सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की अमृतसर में गोली मारकर हत्या की गई थी। - फाइल फोटो
पंजाबी इन्फ्लुएंसर व मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू उर्फ मधुसूदन हत्याकांड में पंजाब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जोबनप्रीत को मुंबई (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जालंधर की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने मुंबई एटीएस के साथ मिलकर की।
.
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 पिस्टल, 5 मैगजीन और 11 कारतूस बरामद किए हैं। इसकी पुष्टि पंजाब DGP गौरव यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर की है।
अमृतसर में 3 अक्टूबर को मैड संधू की हत्या की गई थी। वह लोहरका रोड स्थित एक कार-वॉशिंग पॉइंट पर अपनी कार लेने पहुंचे थे। तभी बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उनके सीने से सटाकर गोलियां मारीं। गंभीर रूप से घायल मधुसूदन को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस मामले में अब तक 10 के करीब गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

DGP गौरव यादव की ओर से जारी पोस्ट में आरोपी से इस हथियारों की बरामदगी दिखाई गई है।
पंजाब DGP ने सोशल मीडिया पर ये जानकारी दी
- विदेशी हैंडलर्स के निर्देश पर काम कर रहा था जोबनप्रीत: पंजाब के DGP गौरव यादव ने अपने X हैंडल पर पोस्ट शेयर कर इस कार्रवाई की जानकारी दी। उनके मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि जोबनप्रीत विदेशी धरती पर बैठे हैंडलर्स के निर्देश पर काम कर रहा था। उस पर शूटरों तक हथियार पहुंचाने, वारदातों के लिए फंडिंग करने और अन्य लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध करवाने में भूमिका निभाने का आरोप है।
- 3 घटनाओं में इनवॉल्वमेंट समाने आई: जांच में आरोपी की तरनतारन जिले में फिरौती से जुड़ी फायरिंग की 3 घटनाओं में संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस इन मामलों में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।
- आरोपी के संपर्क ट्रेस कर रही पुलिस: पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे गिरोह की गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि हथियारों और पैसों की व्यवस्था कहां से की जाती थी और विदेश में बैठे हैंडलर्स के साथ आरोपियों के संपर्क किस तरह बने हुए थे।
- गैंगस्टर नेटवर्क खत्म करने पर काम जारी: DGP गौरव यादव के मुताबिक, पंजाब पुलिस संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों को कानून के कटघरे में लाने और राज्य में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए अभियान जारी रहेगा।
मैड संधू के बारे में जानिए
अमृतसर के रहने वाले 26 वर्षीय मैड संधू सोशल मीडिया पर LGBTQ+ कम्युनिटी की आवाज उठाने, फैशन और मेकअप कंटेंट के लिए जाने जाते थे। इंस्टाग्राम पर उनके 2.2 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे और उन्होंने कुछ पंजाबी फिल्मों व गानों में भी काम किया था। अपने कंटेंट और पहनावे के कारण वह अक्सर ट्रोलर्स के निशाने पर रहते थे और कुछ समय पहले एक निहंग सिख ने भी उनके कंटेंट पर सार्वजनिक रूप से आपत्ति जताई थी।
पुलिस जांच के अनुसार, यह कोई अचानक हुआ हमला नहीं था, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी। विदेश में बैठे गैंगस्टर्स ने पंजाब में अपना आतंक फैलाने और फिरौती का नेटवर्क मजबूत करने के लिए मैड संधू को निशाना बनाया।
हत्या के तुरंत बाद पटियाला के गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस कत्ल की जिम्मेदारी ली, जो फिलहाल ब्रिटेन (UK) में छिपा हुआ माना जा रहा है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस हत्याकांड के तार पाकिस्तान के डॉन शहजाद भट्टी और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े हैं।

मैड संधू हत्याकांड में कब-क्या हुआ
- 3 अक्टूबर 2026: शाम करीब 6 बजे अमृतसर के लोहरका रोड पर मैड संधू कार-वॉशिंग सेंटर से अपनी कार लेने पहुंचे। बाइक सवार दो शूटरों ने बेहद करीब से उन पर 4-5 राउंड फायरिंग की और फरार हो गए। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
- 4 अक्टूबर 2026: फरार गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इस हत्या की जिम्मेदारी ली। पुलिस ने FIR दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना और जांच शुरू की।
- 8 अक्टूबर 2026: पंजाब पुलिस और गुजरात पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर मुख्य शूटर परमिंदर सिंह उर्फ काका को अहमदाबाद (गुजरात) से गिरफ्तार किया। जांच में कुल 6 लोगों की संलिप्तता का खुलासा हुआ।
- 11 अक्टूबर 2026: गुजरात एटीएस और वलसाड पुलिस ने वलसाड जिले के वापी से 3 और आरोपियों; हरसिमरनजीत सिंह उर्फ सिमू सिंग्गा, फतेह सिंह और अरमान सिंह को दबोचा, जो गोल्डी ढिल्लों के सीधे संपर्क में थे।
- 13 अक्टूबर 2026: अमृतसर पुलिस ने गुजरात से 2 और मुख्य संदिग्धों (हरसिमरन और फतेह सिंह, निवासी तरनतारन) को दबोचा जिन्होंने मर्डर से पहले इलाके की रेकी की थी।
- 14 अक्टूबर 2026: पंजाब के DGP गौरव यादव ने जानकारी दी कि इस केस का मुख्य आरोपी जोबनप्रीत सिंह मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। इसके पास से 3 पिस्टल और कारतूस मिले हैं। यह विदेशी हैंडलर्स के इशारे पर शूटरों को हथियार और फंडिंग सप्लाई कर रहा था।
॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰
यह खबर भी पढ़ें…
मैड संधू हत्याकांड में गुजरात से दो और आरोपी गिरफ्तार, विदेश में बैठे हैंडलरों से जुड़े तार, तरनतारन में फायरिंग की 3 वारदातें भी सुलझीं

अमृतसर पुलिस ने चर्चित मैड संधू हत्याकांड में गुजरात से दो और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान तरनतारन निवासी हरसिमरन सिंह और फतेह सिंह के रूप में हुई है। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पढ़ें पूरी खबर…