world-news

30 साल पुरानी दुश्मनी का खूनी अंत! चचेरे भाई ने कुल्हाड़ी से काटकर की हत्या, बोला- 'बाप का बदला लिया'

July 28, 2026

30 साल पुरानी दुश्मनी का खूनी अंत! चचेरे भाई ने कुल्हाड़ी से काटकर की हत्या, बोला- 'बाप का बदला लिया'

पोस्टमार्टम के बाहर मौजूद परिजन

Etawah Murder Case: उत्तर प्रदेश इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम चिकनी में मंगलवार सुबह मकान निर्माण को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. चचेरे भाई ने किसान विनय उर्फ बकील की कुल्हाड़ी और डंडे से हमला कर हत्या कर दी. वारदात के बाद गांव में दहशत फैल गई. आक्रोशित परिजनों ने कई घंटे तक शव को मौके से नहीं उठने दिया और स्थानीय पुलिस पर पहले से चल रहे विवाद में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए थाना अध्यक्ष और चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. अधिकारियों के आश्वासन के बाद शाम करीब चार बजे शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. उधर, पुलिस ने घटना के लगभग दो घंटे के भीतर आरोपी रामकुमार उर्फ गुड्डू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया.

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब नौ बजे विनय उर्फ बकील अपने मकान का लेंटर डलवाने की तैयारी कर रहा था. निर्माण कार्य के दौरान मिस्त्री द्वारा तैयार किया जा रहा मसाला पड़ोसी रामकुमार उर्फ गुड्डू के टीनशेड पर गिर गया. इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए निर्माण कार्य रुकवाने की बात कही. विवाद बढ़ने पर विनय ने काम बंद करा दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद आरोपी कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और पीछे से गर्दन पर पहला वार कर दिया. इसके बाद उसने डंडे और कुल्हाड़ी से लगातार कई प्रहार किए. गंभीर चोटों के कारण विनय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी फरार हो गया.

परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया. मृतक के छोटे भाई अनिल, जो मथुरा जिले के कोसीकलां में सिक्योरिटी सुपरवाइजर हैं, ने आरोप लगाया कि दोनों परिवारों के बीच पिछले करीब एक महीने से दीवार निर्माण को लेकर विवाद चल रहा था. कई बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते हत्या जैसी घटना हुई. परिजनों ने थाना अध्यक्ष और चौकी प्रभारी को निलंबित करने की मांग करते हुए कई घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया. बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.

मृतक विनय उर्फ बकील खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था. वह दो भाइयों में बड़ा था. घटना के समय उसका छोटा भाई अनिल सुबह पांच बजे मजदूरों को वेतन देने के लिए कोसीकलां गया हुआ था. वहीं आरोपी रामकुमार उर्फ गुड्डू पहले दिल्ली में निजी नौकरी करता था और पिछले कुछ समय से गांव में रहकर खेती का काम देख रहा था. उसकी पत्नी कई वर्ष पहले उसे छोड़कर चली गई थी. उसके एक पुत्र और एक पुत्री दिल्ली में रहते हैं.

दीवार निर्माण को लेकर हुआ था विवाद

मृतक के साले के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच दीवार निर्माण को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था. इस मामले में पुलिस ने पहले दोनों पक्षों को शांति भंग की कार्रवाई में पाबंद भी किया था. बाद में मृतक पक्ष ने तहसील भरथना में शिकायत की, जहां राजस्व विभाग की ओर से नापजोख कराई गई. ग्रामीणों का कहना है कि नाप के बाद संबंधित भूमि मृतक पक्ष की बताई गई थी, लेकिन विवाद समाप्त नहीं हुआ. आरोप है कि उस दौरान भी आरोपी ने लेखपाल की मौजूदगी में अभद्रता की थी. तीन दिन पहले दीवार का निर्माण पूरा हुआ था और मंगलवार को यह विवाद हत्या में बदल गया.

क्या है मामला?

परिजनों का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच करीब 30 वर्ष पुरानी रंजिश भी चली आ रही थी. बताया जाता है कि जमीन विवाद में मृतक के पिता रामस्वरूप ने आरोपी के पिता रामनरेश पर कुल्हाड़ी से हमला किया था. पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के बाद पूछताछ में आरोपी ने इसी पुराने विवाद का जिक्र करते हुए हत्या करना स्वीकार किया और दावा किया कि उसने वर्षों पुरानी दुश्मनी का बदला लिया है. हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी के इस बयान सहित पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए हत्यारोपी ने कहा 30 साल पहले विनय के बाप ने मेरे बाप पर कुल्हाड़ी से हमला करके घायल किया था, आज इसलिए विनय की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी.

पुलिस मुठभेड़ में आरोपी घायल

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीशचंद्र ने बताया कि बकेवर पुलिस ने सूचना के आधार पर गांव से बाहर घेराबंदी की. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और डंडा, एक अवैध 315 बोर तमंचा, तीन जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं. घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसके खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

उवैस चौधरी

उवैस चौधरी

उवैस चौधरी को पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब 13 से अधिक वर्षों का अनुभव है. नेशनल न्यूज चैनल GNN में बतौर स्ट्रिंगर जिला संवाददाता के रूप में उन्होंने करियर की शुरुआत की. उसके बाद APN News, Hindi Khabar, One India.com , Bhaskar.com , Navbharat.com , Republic Bharat Channel, India Daily Live जैसे संस्थानों में रहे. उनकी वीडियो कंटेंट और डिजिटल कंटेंट पर अच्छी पकड़ है. क्राइम और राजनीति की खबरों में दिलचस्पी अधिक हैं. करीब 7 वर्ष तक Bhaskar.com में काम करने के चलते डिजिटल खबरों की अच्छी जानकारी है. भास्कर में बतौर स्टाफ रिपोर्टर भी काम कर चुके हैं. घूमने का शौक रखते हैं. कानपुर यूनिवर्सिटी से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है.  वर्तमान में Tv9 डिजिटल में बतौर जिला संवाददाता के रूप कार्यरत हैं.

Read More

google button