Malviya Nagar Fire Incident: मालवीय नगर अग्निकांड में होटल मालिक लवकेश बजाज को दिल्ली हाईकोर्ट ने 4 हफ्ते की अंतरिम जमानत दे दी है।
मालवीय नगर अग्निकांड में होटल मालिक लवकेश बजाज को मिली जमानत।
- Published: 22 Sep 2026, 02:53 PM IST
- Last Updated: 22 Sep 2026, 02:57 PM IST
Malviya Nagar Fire Incident: दिल्ली हाईकोर्ट ने मालवीय नगर अग्निकांड के मामले में होटल मालिक लवकेश बजाज को स्वास्थ्य के आधार पर 4 हफ्ते की अंतरिम जमानत दे दी है। जस्टिस सचिन दत्ता की बेंच ने लवकेश बजाज को 25 हजार रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही रकम के जमानती बांड के आधार पर अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है।
हाईकोर्ट ने लवकेश बजाज को बिना कोर्ट की परमिशन के दिल्ली-NCR से बाहर जाने पर रोक लगा दिया है। कोर्ट ने लवकेश बजाज के मेडिकल रिपोर्ट पर गौर करते हुए पाया कि उसके पेट की 31 अगस्त को बड़ी सर्जरी हुई, जिसके बाद 15 सितंबर को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। रिपोर्ट के अनुसार लवकेश बजाज को दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम हो सकता है, इसे सुलझाने के लिए चिकित्सकीय प्रबंधन की जरुरत है।
1 सितंबर को चार्जशीट दाखिल
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 1 सितंबर को चार्जशीट दाखिल कर दी थी। 3 सितंबर को साकेत कोर्ट ने लवकेश बजाज, होटल के मैनेजर जय मिश्रा और कुक केसर नेगी के खिलाफ दायर चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। केसर नेगी को 27 जुलाई को जमानत मिली थी। वहीं दिल्ली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 326(जी), 324(5), 125 और 287 के तहत आरोप लगाया था।
कुक की लापरवाही से आग फैली
दिल्ली पुलिस ने लवकेश बजाज को 4 जून को और केसर नेगी को 6 जून को गिरफ्तार किया था। 8 जून को जय मिश्रा ने भी कोर्ट में सरेंडर किया था। ऐसा सामने आया था कि होटल में आग कुक केशव नेगी की लापरवाही के कारण फैली थी, आग लगने के बाद केशव नेगी खुद को बचाने के लिए भाग गया। पुलिस का कहना है कि केशव नेगी इलेक्ट्रिक स्टोव पर खाना बना रहा था, उसी दौरान उसमें धमाका हो गया।
धमाके के बाद नेगी ने पावर सप्लाई बंद कर दी, जिससे होटल के इलेक्ट्रॉनिक दरवाजे बंद हो गए और कई लोग होटल के अंदर ही फंसे रह गए। होटल में 2 कमरे थे। होटल से निकलने के लिए केवल एक ही रास्ता था। होटल की खिड़कियों को स्थायी रुप से बंद कर दिया गया था,
सेंसर संचालित मुख्य दरवाजा था। मालवीय नगर के होटल में 3 जून को सुबह करीब 8 बजे आग लग गई थी, इस हादसे में बेसमेंट में फंसे 22 लोगों की धुएं और आग की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इस हादसे में दर्जनों लोग घायल हो गए थे। मृतकों में ज्यादातर विदेशी हैं। बचाव के दौरान आग और धुएं की चपेट में आने से कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए थे।