Published: Wednesday, September 2, 2026, 16:39 [IST]
Malini Sharma: बॉलीवुड में कई ऐसे कलाकार रहे हैं, जिन्होंने कम समय में ही अपनी एक अलग पहचान बना ली लेकिन बाद में अचानक ग्लैमर की दुनिया से दूर हो गए। मालिनी शर्मा भी ऐसा ही एक नाम हैं। साल 2002 में रिलीज हुई हॉरर फिल्म 'राज' में उन्होंने भले ही मुख्य भूमिका नहीं निभाई थी लेकिन उनके किरदार ने दर्शकों के बीच खास जगह बनाई थी।
फिल्म 'राज' से मिली थी मालिनी शर्मा को पॉपुलैरिटी
फिल्म के चर्चित गाने 'आपके प्यार में' में मालिनी शर्मा की मौजूदगी ने उनकी पॉपुलैरिटी को और बढ़ा दिया था। उस वक्त ऐसा लगने लगा था कि अब उनका फिल्मी करियर नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा लेकिन इसके उलट मालिनी ने धीरे-धीरे फिल्मों और लाइमलाइट से दूरी बनानी शुरू कर दी। देखते ही देखते वह बड़े पर्दे, फिल्मी इवेंट्स और ग्लैमर की दुनिया से लगभग गायब हो गईं।
मॉडलिंग से शुरू हुआ था मालिनी शर्मा का सफर
-मालिनी शर्मा ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। इसके बाद वह उस दौर के कई पॉपुलर म्यूजिक वीडियोज का हिस्सा बनीं। 'क्या सूरत है' और 'सावन में लग गई आग' जैसे गानों ने उन्हें युवाओं के बीच काफी पहचान दिलाई।
-म्यूजिक वीडियोज के बाद मालिनी शर्मा ने टेलीविजन की ओर भी रुख किया और शो 'C.A.T.S.' में काम किया। इसी दौरान उन्हें फिल्ममेकर विक्रम भट्ट की हॉरर फिल्म 'राज' में काम करने का मौका मिला था।
फिल्म 'राज' ने बदल दी थी मिताली शर्मा की पहचान
साल 2002 में रिलीज हुई 'राज' मूवी में बिपाशा बसु और डिनो मोरिया लीड रोल में थे। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी और हॉरर जॉनर की चर्चित फिल्मों में शामिल हुई। फिल्म के साथ मालिनी शर्मा का नाम भी दर्शकों के बीच तेजी से पॉपुलर हुआ। खास तौर पर आपके प्यार में गाने में उनका अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आया था। फिल्म के बाद उनके पास आगे बढ़ने के मौके भी थे लेकिन उन्होंने इंडस्ट्री में लगातार काम करने के बजाय एक अलग रास्ता चुन लिया।
करियर के पीक पर ही फिल्मों से बना ली दूरी
-मालिनी शर्मा के करियर से जुड़ी सबसे दिलचस्प बात ये है कि उन्होंने उस समय बॉलीवुड से दूरी बनाई, जब उनके पास आगे काम करने के अवसर मौजूद थे। साल 2002 में वह फिल्म Encounter से जुड़ी थीं लेकिन शूटिंग शुरू होने से पहले ही उन्होंने इस प्रोजेक्ट से हटने का फैसला किया।
-इसके बाद मिताली शर्मा का झुकाव एक्टिंग से हटकर कैमरे के पीछे और अपनी पसंद के दूसरे कामों की ओर बढ़ने लगा। उन्होंने बॉलीवुड छोड़ने को लेकर कोई बड़ा ऐलान नहीं किया। बस धीरे-धीरे फिल्मों में उनकी मौजूदगी कम होती गई और एक समय ऐसा आया जब वह पूरी तरह लाइमलाइट से दूर हो गईं।
मिताली ने लोकल प्रोडक्ट्स और खेती को बनाया जिंदगी का हिस्सा
-फिल्मी दुनिया से दूरी बनाने के बाद मालिनी शर्मा ने अपनी जिंदगी को बिल्कुल अलग दिशा दी। उन्होंने 'The Slow Local' नाम से एक पहल शुरू की, जिसके जरिए स्थानीय खान-पान, हस्तशिल्प, वर्कशॉप और घर में तैयार होने वाले प्रोडक्ट्स को बढ़ावा दिया गया।
