world-news

पलवल: खाटू श्याम से लौटते वक्त KMP पर 6 की मौत, 14 गंभीर घायल, 21 श्रद्धालुओं को लेकर जा रही पिकअप खड़े ट्रक से टकराई  - Haribhoomi

September 1, 2026

पलवल में KMP एक्सप्रेसवे पर  दुर्घटना के बाद पिकअप और ट्रक दोनों के चालक मौके से फरार हैं। सभी घायलों को पलवल के जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हांलाकि पुलिस मामले की जांच और चालकों की तलाश कर रही है।

Palwal KMP Accident.

पलवल में खाटू श्याम से लौटते वक्त KMP भीषण हादसे में 6 श्रद्धालुओं की हुई मौत।

  • Published: 01 Sep 2026, 10:54 AM IST
  • Last Updated: 01 Sep 2026, 10:55 AM IST

पलवल: हरियाणा के पलवल जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक टाटा पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को पलवल के जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।

खाटू श्याम और सालासर बालाजी के दर्शन कर लौट रहे थे
पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के किशनपुर मुरैया, मकोया, चांदा और आसपास के गांवों से करीब 21 श्रद्धालु शुक्रवार को धार्मिक यात्रा पर निकले थे। सोमवार शाम सभी ने राजस्थान के खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद वे मथुरा के वृंदावन जाने के लिए पिकअप से रवाना हुए थे।

मंगलवार तड़के पलवल जिले की सीमा में KMP एक्सप्रेसवे पर पहुंचने के बाद पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

6 लोगों की हुई मौत
अस्पताल में डॉक्टरों ने विजय सिंह, राजकुमार, रेशमा देवी, कमला देवी, सुधा और महेश को मृत घोषित किया। वहीं सुनील, श्वेता यादव, बीरेश, उमेद, विनोद कुमार, सरला, रूबी, रामसेवक, रवि, वाणी, वीनू, तन्नू, रेखा और गोरा देवी घायल हुए हैं।

हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। वहीं पिकअप चालक सुधीर के भी फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार चालकों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस मृतकों के परिजनों के आने का इंतजार कर रही है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल की जांच की जा रही है।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi  या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।