world-news

बमबाजी में घायल महिला की मौत पर अयोध्या-लखनऊ में हंगामा: शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन, 22 दिन पहले बेटे की हत्या हुई थी - Ayodhya News

September 15, 2026

अयोध्या के कंदैला में बेटे की हत्या के बाद घायल मां ने भी मंगलवार को लखनऊ के KGMU में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह 25 अगस्त को हुई फायरिंग में गंभीर रूप से घायल हुई थीं। महिला की मौत के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

.

मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे पार्वती देवी (60) का शव शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर कंदैला गांव पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

इसके बाद भीम आर्मी और मौर्य समाज के लोग भी बड़ी संख्या में गांव पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शनि सिंह और राज सिंह की गिरफ्तारी की मांग की।

हंगामे की 3 तस्वीरें देखिए-

कंदैला गांव में लोगों ने पार्वती का शव सड़क पर रखकर हंगामा किया।

कंदैला गांव में लोगों ने पार्वती का शव सड़क पर रखकर हंगामा किया।

लखनऊ में भी परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इससे मोर्चरी के बाहर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

लखनऊ में भी परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इससे मोर्चरी के बाहर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

अयोध्या के कंदैला में मंगलवार रात DM-SSP भी पहुंचे। परिवार वालों को समझाया।

अयोध्या के कंदैला में मंगलवार रात DM-SSP भी पहुंचे। परिवार वालों को समझाया।

22 दिन पहले सड़क पर बम फेंके, फिर गोलियां चलाई थीं

अयोध्या में 25 अगस्त को रामलगन मौर्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शाम करीब 6 बजे रामलगन अपनी मां पार्वती देवी के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन पर पहले बम फेंका।

धमाके में मां-बेटे घायल होकर सड़क पर गिर गए। इसके बाद रामलगन पर 8 राउंड गोलियां चलाई गईं। इसमें उनकी मौके पर मौत हो गई, जबकि मां पार्वती देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।

DM-SSP गांव पहुंचे, सपा नेता हाउस अरेस्ट

मामले की गंभीरता को देखते हुए DM शशांक त्रिपाठी और SSP डॉ. गौरव ग्रोवर गांव पहुंचे। एसडीएम आदित्य विक्रम अग्रवाल, SP सिटी, CO आशुतोष तिवारी समेत कई थानों की पुलिस गांव में तैनात है। अधिकारी परिजनों से बात कर रहे हैं।

वे कार्रवाई का भरोसा देकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को मनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच सपा की पूर्व MLC लीलावती कुशवाहा ने आरोप लगाया कि उन्हें पीड़ित परिवार से मिलने से रोका गया। पुलिस उनके आवास पर तैनात है। उन्हें हाउस अरेस्ट किया गया है।

तस्वीर 25 अगस्त की है। कंदैला में जमीन की रंजिश में रामलगन मौर्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव के पास रोती-बिलखती घायल उनकी मां।

तस्वीर 25 अगस्त की है। कंदैला में जमीन की रंजिश में रामलगन मौर्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव के पास रोती-बिलखती घायल उनकी मां।

स्वामी प्रसाद मौर्य बोले- पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए

लखनऊ में अपनी पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि अयोध्या पुलिस-प्रशासन दो-तीन और लाशें गिरने का इंतजार कर रहा है। पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए।इस मामले में सरकार की सबसे बड़ी नाकामी है कि 15 दिन बाद भी नामजद आठ आरोपियों में से सिर्फ तीन की गिरफ्तारी हुई है।

बाकी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और परिवार को धमकियां दे रहे हैं। मौर्य ने आरोप लगाया कि अयोध्या पुलिस की गुंडे-माफिया और अपराधियों से मिलीभगत है। इसी वजह से आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं।

उन्होंने कहा कि वे जल्द ही पीड़ित परिवार के साथ DGP से मुलाकात करेंगे। अगर सरकार ने समय रहते गुंडाराज और जंगलराज पर रोक नहीं लगाई तो बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा।

