world-news

नाकाबंदी देख गांजा और कार में लगाई आग: महासमुंद में 28.465 किलो गांजा बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार, एक जंगल में भागा - Mahasamund News

September 20, 2026

महासमुंद जिले के बसना में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। नाकाबंदी देखकर भाग रहे तस्करों ने अपनी कार रोककर उसमें रखे गांजे और वाहन में आग लगा दी। आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की,

.

कार की तलाशी लेने पर डिक्की से तीन अधजली प्लास्टिक बोरियों में 28.465 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा, वेगनआर कार और दो मोबाइल फोन समेत कुल 18 लाख 53 हजार 250 रुपए की संपत्ति जब्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।

डिक्की से 3 अधजली बोरियों में मिला गांजा

डिक्की से 3 अधजली बोरियों में मिला गांजा

नाकाबंदी देखकर कार मोड़ी, पुलिस ने पीछा किया

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से काले रंग की वेगनआर कार क्रमांक MP 18 ZH 8555 तेज रफ्तार से बसना की ओर आ रही है। सूचना के आधार पर पुलिस और ANTF की टीम ने थाने के सामने सड़क पर नाकाबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू की।

कार नाकाबंदी के पास पहुंची तो चालक ने पुलिस को देखकर अचानक वाहन मोड़ दिया और तेज रफ्तार से भागने लगा। टीम ने तुरंत कार का पीछा शुरू किया। पीछा करते हुए पुलिस ग्राम चोरभट्ठी से मेदनीपुर मार्ग तक पहुंची।

18.53 लाख की संपत्ति जब्त

18.53 लाख की संपत्ति जब्त

कार रोककर गांजे की बोरियों में लगा दी आग

पुलिस का पीछा बढ़ता देख आरोपियों ने कार रोक दी। इसके बाद पुलिस से बचने और कथित तौर पर साक्ष्य मिटाने के लिए कार के अंदर रखी गांजे से भरी बोरियों में आग लगा दी। फिर कार को लॉक कर भागने लगे।

पुलिस और ANTF की टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी जंगल की ओर भागकर फरार हो गया।

कार के भीतर आग जलती देखकर पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों की मदद ली। कार का सामने का शीशा तोड़कर अंदर लगी आग बुझाई गई। इसके बाद कार की डिक्की की तलाशी ली गई, जहां तीन अधजली प्लास्टिक बोरियों में 28.465 किलो गांजा मिला।

ओडिशा से गांजा लेकर शहडोल जाने की बात

पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के बलांगीर निवासी विनोद राणा से गांजा लेकर अपने साथी शिवा सिंह के साथ शहडोल, मध्यप्रदेश जा रहे थे। आरोपियों के मुताबिक, रास्ते में पुलिस की नाकाबंदी देखकर उन्होंने कार मोड़कर भागने की कोशिश की। पकड़े जाने के डर से गांजे और कार में आग लगाकर साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया गया।

NDPS एक्ट और BNS के तहत कार्रवाई

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट और BNS की अलग-अलग धाराओं के तहत कार्रवाई की है। मामले में दो आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।