दुर्ग-भिलाई3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

दुर्ग जिले में डाटा एंट्री का काम देने के नाम पर 39 लाख 33 हजार 560 रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने भिलाई के एक कारोबारी को नोएडा की कंपनी में डाटा एंट्री का काम दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद डाटा खराब होने की बात कहकर उसे ठीक करने और सॉफ्टवेयर खरीदने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा कराए। शिकायत के बाद दुर्ग पुलिस ने उत्तराखंड के हल्द्वानी से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार।
इंडिया मार्ट के जरिए कारोबारी से किया संपर्क पुलिस के मुताबिक, नेहरू नगर भिलाई निवासी राजेश कुमार चौरसिया (57) ने 2 जुलाई 2026 को सुपेला थाने की स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2025 में इंडिया मार्ट के जरिए मोबाइल नंबर पर उनसे संपर्क किया गया। उन्हें नोएडा की ग्रीन रेस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में डाटा एंट्री का काम देने की बात कही गई।
इसके बाद कंपनी के साथ समझौता कर उन्हें मेडिकल, स्टील कारोबार, निर्माण और आयात-निर्यात से जुड़ा डाटा भरने का काम दिया गया। शुरुआत में काम सामान्य तरीके से कराया गया, लेकिन बाद में डाटा खराब होने की बात कहकर पैसे मांगने शुरू कर दिए गए।
डाटा ठीक करने और सॉफ्टवेयर खरीदने के नाम पर वसूली शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कारोबारी को बताया कि डाटा खराब हो गया है और उसे ठीक करने के लिए अलग-अलग सॉफ्टवेयर की जरूरत होगी। इसके लिए उनसे कई बार अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई गई। इस तरह कारोबारी के आईडीएफसी बैंक खाते से कुल 39,33,560 रुपए ले लिए गए। पैसे वापस नहीं मिलने पर कारोबारी ने पुलिस से शिकायत की। मामले में सुपेला थाने की स्मृतिनगर चौकी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
बैंक खातों और मोबाइल नंबरों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों और मोबाइल नंबरों से जुड़ी तकनीकी जानकारी जुटाई। इसके आधार पर आरोपियों की लोकेशन उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी में मिली। इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पुलिस ने पूछताछ और मिले साक्ष्यों के आधार पर राम निवास (42) और राहुल बिष्ट (23) को गिरफ्तार किया। राम निवास उत्तर प्रदेश के बरेली जिले का रहने वाला है और फिलहाल हल्द्वानी में रह रहा था। वहीं, राहुल बिष्ट हल्द्वानी का निवासी है। पुलिस ने दोनों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस मामले में आरोपियों की भूमिका और ठगी से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
.