रायगढ़ जिले के धसकामुड़ा गांव में 'ऑपरेशन अंकुश' के तहत छाल पुलिस ने जुए के 5 फड़ों पर छापा मारकर 33 जुआरियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस की गिरफ्त में सभी जुआरी
- Published: 20 Jul 2026, 03:52 PM IST
- Last Updated: 20 Jul 2026, 03:52 PM IST
अमित गुप्ता- रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जुआ के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन अंकुश' के तहत छाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रायगढ़-कोरबा बॉर्डर स्थित ग्राम धसकामुड़ा में संचालित जुए के फड़ों पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 33 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 90 लाख रुपये मूल्य की सात चारपहिया वाहन, 57,140 रुपये नकद, 5 गैस लाइट और खुडखुडिया जुआ खेलने की सामग्री जब्त की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
मेला स्थल के बाहर चल रहा था जुए का फड़
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रहे 'ऑपरेशन अंकुश' के तहत छाल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायगढ़-कोरबा सीमा पर स्थित ग्राम धसकामुड़ा के मेला स्थल के बाहर बड़े पैमाने पर खुडखुडिया जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर पांच अलग-अलग जुआ फड़ों पर एक साथ दबिश दी।
रायगढ़ जिले के धसकामुड़ा गांव में 'ऑपरेशन अंकुश' के तहत छाल पुलिस ने जुए के 5 फड़ों पर छापा मारकर 33 जुआरियों को गिरफ्तार किया।@RaigarhDist@RaigarhPolice#Chhattisgarh pic.twitter.com/xA5hLCdfQK
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) July 20, 2026
33 जुआरी गिरफ्तार, लाखों की संपत्ति जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 33 जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से एक इनोवा, दो बोलेरो, दो अर्टिगा, एक KIA और एक ऑल्टो कार समेत करीब 90 लाख रुपये मूल्य की सात चारपहिया वाहन, 57,140 रुपये नकद, 5 गैस लाइट और जुआ खेलने की सामग्री बरामद की गई।
पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं, जो धसकामुड़ा बस्ती के बाहरी इलाके में एकत्र होकर खुडखुडिया जुआ खेल रहे थे। छाल पुलिस ने सभी 33 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।
रायगढ़ जिले के धसकामुड़ा गांव में 'ऑपरेशन अंकुश' के तहत छाल पुलिस ने जुए के 5 फड़ों पर छापा मारकर 33 जुआरियों को गिरफ्तार किया। @RaigarhDist @RaigarhPolice #Chhattisgarh pic.twitter.com/6fSjUYtajR
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) July 20, 2026
अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि, रायगढ़ जिले में 'ऑपरेशन अंकुश' के तहत अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)