-मुंबई के वर्सोवा में शुरू किए गए इस काम में घर की बनी ब्रेड, कॉफी, ग्रेनोला, जैम, पीनट बटर और तेल जैसे प्रोडक्ट्स शामिल थे। इसके अलावा बच्चों के लिए वर्कशॉप आयोजित करने के साथ-साथ पौधों, सिरेमिक्स और हैंडीक्राफ्ट से जुड़े काम भी किए गए।
-कभी फिल्मों के सेट और कैमरों के बीच रहने वाली मालिनी शर्मा की जिंदगी अब इन चीजों के इर्द-गिर्द घूमने लगी थी। उन्होंने ग्लैमर से दूर एक ऐसी दुनिया चुनी, जहां प्रकृति, खाना, खेती और स्थानीय उत्पाद उनकी प्राथमिकता बन गए।
सह्याद्रि की पहाड़ियों में बनाया अपना नया ठिकाना
-समय के साथ मालिनी शर्मा का ये सफर महाराष्ट्र की सह्याद्रि पहाड़ियों तक पहुंच गया। अब वो पुणे के आसपास एक फार्मस्टे से जुड़ी हैं, जहां लोग प्रकृति के करीब कुछ सुकून भरे पल बिताने पहुंचते हैं। यहां वो फल और सब्जियां उगाती हैं और फार्म पर तैयार होने वाली चीजों का इस्तेमाल मेहमानों के लिए खाना बनाने में भी किया जाता है।
-पेड़-पौधों की देखभाल से लेकर स्थानीय और घर में बने प्रोडक्ट्स पर काम करने तक, मालिनी शर्मा की मौजूदा जिंदगी उनके बॉलीवुड के दिनों से बिल्कुल अलग नजर आती है। उनकी जिंदगी अब फिल्मों की चकाचौंध से ज्यादा प्रकृति और सादगी के करीब है। वो खेती, पौधों और शांत वातावरण के बीच अपना समय बिताना पसंद करती हैं।
24 साल बाद फिर कैमरे के सामने आईं मालिनी शर्मा
बॉलीवुड से दूरी के बावजूद मालिनी ने कैमरे से अपना रिश्ता पूरी तरह खत्म नहीं किया। अब वो 'The Slow Local Diaries' के जरिए अपनी मौजूदा जिंदगी की झलक सोशल मीडिया पर शेयर करती हैं। इन वीडियोज में उनके आज के जीवन के साथ-साथ पुराने फिल्मी दिनों की यादें भी देखने को मिलती हैं। 'राज' मूवी से जुड़ी यादों और वर्तमान जिंदगी का ये मेल उनके पुराने फैंस के लिए काफी खास बन गया है।
सोशल मीडिया पर अचानक फिर वायरल हुईं मालिनी शर्मा
-मालिनी शर्मा की कहानी सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों ने उन्हें दोबारा पहचानना शुरू कर दिया। उनकी सादगी भरी जिंदगी की तस्वीरें और वीडियोज इंटरनेट पर तेजी से वायरल होने लगे। बताया जाता है कि वायरल होने से पहले उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 644 फॉलोअर्स थे लेकिन लोगों की दिलचस्पी बढ़ने के बाद महज एक सप्ताह में यह संख्या 28 हजार से ज्यादा हो गई।
-लोगों के इस जबरदस्त प्यार के बाद मालिनी शर्मा ने खुद एक वीडियो शेयर कर सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें इतने बड़े रिस्पॉन्स की उम्मीद नहीं थी और लोगों का प्यार देखकर वह इमोशनल हैं।
मालिनी के फार्मस्टे पर बढ़ी लोगों की दिलचस्पी
मालिनी शर्मा की कहानी वायरल होने का असर उनके फार्मस्टे पर भी देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग वहां ठहरने और उनकी मौजूदा जिंदगी को करीब से देखने के लिए संपर्क करने लगे। लगातार फोन आने के बाद मालिनी ने लोगों से अपील की कि बुकिंग के लिए फोन करने के बजाय व्हॉट्सऐप के जरिए संपर्क करें।
मालिनी शर्मा ने चुनी सुकून भरी जिंदगी
मालिनी शर्मा की कहानी इस बात की मिसाल है कि सफलता का मतलब हमेशा कैमरे, शोहरत और ग्लैमर के बीच रहना नहीं होता। कभी-कभी इंसान अपने लिए उस जिंदगी को चुनता है, जिसमें उसे असली सुकून मिलता है। 'राज' मूवी की एक्ट्रेस ने भी कुछ ऐसा ही किया और फिल्मी दुनिया की चकाचौंध से दूर प्रकृति के बीच अपनी एक नई पहचान बना ली।