world-news

इमरान खान को मुंबई पुलिस का नोटिस: 28 अक्टूबर तक छोड़ना होगा भारत

October 15, 2026

Imran Khan to Leave India, After Anti- CEC Protest: बॉलीवुड एक्टर आमिर खान के भांजे और फिल्म ‘जाने तू... या जाने ना’ से पहचान बनाने वाले इमरान खान एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि मुंबई पुलिस की कार्रवाई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है.

एक्टर को हाल ही में मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए एक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद हिरासत में लिया गया था. पुलिस के मुताबिक, इमरान अमेरिकी नागरिक हैं और भारतीय नागरिक नहीं होने के बावजूद राजनीतिक प्रदर्शन में शामिल हुए थे. इसी आधार पर उनके खिलाफ इमिग्रेशन कानून के संबंधित प्रावधान के तहत कार्रवाई की गई है.

28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस क्यों?

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने इमरान खान को देश छोड़ने का निर्देश दिया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक्टर को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ना होगा. यह कार्रवाई उनकी नागरिकता और विरोध प्रदर्शन में उनकी भागीदारी से जुड़ी बताई जा रही है.

पुलिस का कहना है कि इमरान भारतीय नागरिक नहीं हैं. ऐसे में प्रदर्शन में उनकी भागीदारी को लेकर इमिग्रेशन कानून के संबंधित प्रावधान के तहत कार्रवाई की गई है. हालांकि, इस मामले में नोटिस की पूरी कानूनी प्रक्रिया और आगे की स्थिति को लेकर अधिकृत जानकारी सामने आना बाकी है.

क्या था अगस्त क्रांति मैदान का पूरा मामला?

दरअसल, 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन हुआ था. इस प्रदर्शन में इमरान खान भी शामिल हुए थे. प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मुख्य चुनाव आयुक्त अपने पद से इस्तीफा दें.

एक्टर इमरान खान, फोटो- इंस्टाग्राम
एक्टर इमरान खान, फोटो- इंस्टाग्राम

इस दौरान मुंबई पुलिस ने इमरान खान समेत सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया था. पुलिस ने यह कार्रवाई प्रदर्शन स्थल पर जुटी भीड़ को नियंत्रित करने और बिना अनुमति आयोजित सभा को रोकने के लिए की थी. बाद में इमरान खान को रिहा कर दिया गया था. लेकिन अब इस मामले में उनकी नागरिकता को लेकर अलग से कार्रवाई की खबर सामने आई है.

ये भी पढ़ें: फिल्मों में 'फ्लॉप', सड़क पर 'हीरो', पुलिस ने रोका तो इमरान बोले- 'जय हिंद', वीडियो देखें

अमेरिकी नागरिक हैं इमरान खान

इमरान खान बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता आमिर खान के भांजे हैं. वह लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री से दूर हैं, लेकिन उनकी निजी जिंदगी और पब्लिक एक्टिविटी को लेकर अक्सर चर्चा होती रहती है. रिपोर्ट के मुताबिक, इमरान अमेरिकी नागरिक हैं. इसी वजह से प्रदर्शन में उनकी भागीदारी को लेकर सवाल उठे.

इससे पहले बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने भी इमरान खान की नागरिकता का मुद्दा उठाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी. उन्होंने पुलिस से यह जांच करने को कहा था कि क्या एक विदेशी नागरिक को इस तरह के राजनीतिक प्रदर्शन में हिस्सा लेने की अनुमति है. इसके बाद मामला और चर्चा में आ गया.

ये भी पढ़ें: इमरान खान की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, BJP नेता किरीट सोमैया ने विदेश जाने पर रोक लगाने की अपील की