टेस्ला इंडिया ने वाहन बिक्री के पहले वित्त वर्ष में दर्ज की 247 करोड़ रुपए की कमाई, मुनाफा 5 करोड़ रुपए के पार
टेस्ला इंडिया ने वाहन बिक्री के पहले वित्त वर्ष में दर्ज की 247 करोड़ रुपए की कमाई, मुनाफा 5 करोड़ रुपए के पार
IANS
26 Oct 2026
10:35 IST
New Update
/newsnation/media/media_files/thumbnails/202610263991772-363720.jpg)
(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)
नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। एलन मस्क की इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) निर्माता कंपनी टेस्ला इंडिया मोटर्स एंड एनर्जी ने भारत में वाहन बिक्री शुरू करने के बाद अपने पहले पूर्ण वित्तीय वर्ष में मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 247.31 करोड़ रुपए का राजस्व (रेवेन्यू) और 5.16 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ (नेट प्रॉफिट) दर्ज किया। कंपनी की नियामकीय फाइलिंग के अनुसार, परिचालन से होने वाला राजस्व एक वर्ष पहले के 20.83 करोड़ रुपए के मुकाबले लगभग 12 गुना बढ़ गया।
एलन मस्क की इस ईवी कंपनी के लिए वित्त वर्ष 2026 बेहद खास रहा, क्योंकि यही पहला वर्ष था जब वाहन बिक्री ने उसके राजस्व में प्रत्यक्ष योगदान दिया। इससे पहले वित्त वर्ष 2025 में कंपनी की पूरी आय केवल सेवाओं से संबंधित गतिविधियों से आई थी। वित्त वर्ष 2026 में कुल राजस्व का लगभग 87 प्रतिशत हिस्सा वाहन बिक्री से आया, जिससे 214.69 करोड़ रुपए की आय हुई। वहीं सेवाओं से कंपनी को 32.40 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ।
कंपनी के मुनाफे में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। वित्त वर्ष 2025 में जहां शुद्ध लाभ केवल 55.49 लाख रुपए था, वहीं वित्त वर्ष 2026 में यह बढ़कर 5.16 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। यह वृद्धि ऐसे समय में हुई जब टेस्ला ने 2025 में मुंबई में अपना पहला शोरूम शुरू कर भारतीय बाजार में अपनी उपस्थिति का विस्तार किया।
हालांकि बिक्री का आधार अभी अपेक्षाकृत छोटा है, लेकिन मांग में तेजी के संकेत स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। सितंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच कंपनी ने भारत में 346 वाहनों का पंजीकरण दर्ज किया था। इसके मुकाबले अप्रैल से सितंबर वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में ही पंजीकरण बढ़कर 650 इकाइयों तक पहुंच गया, जो पूरे पिछले वर्ष की बिक्री से अधिक है।
औसत मासिक वाहन पंजीकरण भी शुरुआती चरण के लगभग 49 वाहनों से बढ़कर 108 वाहन प्रति माह तक पहुंच गया, जो भारतीय बाजार में कंपनी की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाता है।
कंपनी ने अपने वित्तीय आधार को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त पूंजी निवेश भी किया। फाइलिंग के अनुसार, वित्त वर्ष 2026 के दौरान टेस्ला ने अपनी भारतीय इकाई में लगभग 86 करोड़ रुपए की नई पूंजी डाली। इसके साथ ही संपत्ति, संयंत्र एवं उपकरण तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं पर कंपनी का पूंजीगत व्यय बढ़कर 62.54 करोड़ रुपए हो गया, जबकि पिछले वर्ष यह केवल 1.16 करोड़ रुपए था।
इस बीच, अक्टूबर में एलन मस्क ने टेक्सास स्थित स्पेसएक्स परिसर में कंपनी की नई रोडस्टर स्पोर्ट्स कार का प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन के दौरान एक प्रोटोटाइप वाहन कुछ समय के लिए जमीन से ऊपर उठा और सुरक्षित रूप से वापस उतरा। इस प्रदर्शन की तुलना उड़ने वाली कारों की अवधारणा से की गई और इसने वैश्विक स्तर पर काफी चर्चा बटोरी।
–आईएएनएस
डीबीपी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें! विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें
