कागती इसकी असिस्टेंट डायरेक्टर थीं।

तलाश की शूटिंग के दौरान हुई ये घटना

जोया अख्तर के बारे में बातचीत के दौरान आमिर खान ने बताया कि कैसे वह अब भी उस घटना को याद करते हुए हंसी मजाक करते हैं जब फिल्म 'तलाश' (2012) की शूटिंग के दौरान रीमा उन पर काफी ज्यादा गुस्सा हो गई थीं। मालूम हो कि IMDb पर 7.3 रेटिंग वाली फिल्म 'तलाश' में रीमा कागती डायरेक्टर थीं। आमिर खान ने उस फिल्म की शूटिंग के दौरान का किस्सा साझा करते हुए कहा, "मैं उनके साथ 'तलाश' की शूटिंग कर रहा था। मैं सचिन तेंदुलकर का बहुत बड़ा फैन हूं। उनका फेयरवेल हो रहा था। सचिन और मैं बहुत अच्छे दोस्त हैं।"

इस वजह से लेट हो गए थे आमिर खान

आमिर ने बताया, "वह (सचिन) एक नेशनल आइडल हैं। सचिन ने मुझसे कहा कि यह मेरी फेयरवेल पार्टी है, इसलिए प्लीज जरूर आना। मैंने उनसे कहा कि मैं जरूर आऊंगा। उस रात हम 'तलाश' की शूटिंग कर रहे थे। रात की शूटिंग थी। मैं रीमा को जानता हूं। मैंने कहा- रीमा, यह बहुत बड़ा और जरूरी मौका है। सचिन संन्यास ले रहे हैं। मुझे जाना होगा और मुझे एक घंटा देर हो जाएगी।" वह अंदर ही अंदर बहुत नाराज थीं, लेकिन उन्होंने कहा- ठीक है, एक घंटा लेट आ जाना।" कहानी में ट्विस्ट तब आया जब आमिर वक्त पर नहीं निकल पाए। उन्हें पता था कि वह डांट खाएंगे, लेकिन मन ही मन सोचा कि सचिन की फेयरवेल के लिए इतना चलेगा।

करीब 4-5 घंटे तक डांट खाए थे आमिर

आमिर लेट हुए क्योंकि फेयरवेल पार्टी में सचिन किसी के आने का इंतजार कर रहे थे। आमिर को इतना पक्का था कि उन्हें डांट पड़ने वाली है, लेकिन इतनी ज्यादा, इसका उन्हें अंदाजा नहीं था। आमिर खान ने बताया, "शबाना (जो इस इवेंट में मौजूद थीं) उन्होंने मुझे आज तक यह बात नहीं भूलने दी है। उन्होंने मुझे करीब 4-5 घंटे तक खूब खरी-खोटी सुनाई गई थी। आमिर ने बताया कि रीमा ने उनसे कहा, "तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई देर से आने की? क्या यही तुम्हारा प्रोफेशनल रवैया है?" आमिर बोले- इतना मुझे सुनाया। मैं अभी भी उनके गुस्से को काबू करने की कोशिश कर रहा हूं।