technology

38 करोड़ यूजर्स को झटका! Airtel ने महंगे किए ये 4 रिचार्ज प्लान, इतनी बढ़ गई कीमत

August 14, 2026

38 करोड़ यूजर्स को झटका! Airtel ने महंगे किए ये 4 रिचार्ज प्लान, इतनी बढ़ गई कीमत

एयरटेल प्रीपेड रिचार्ज प्लानImage Credit source: Magnific/File Photo

एयरटेल ने भारत में अपने चार प्रीपेड रिचार्ज प्लान बंद कर दिए हैं. इनमें 299 रुपये वाला लोकप्रिय प्लान भी शामिल है. कंपनी ने 579 रुपये, 619 रुपये और 649 रुपये के प्लान को भी अपनी लिस्ट से हटा दिया है. इनकी जगह कुछ महंगे विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 5 से 16 फीसदी तक ज्यादा है. यानी अब आपको इन रिचार्ज के लिए हर महीने करीबन 50 रुपये ज्यादा खर्च करने पड़ेंगे. इस बदलाव के बाद एक बार फिर टैरिफ बढ़ोतरी की चर्चा तेज हो गई है, हालांकि एयरटेल ने अभी किसी बड़े टैरिफ हाइक का ऐलान नहीं किया है. हालांकि, ये प्लान अब कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर नहीं आ रहे हैं. भारत में एयरटेल के 38 करोड़ से ज्यादा मोबाइल यूजर्स हैं, जिन्हें अब ज्यादा कीमत देकर मोबाइल रिचार्ज कराना होगा.

299 रुपये वाला प्लान बंद, अब 349 रुपये का पैक

एयरटेल का 299 रुपये वाला प्लान 28 दिनों के लिए रोज 1.5 जीबी डेटा देता था. अब यह प्लान उपलब्ध नहीं है और इसी तरह के विकल्प के तौर पर 349 रुपये का पैक दिया जा रहा है. इसमें भी 28 दिनों की वैलिडिटी मिलती है, लेकिन रोज 2 जीबी डेटा मिलता है. यानी ग्राहकों को पहले के मुकाबले 50 रुपये ज्यादा देने होंगे. कीमत के हिसाब से यह करीब 16 फीसदी की बढ़ोतरी है. हालांकि, नए प्लान में रोजाना डेटा भी ज्यादा मिलता है.

579, 619 और 649 रुपये वाले प्लान भी हटे

299 रुपये के अलावा एयरटेल ने 579, 619 और 649 रुपये वाले प्रीपेड प्लान भी बंद कर दिए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, इन कैटेगरी में मिलने वाले रिप्लेसमेंट प्लान की कीमत करीब 5 से 16 फीसदी तक ज्यादा है. इससे एयरटेल के प्रीपेड ग्राहकों के लिए उपलब्ध प्राइस पॉइंट्स की संख्या कम हो गई है. हालांकि, कम कीमत वाले 199 रुपये और 219 रुपये के प्लान अभी उपलब्ध हैं. 199 रुपये वाले प्लान में 28 दिनों के लिए कुल 2 जीबी डेटा मिलता है, जबकि 219 रुपये वाले प्लान में 28 दिनों के लिए कुल 3 जीबी डेटा मिलता है.

क्या आने वाली है बड़ी टैरिफ बढ़ोतरी?

एयरटेल के प्लान में बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब टेलीकॉम इंडस्ट्री में एक और टैरिफ बढ़ोतरी की चर्चा चल रही है. सेंटरम इंस्टीट्यूशनल रिसर्च की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रिलायंस जियो, एयरटेल और वोडाफोन आइडिया अगले तीन से चार महीनों में प्रीपेड कीमतों में 15 फीसदी तक की बढ़ोतरी कर सकते हैं. रिपोर्ट में 12 से 15 फीसदी तक टैरिफ हाइक की उम्मीद जताई गई है. हालांकि, एयरटेल की ओर से अभी किसी व्यापक कीमत बढ़ोतरी की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.

फिलहाल टैरिफ हाइक की पुष्टि नहीं

एयरटेल का मौजूदा कदम टैरिफ बढ़ोतरी का शुरुआती संकेत हो सकता है, लेकिन इसे अभी पूरी तरह टैरिफ हाइक कहना जल्दबाजी होगी. फिलहाल बदलाव कुछ चुनिंदा प्लान तक ही सीमित दिखाई दे रहा है. एयरटेल से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया मांगी गई है और कंपनी के बयान के बाद स्थिति और साफ हो सकती है. यूजर्स के लिए फिलहाल इतना तय है कि कुछ पुराने रिचार्ज विकल्प खत्म हो गए हैं और उनकी जगह मिलने वाले कुछ प्लान महंगे हैं. जियो और वीआई की ओर से भी इसी तरह के बदलाव होते हैं या नहीं, इस पर भी नजर रहेगी.

ये भी पढ़ें: 7000mAh बैटरी वाला मोटोरोला का नया 5G फोन आज होगा लॉन्च, कीमत और फीचर्स जानें

विशाल मैथिल

विशाल मैथिल

भोपाल के रहने वाले हैं. कम्प्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन और मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद डिजिटल मीडिया में कदम रखा. दैनिक भास्कर से शुरुआत हुई. इसके बाद टाइम्स नाउ नवभारत और अमर उजाला जैसे संस्थान में टेक जर्नलिस्ट के दौर पर करने के बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े हैं. सोशल मीडिया कैंपेन को लीड करने और हिंदी मैग्जीन में भी काम करने का मौका मिला. फिलहाल टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और स्मार्टफोन की खबरें आप तक आसान भाषा में पहुंचाने का काम कर रहे हैं. गैजेट्स कंपेरिजन, गैजेट्स रिव्यूज और मोबाइल रिचार्ज जैसे टॉपिक्स पर भी अच्छी पकड़ रखते हैं. रिसर्च, एक्‍सप्‍लेनर, डाटा स्‍टोरी और इंफोग्राफिक्स के साथ जटिल खबरों को आसानी से कहने और टेक जगत की छोटी-बड़ी अपडेट आप तक पहुंचाने का हुनर रखते हैं. गैजेट्स के अलावा किताबों और म्यूजिक में भी खूब मन लगता है.

Read More

google button