भोपाल16 मिनट पहलेलेखक: विशाल त्रिपाठी
- कॉपी लिंक

राजधानी की सड़कों पर सफर हर दिन जान जोखिम में डालने जैसा साबित हो रहा है। भोपाल कमिश्नरेट की ट्रैफिक पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों से जुटाए आंकड़ों के आधार पर एक सर्वे रिपोर्ट तैयार की है। इसमें शहर के बुनियादी ढांचे और इंजीनियरिंग की गंभीर खामियां सामने आई हैं।
पुलिस ने शहर के चारों जोन में कुल 242 एक्सीडेंट प्रोन एरिया चिह्नित किए हैं। सर्वे की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ज्यादातर हादसों की वजह केवल वाहन चालकों की रफ्तार नहीं, बल्कि निर्माण एजेंसियों की ओर से छोड़ी गई तकनीकी खामियां हैं।
यानी अधूरी रोटरी, खराब कट-पॉइंट्स, मिसिंग डिवाइडर और नदारद साइनेज। पुलिस ने इन सभी 242 स्पॉट्स पर दुर्घटना के सटीक कारणों का विश्लेषण करते हुए पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया और मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन की जवाबदेही तय की है।
सर्वे में सामने आईं 5 बड़ी लापरवाहियां... जरा संभलकर चलाएं वाहन
1. पीडब्ल्यूडी: जरूरत से बड़ी रोटरी और गलत कट-पॉइंट्स बन रहे परेशानी…
नेहरू नगर चौराहे की रोटरी से विजिबिलिटी बाधित है, जिसे छोटा करने और लेफ्ट टर्न बनाने की सिफारिश है। प्लेटिनम प्लाजा-जवाहर चौक पर छोटे डिवाइडर कट टकराव बढ़ाते हैं। बैरागढ़-चिरायु अस्पताल मार्ग पर सर्विस रोड नहीं होने से हादसे हो रहे हैं।
2. एनएचएआई व एमपीआरडीसी: हाईवे पर बिना रम्बल स्ट्रिप, ब्लिंकर के कट्स…
करोंद चौराहे का निर्माण अधूरा है, सिग्नल पीछे शिफ्ट करने की जरूरत है। 11 मील पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने हाइट-गेज बैरियर और अतिक्रमण हटाने होंगे। अयोध्या नगर-बायपास के सीधे कट्स पर एनएचएआई को सिग्नल और रम्बल स्ट्रिप लगानी हैं।
3. नगर निगम: अंधे मोड़, गायब स्ट्रीट लाइट्स व बेतरतीब गमले बने मुसीबत
मछलीघर के सामने सजावटी गमलों से टर्निंग पर ट्रैफिक नहीं दिखने से टक्कर हो रही है। अशोका गार्डन में मोड़ों पर कॉन्वेक्स मिरर नहीं हैं। शाहपुरा के दानापानी रोड, शैतान पाल तिराहे और लक्ष्मण नगर में स्ट्रीट लाइट बंद होने से हादसों का खतरा है।
4. मेट्रो प्रोजेक्ट: चल रहे निर्माण कार्यों के बीच अधूरी सुरक्षा, हो रहे हादसे
प्रभात चौराहा व हमीदिया-बैरसिया रोड पर मेट्रो निर्माण के कारण सड़कें संकरी हो चुकी हैं। प्रभात चौराहा पर रोटरी न होने और सुभाष नगर आरओबी के 10 मीटर के पक्के डिवाइडर के कारण लोग धड़ल्ले से रॉन्ग साइड चल रहे हैं।
पुलिस की दो-टूक... इन चार सुधारों से 50% तक घट सकते हैं हादसे... खजूरी सड़क के 24 स्पॉट और कोलार-चूनाभट्टी में रम्बल स्ट्रिप लगें। व्यापम चौराहा, 10 नंबर स्टॉप, अब्बासनगर और डीपीएस तिराहे पर लेफ्ट टर्न चौड़े हों। डीबी मॉल, कोर्ट चौराहा, बोर्ड ऑफिस पर सिग्नल-जेब्रा क्रॉसिंग बनें। टीटी नगर की झाड़ियां छंटें, अन्ना नगर-पीरगेट से अतिक्रमण हटे।

.