लखनऊ में स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा- अब तक सिर्फ तीन आरोपियों को ही पुलिस गिरफ्तार कर सकी है।

लखनऊ में स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा- अब तक सिर्फ तीन आरोपियों को ही पुलिस गिरफ्तार कर सकी है।

लखनऊ में भी डेढ़ घंटे चला हंगामा, तीन थानों की फोर्स तैनात रही

महिला की मौत के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य समर्थकों के साथ मोर्चरी पहुंचे। वहां अन्य दलों के भी समर्थक थे। सभी आक्रोशित होकर नारेबाजी करने लगे। इस दौरान लाश वाहन के सामने समर्थक बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। पुलिस प्रशासन और योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान स्वामी प्रसाद मौर्या भी वहां खड़े रहे।

सभी को पुलिस लगातार शांत कराती रही। मौके पर तीन थाने ठाकुरगंज, चौक और वजीरगंज की फोर्स और पीएसी मौजूद रही। एसीपी चौक शुभम सिंह भी लगातार समझाते रहे।

मौके पर जेसीपी लॉ एंड ऑर्डर बबलू कुमार पहुंचे। समर्थकों की भीड़ देखकर वह उग्र हो गए। स्वामी प्रसाद की गिरफ्तारी करने की बात कह दी। उनकी बात सुनते ही स्वामी प्रसाद के समर्थक भड़क गए। पुलिस और समर्थकों में तीखी नोकझोंक हो गई। इस दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य और बबलू प्रसाद में भी जमकर बहस हुई। करीब डेढ़ घंटे हंगामा चला।

अयोध्या के कंदैला गांव के बाहर सड़क पर फोर्स तैनात रही। पूछताछ के बाद ही गांव में एंट्री दी गई।

अयोध्या के कंदैला गांव के बाहर सड़क पर फोर्स तैनात रही। पूछताछ के बाद ही गांव में एंट्री दी गई।

3 नामजद आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम

कंदैला गोलीकांड में मीरा सिंह, विजयभान सिंह और विजय प्रताप सिंह को नामजद किया गया है। पुलिस ने इनके खिलाफ BNS की धारा 103, 109 समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। तीनों के फरार होने पर अयोध्या एसएसपी ने 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।

पुलिस ने मामले में राजमणि, सचिन उपाध्याय, प्रज्वल सिंह, दीपक प्रजापति, मनीष शर्मा और इंद्रभानु सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई की है। इसके बावजूद तीनों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

8 महीने पहले भी हुआ था खूनी संघर्ष

राम लगन के भाई सुधाकर मौर्य ने बताया- हमले में राजसिंह के अलावा फूलचंद, राम लखन मौर्य समेत 7 से 8 लोग शामिल थे। उन लोगों ने 7-8 राउंड फायरिंग की और 2 से 3 बम फेंके। हमले में मेरे भाई की तुरंत मौत हो गई थी।

करीब 8 महीने पहले आबादी की जमीन और रास्ते को लेकर झगड़ा हुआ था। उस दौरान लाठी-डंडों से हुई मारपीट में राजसिंह के रिश्तेदार सूर्यभान सिंह की मौत हो गई थी। जबकि हमारे पक्ष के 3 लोग घायल हुए थे। इस मामले में मुकदमा भी दर्ज हुआ था। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही थी।

--------------------

ये खबर भी पढ़िए-

यूपी में पति-पत्नी के अर्धनग्न शव मिले: सलवार पहने पति पेड़ से लटका था; 1km दूर नदी में मिली पत्नी, पैर बंधे थे

यूपी के बिजनौर में पति-पत्नी के शव जंगल में मिले। पति का शव पेड़ से लटका था। शरीर पर सिर्फ पत्नी की सलवार थी। अंगूठा फंदे में फंसा था। पत्नी का शव गंगा किनारे झाड़ियों में पड़ा था। लाश अर्धनग्न थी। शरीर का आधा हिस्सा पानी में था। दोनों पैर दुपट्टे से बंधे थे। पढ़ें पूरी खबर…